साबूदाना खिचड़ी भारत में काफी पसंद की जाने वाली डिश है. खासतौर पर व्रत के दौरान इसे खूब खाया जाता है, लेकिन आप इसे सामान्य दिनों में भी नाश्ते या हल्के खाने के तौर पर बना सकते हैं. समस्या तब होती है जब साबूदाना ठीक से तैयार न होने पर चिपचिपा हो जाता है या पकाते समय आपस में जुड़ने लगता है. ऐसे में अगर सही तरीका पता हो तो साबूदाना की खिचड़ी या पुलाव बहुत कम समय में स्वादिष्ट और खिली-खिली तैयार किया जा सकता है.

साबूदाने को पहले सही तरीके से भिगोएं

साबूदाना बनाने की सबसे जरूरी स्टेप है उसे भिगोना. साबूदाने को एक बर्तन में डालकर साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. इसके बाद इसमें इतना पानी डालें कि साबूदाना बस हल्का-सा डूबे, बहुत ज्यादा पानी न डालें. इसे कुछ घंटों के लिए भिगोकर रखें. अगर आपके पास समय कम है तो अच्छी क्वालिटी का छोटा साबूदाना चुनना और उसे सही मात्रा में पानी के साथ भिगोना जरूरी है.

भिगोने के बाद साबूदाने को उंगली से दबाकर देखें. अगर वह आसानी से दब जाए और बीच में कड़ापन न रहे तो समझिए यह पकाने के लिए तैयार है. ज्यादा पानी में भिगोने से साबूदाना जरूरत से ज्यादा नरम हो सकता है और खिचड़ी चिपचिपी बनने लगती है.

खिचड़ी के लिए रखें ये चीजें

फटाफट साबूदाना खिचड़ी बनाने के लिए भीगे हुए साबूदाने के साथ मूंगफली, उबले या कटे हुए आलू, हरी मिर्च, जीरा, करी पत्ता, नमक और थोड़ा नींबू लिया जा सकता है. आप अपनी पसंद के अनुसार हरा धनिया भी डाल सकते हैं. मूंगफली को हल्का भूनकर दरदरा पीस लें. इससे खिचड़ी में स्वाद के साथ अच्छा टेक्सचर भी आएगा.

बनाने की आसान ट्रिक

एक पैन में थोड़ा तेल या घी गर्म करें. इसमें जीरा डालें और चटकने दें. फिर हरी मिर्च, करी पत्ता और आलू डालकर कुछ देर भूनें. इसके बाद इसमें भीगा हुआ साबूदाना और दरदरी पिसी मूंगफली डालें. नमक डालकर सभी चीजों को हल्के हाथ से मिलाएं.

अब इसे तेज आंच पर लंबे समय तक पकाने की जरूरत नहीं है. कुछ मिनट तक ही चलाते हुए पकाएं. साबूदाना जैसे ही पारदर्शी दिखने लगे, गैस बंद कर दें. आखिर में नींबू का रस और हरा धनिया डालें. ज्यादा पकाने से साबूदाना चिपक सकता है, इसलिए यह स्टेप काफी जरूरी है.

पुलाव बनाना हो तो ऐसे बदलें तरीका

इसी बेस से आप साबूदाना पुलाव भी तैयार कर सकते हैं. इसमें मूंगफली, आलू, हरी मिर्च के साथ अपनी पसंद की कुछ सब्जियां डाल सकते हैं. मसाले बहुत ज्यादा न डालें, क्योंकि साबूदाने का स्वाद हल्का होता है और ज्यादा मसाले इसकी पूरी डिश का स्वाद बदल सकते हैं.



Source link

Write A Comment