Rohat Mogar Kachori : राजस्थान की तपती गर्मी में जब तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच जाता है, तब सबसे ज्यादा मुश्किल सड़क पर सफर कर रहे ट्रक ड्राइवरों के लिए होती है. ऐसे में पाली-जोधपुर हाईवे पर एक जगह है, जहां हर गुजरने वाला ट्रक जरूर रुकता है – रोहट. वजह है यहां की मशहूर मोगर कचौरी, जो स्वाद के साथ-साथ भरोसे का भी नाम बन चुकी है. खास बात यह है कि यह कचौरी भीषण गर्मी में भी अगले दिन तक खराब नहीं होती, इसलिए ड्राइवर इसे सफर के लिए पैक करवा कर ले जाते हैं. करीब 57 साल पहले एक ट्रक ड्राइवर की मांग पर शुरू हुई यह कहानी आज एक परंपरा बन चुकी है. बिना प्याज-लहसुन और खास देसी मसालों से बनी यह कचौरी अब देश ही नहीं, विदेशों तक अपनी पहचान बना चुकी है.