Stuffed Chili Pickle Recipe: भारतीय खाने की थाली में अगर अचार न हो, तो जैसे कुछ अधूरा सा लगता है. खासकर जब बात हो भरवा मिर्ची के अचार की, तो इसका नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. हल्का तीखा, खट्टा और मसालेदार स्वाद इसे हर उम्र के लोगों का फेवरेट बना देता है. अच्छी बात ये है कि इसे घर पर बनाना उतना मुश्किल नहीं है, जितना लोग सोचते हैं. बस थोड़ी सी समझ और सही तरीका अपनाकर आप बिल्कुल बाजार जैसा नहीं, बल्कि उससे भी ज्यादा टेस्टी अचार तैयार कर सकते हैं. इस आर्टिकल में हम आपको भरवा मिर्ची का अचार बनाने का आसान और देसी तरीका बता रहे हैं, जिसमें हर स्टेप को सरल भाषा में समझाया गया है.
साथ ही कुछ छोटे-छोटे टिप्स भी मिलेंगे, जिससे आपका अचार लंबे समय तक खराब नहीं होगा और स्वाद भी बरकरार रहेगा, अगर आप भी खाने का जायका बढ़ाना चाहते हैं, तो ये रेसिपी आपके लिए बिल्कुल परफेक्ट है.
घर पर भरवा मिर्ची का अचार बनाने का आसान तरीका
1. मिर्ची की सही तैयारी सबसे जरूरी
सबसे पहले बाजार से ताजी और मोटी मिर्ची लें. इन्हें अच्छे से धोकर 5-10 मिनट धूप में रख दें, ताकि पानी पूरी तरह सूख जाए, अगर मिर्ची में नमी रह गई, तो अचार जल्दी खराब हो सकता है. इसके बाद मिर्ची के डंठल हटाकर अंदर के बीज निकाल लें. मिर्ची को अंदर से खाली करना जरूरी है, ताकि मसाला अच्छी तरह भर सके.
2. मसाला तैयार करने का देसी तरीका
अब बारी आती है अचार के मसाले की, जो इसका असली स्वाद तय करता है. इसके लिए सौंफ, सरसों और मेथी दाना लें. सरसों और मेथी को हल्का पीस लें, जबकि सौंफ को साबुत ही रखें. इसके बाद इसमें हल्दी, लाल मिर्च, अजवाइन, कलौंजी और नमक मिलाएं. खट्टापन लाने के लिए आमचूर पाउडर जरूर डालें. साथ ही धनिया पाउडर डालकर मसाले को और खुशबूदार बनाएं.
3. सरसों का तेल मिलाने का सही तरीका
अब इस मसाले में धीरे-धीरे सरसों का तेल मिलाएं. ध्यान रखें कि तेल एकदम से ज्यादा न डालें, बल्कि थोड़ा-थोड़ा करके मिलाएं. मसाला न ज्यादा सूखा हो और न ही बहुत ज्यादा गीला. सरसों का कच्चा तेल इस्तेमाल करने से अचार का स्वाद बिल्कुल देसी और ऑथेंटिक आता है.
4. मिर्ची में मसाला भरने की आसान ट्रिक
अब तैयार मसाले को एक-एक करके मिर्ची के अंदर भरें, अगर ज्यादा मात्रा में अचार बना रहे हैं, तो कोन की मदद से भरना आसान रहेगा. मसाला भरते समय ध्यान रखें कि मिर्ची पूरी तरह भर जाए, ताकि हर बाइट में अच्छा स्वाद आए.
5. स्टोर करने और पकाने का तरीका
सारी मिर्ची को एक सूखे कांच या अच्छे प्लास्टिक के जार में रखें. ऊपर से थोड़ा सा सरसों का तेल डाल दें, ताकि अचार लंबे समय तक सुरक्षित रहे. अब इस जार को 10-15 दिनों तक धूप में रखें. हर 2-3 दिन में हल्का हिलाते रहें, जिससे मसाला अच्छी तरह सेट हो जाए. कुछ ही दिनों में आपका स्वादिष्ट भरवा मिर्ची का अचार खाने के लिए तैयार हो जाएगा.
कुछ जरूरी टिप्स जो काम आएंगे
अचार बनाते समय सफाई का खास ध्यान रखें. पानी या नमी बिल्कुल न रहने दें. हमेशा सूखे चम्मच से ही अचार निकालें. ज्यादा समय तक चलाने के लिए तेल की मात्रा सही रखें.