Last Updated:
Bharwa Lal Mirch Achar: भरवा मिर्च का अचार बेहद लोकप्रिय है. इस आसान रेसिपी के जरिए आप घर पर ही कम मेहनत में ताजा और मसालेदार भरवा मिर्च अचार तैयार कर सकते हैं. आज हम आपको इस अचार को घर पर तैयार करने का एक जबरदस्त और आसान तरीका बताने जा रहे हैं, जिसका इस्तेमाल करते हुए आप इसे बेहद कम मेहनत में घर पर ही तैयार कर सकते हैं. (रिपोर्ट: पिंटू अवस्थी/छतरपुर)
मध्य प्रदेश के छतरपुर में भरवा मिर्च का अचार बेहद लोकप्रिय है. लाल मिर्च का भरवा अचार खाने में काफी स्वादिष्ट होता है. इसे बनाना भी काफी आसान है. इसे आप नमकीन से लेकर रोटी और पराठे के साथ भी खा सकते हैं. हालांकि भरवा अचार में मसालों का अनुपात और खटास का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. अचार किसी भी साधारण खाने को चटपटा बना देता है और अगर यह लाल मिर्च वाला भरवा अचार हो, तो देखते ही मुंह में पानी आ जाता है.
छतरपुर निवासी गृहिणी राजकुमारी ने लोकल 18 के साथ लाल मिर्च का भरवा अचार बनाने की विधि साझा करते हुए कहा कि इस अचार को घर पर तैयार करने के लिए आपको भरवा लाल मिर्च के साथ सरसों, सौंफ, जीरा, हींग, मेथी, नमक, हल्दी पाउडर, सरसों का तेल, सिरका और पिसी हुई लाल मिर्च की जरूरत पड़ेगी. सबसे पहले इन सभी सामानों को इकट्ठा करके अचार के लिए जरूरी मसाले को तैयार करना होता है.
अचार बनाने के लिए सबसे पहले मिर्च को धोकर अच्छी तरह सुखा लें. वहीं अगर आपके पास थोड़ा समय हो, तो इसे 2 से 3 घंटे तक धूप में जरूर रखें. भरवा मिर्च का अचार दो तरीके से बनाया जा सकता है. आप चाहें तो मिर्च पर बीच में चीरा लगाकर अचार तैयार कर सकते हैं या फिर इसे बिना चीरा लगाए भी बना सकते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
सबसे पहले मिर्च के ऊपर के हिस्से को काटकर अंदर मौजूद सभी बीज को निकालना होगा. आप चाहें तो बिना बीज हटाए भी अचार तैयार कर सकते हैं. मसाला बनाने के लिए सबसे पहले मसाला मिश्रण में मौजूद सभी गरम मसालों को अच्छी तरह भून लें. इसके बाद मसाले में हल्दी, नमक, मिर्च, अमचूर पाउडर आदि डालकर अच्छी तरह मिला लें.
एक पैन में सौंफ, मेथी दाना और राई को हल्का भून लें. ठंडा होने के बाद इन्हें दरदरा पीस लें. अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, अमचूर और नमक मिलाकर अचार का मसाला तैयार कर लें. अब इसमें अचार की मात्रा के अनुसार सरसों का तेल और एक चम्मच सिरका मिलाएं. अब अचार के लिए आपका मसाला तैयार हो चुका है. अब बारी है इस मसाले को मिर्च में भरने की.
अगर आपने मिर्च को बीच में से चीरा लगाया है, तो आप इसे मिर्च के अंदर खाली हुई जगह पर भर सकते हैं. अगर आप इसे बिना चीरा लगाए बनाना चाहते हैं, तो मिर्च के ऊपरी हिस्से को काटकर उसमें मसाला भरें. मिर्च में मसाला भरने के लिए आप किसी छोटी लकड़ी का प्रयोग भी कर सकते हैं.
ध्यान रहे कि मसाला मिर्च के साइज के अनुसार ही भरा जाए क्योंकि अधिक मसाला भरने पर मिर्च सूखते समय फट सकती है. मसाला भरने के बाद इसे 4 से 5 दिन तक जार में बंद कर रख दें. इसके बाद सरसों के तेल को गर्म करके थोड़ा ठंडा करें और इसे कांच के बर्तन या चीनी मिट्टी के जार में डाल दें.
ऐसा करने से मिर्च का अचार खराब नहीं होगा और एक साल तक सुरक्षित रहेगा. ध्यान रहे कि जार में पर्याप्त तेल होना चाहिए ताकि मिर्च तेल में अच्छी तरह डूब सकें. इस तरह अचार सालभर तक खराब नहीं होगा. इस भरवां लाल मिर्च को आप पराठे-पूड़ी और रोटी के साथ पेयर कर सकते हैं.