Last Updated:
How to Make Soya Kebab Recipe: मानसून में अगर शाम की चाय के साथ कुछ स्वादिष्ट और हेल्दी खाने का मन है, तो बाजार से महंगे कबाब खरीदने की जरूरत नहीं है. घर पर सोया चंक्स से बेहद स्वादिष्ट और प्रोटीन से भरपूर सोयाबीन कबाब आसानी से तैयार किए जा सकते हैं. बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट ये कबाब स्वाद में किसी रेस्टोरेंट के कबाब से कम नहीं लगेंगे. खास बात यह है कि इन्हें बनाने में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती है. गरमा-गरम चाय और चटपटी हरी चटनी के साथ परोसे जाने वाले ये सोयाबीन कबाब मानसून की शाम का मजा दोगुना कर देंगे. जानिए घर पर आसानी से सोयाबीन कबाब बनाने की रेसिपी.
घर पर आसानी से बनने वाले ये सोयाबीन कबाब स्वाद और सेहत दोनों के मामले में बाजार के महंगे कबाब को कड़ी टक्कर देते हैं. इन्हें बनाना बहुत आसान है और यह आपके पूरे परिवार को जरूर पसंद आएंगे. सबसे खास बात यह है कि इसमें आपको कोई भी ऐसी चीजों को शामिल करने की जरूरत नहीं है जो आपकी हेल्थ को नुकसान दे बल्कि यह कबाब तो प्रोटीन से भरपूर है और मानसून में आपके नाश्ते का जायका बढ़ा देंगे.
इस शानदार रेसिपी की शुरुआत करने के लिए सबसे पहले एक कप सोया चंक्स यानी सोयाबड़ी लें. इन्हें उबलते हुए पानी में लगभग 10 से 15 मिनट के लिए भिगोकर रख दें ताकि वे अच्छी तरह फूल जाएं. जब सोयाबीन नरम हो जाएं, तब गैस बंद कर दें और इन्हें पानी से निकालकर ठंडे पानी से धो लें. अब अपने हाथों या किसी साफ सूती कपड़े की मदद से सोया चंक्स का सारा एक्स्ट्रा पानी अच्छी तरह निचोड़ लें, ताकि कबाब में नमी न रहे.
पानी पूरी तरह निकालने के बाद उबले हुए सोया चंक्स को एक मिक्सी के जार में डालें. इन्हें बिना पानी के दरदरा पीस लें ताकि यह मांस के कीमे जैसा टेक्सचर ले लें. पिसे हुए सोयाबीन को एक बड़े बर्तन में निकाल लें. अब इसमें उबले हुए आलू को कद्दूकस करके मिलाएं, जो कबाब को आपस में बांधने का काम करेगा. अगर आप आलू का इस्तेमाल नहीं करना चाहते हैं तो आप तीन-चार चम्मच बेसन का इस्तेमाल कर सकते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
स्वादिष्ट और कुरकुरे कबाब तैयार करने के लिए इस मिश्रण में बारीक कटा हुआ प्याज, अदरक-लहसुन का पेस्ट और बारीक कटी हरी मिर्च मिलाएं. इसके बाद इसमें स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला और थोड़ा सा अमचूर पाउडर डालकर चटपटा बनाएं. मिक्सचर को और ज्यादा कुरकुरा और क्रिस्पी बनाने के लिए इसमें दो से तीन चम्मच भुना हुआ बेसन या कॉर्नफ्लोर मिलाएं.
अब इस तैयार मिक्सचर से थोड़ा-थोड़ा हिस्सा हाथ में लें और इसे टिक्की या रोल कबाब का मनपसंद आकार दें. आप चाहें तो इन्हें गोल चपटा या बेलनाकार शेप दे सकते हैं. अगर आपके पास समय है तो इन्हें 10 से 15 मिनट के लिए फ्रिज में सेट होने के लिए रख दें ताकि तलते समय ये टूटे नहीं और आकार बरकरार रहे.
कबाब को पकाने के लिए आप शैलो फ्राई या डीप फ्राई दोनों तरीकों का इस्तेमाल कर सकते हैं. एक कड़ाही में तेल मध्यम आंच पर गर्म करें और तैयार कबाब को सावधानी से तेल में डालें.इन्हें दोनों तरफ से सुनहरा भूरा और क्रिस्पी होने तक तल लें. ध्यान रहे कि आंच मध्यम होनी चाहिए ताकि कबाब अंदर तक अच्छी तरह पक जाएं और बाहर से बेहतरीन कुरकुरापन आ जाए.
इन गरमा-गरम और कुरकुरे सोयाबीन कबाब के स्वाद को कई गुना बढ़ाने के लिए इसके साथ परोसी जाने वाली हरी चटनी बेहद खास है. इसके लिए मिक्सी में ढेर सारा हरा धनिया, पुदीना के कुछ पत्ते, हरी मिर्च, लहसुन की कलियां, थोड़ा सा जीरा, नींबू का रस और स्वादानुसार नमक डालकर बारीक पीस लें. यह तीखी और चटपटी हरी चटनी कबाब के स्वाद को शाही अंदाज दे देती है.
अब आपके घर पर बने रेस्टोरेंट स्टाइल सोयाबीन कबाब और हरी चटनी परोसने के लिए बिल्कुल तैयार हैं. आप इन्हें शाम की चाय के साथ या किसी छोटी-मोटी पार्टी में स्टार्टर के रूप में मेहमानों को परोस सकते हैं. नॉन-वेज छोड़ने या वेजेटेरियन ऑप्शन तलाशने वालों के लिए ये कबाब बेहतरीन ऑप्शन साबित होगा जिसे हर कोई खाना पसंद करेगा.