Lemon Water Recipe: गर्मी आते ही सबसे पहले जिस ड्रिंक का नाम दिमाग में आता है, वो है नींबू पानी. घर हो, ऑफिस हो या सड़क किनारे की दुकान-हर जगह इसकी अपनी अलग पहचान है. थकान मिटानी हो, बॉडी को ठंडक देनी हो या बस कुछ हल्का-फुल्का पीना हो, नींबू पानी हर मौके पर फिट बैठता है. लेकिन एक बात आपने जरूर नोटिस की होगी-घर पर बनाया गया नींबू पानी अक्सर वैसा स्वाद नहीं देता जैसा बाहर मिलता है. कई बार वही नींबू, वही चीनी और वही नमक इस्तेमाल करने के बाद भी फर्क रह जाता है. असल में दिक्कत सामग्री में नहीं, बल्कि बनाने के तरीके में होती है.

छोटी-छोटी गलतियां इस साधारण ड्रिंक का पूरा स्वाद बदल देती हैं. सबसे बड़ी बात, गलत तरीके से बनाने पर इसके फायदे भी कम हो जाते हैं, अगर आप भी चाहते हैं कि आपका नींबू पानी हर बार रेस्टोरेंट जैसा टेस्टी और फ्रेश बने, तो आपको बस कुछ आसान चीजें सही तरीके से अपनानी होंगी. इस आर्टिकल में हम आपको वही सही तरीका बता रहे हैं, जिससे आपकी शिकंजी का स्वाद बिल्कुल अलग लेवल पर पहुंच जाएगा.

सबसे बड़ी गलती जो लोग करते हैं
ज्यादातर लोग एक ही तरीका अपनाते हैं-ठंडा पानी लिया, उसमें चीनी डाली और फिर नींबू निचोड़ दिया. सुनने में ये आसान लगता है, लेकिन यही सबसे बड़ी गलती है. ठंडे पानी में चीनी आसानी से नहीं घुलती. आप चाहे कितना भी चम्मच घुमाएं, चीनी पूरी तरह मिक्स नहीं होती. इससे स्वाद भी सही नहीं आता और नीचे मीठापन जमा रह जाता है. दूसरी गलती ये है कि हम सिर्फ नींबू का रस इस्तेमाल करते हैं, जबकि असली खुशबू और फ्लेवर उसके छिलके में छिपा होता है.

परफेक्ट नींबू पानी बनाने का सही तरीका

1. पहले बनाएं चीनी का घोल
सबसे पहले थोड़ा गुनगुना पानी लें और उसमें चीनी डालकर अच्छे से घोल लें. इससे एक स्मूद सिरप तैयार हो जाएगा. अब इस घोल को ठंडे पानी में मिलाएं. इससे आपका ड्रिंक बिल्कुल बैलेंस्ड और स्मूद लगेगा.

2. नींबू को रोल करना न भूलें
नींबू काटने से पहले उसे हल्के हाथ से स्लैब या टेबल पर रोल करें. इससे अंदर के फाइबर ढीले हो जाते हैं और रस ज्यादा निकलता है. ये छोटा सा ट्रिक आपके ड्रिंक को ज्यादा जूसी बना देता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

3. छिलके का जादू
नींबू काटने से पहले उसके ऊपर का पीला हिस्सा हल्का कद्दूकस करें. इसे ही लेमन जेस्ट कहते हैं. इसे अपने पानी में मिलाएं. इससे ड्रिंक में नेचुरल खुशबू और फ्रेशनेस आ जाती है. ध्यान रखें, सफेद हिस्सा कद्दूकस न करें, वरना स्वाद कड़वा हो सकता है.

4. सिर्फ नमक नहीं, सही कॉम्बिनेशन
अगर आप सिर्फ साधारण नमक डालते हैं, तो स्वाद अधूरा रह जाता है. थोड़ा काला नमक और भुना हुआ जीरा पाउडर मिलाएं. ये दोनों चीजें नींबू पानी को एकदम देसी और मजेदार फ्लेवर देती हैं.

5. पुदीने का फ्रेश टच
पुदीने की कुछ पत्तियां हाथ से हल्का मसलकर डालें. इससे ड्रिंक में कूलिंग इफेक्ट आता है और स्वाद भी ताजगी भरा लगता है. चाहें तो थोड़ा बर्फ भी डाल सकते हैं, लेकिन बहुत ज्यादा नहीं.

कुछ एक्स्ट्रा टिप्स जो फर्क डालते हैं
हमेशा ताजा नींबू इस्तेमाल करें. ज्यादा खट्टा या ज्यादा मीठा न करें, बैलेंस जरूरी है. अगर चाहें तो थोड़ा शहद भी डाल सकते हैं. गिलास ठंडा हो तो ड्रिंक और अच्छा लगता है. नींबू पानी बनाना जितना आसान लगता है, उतना ही इसमें छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है. सही तरीका अपनाने से वही सिंपल ड्रिंक एकदम रिफ्रेशिंग और टेस्टी बन सकता है. अगली बार जब भी शिकंजी बनाएं, इन टिप्स को जरूर अपनाएं और फर्क खुद महसूस करें.



Source link

Write A Comment