Quick Cooking Tips: आज की तेज रफ्तार जिंदगी में हर किसी के पास इतना समय नहीं होता कि वह आराम से किचन में घंटों बिताए. खासकर सुबह के समय या ऑफिस से लौटने के बाद, जब थकान पहले से ही होती है, तब आटा गूंथना और रोटियां बेलना किसी टास्क से कम नहीं लगता. कई लोगों को तो गोल रोटी बनाना ही एक बड़ी चुनौती लगता है, जिससे उनका कॉन्फिडेंस भी कम हो जाता है. लेकिन अब आपको इन सब झंझटों से छुटकारा मिल सकता है. एक ऐसी आसान ट्रिक सामने आई है जिसमें न तो आपको आटा गूंथना है और न ही बेलन उठाना है. बस एक स्मूथ घोल तैयार करना है और तवे पर डालकर रोटी बनानी है.
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि ये रोटियां बिल्कुल पारंपरिक रोटी की तरह ही फूलती हैं, नरम रहती हैं और स्वाद में भी शानदार लगती हैं. अगर आप भी किचन में समय बचाना चाहते हैं या जल्दी-जल्दी खाना बनाना चाहते हैं, तो यह तरीका आपके लिए किसी वरदान से कम नहीं है.
क्या है ये नया रोटी बनाने का आसान तरीका
यह तरीका बहुत ही सिंपल है और खासकर उन लोगों के लिए परफेक्ट है जो कुकिंग में नए हैं या जल्दी काम खत्म करना चाहते हैं. इसमें आपको गेहूं के आटे का एक स्मूथ घोल बनाना होता है, जो ना ज्यादा पतला हो और ना बहुत गाढ़ा. इस घोल को तवे पर फैलाकर रोटी तैयार की जाती है. यही वजह है कि इसे नो नीड और नो रोल टेक्निक भी कहा जा रहा है.
घोल तैयार करने का सही तरीका
सबसे पहले एक मिक्सिंग बाउल लें और उसमें एक कप गेहूं का आटा डालें. अब इसमें थोड़ा सा बेसन मिलाएं ताकि टेक्सचर और स्वाद बेहतर हो सके. स्वाद के अनुसार नमक डालें और अगर आप चाहते हैं कि रोटी ज्यादा नरम बने, तो एक चम्मच तेल भी मिला सकते हैं. अब धीरे-धीरे पानी डालते हुए एक स्मूथ और बिना गांठ वाला घोल तैयार करें. ध्यान रखें कि घोल इतना गाढ़ा हो कि आसानी से तवे पर फैल सके.
घोल को आराम देना क्यों जरूरी है
घोल तैयार होने के बाद उसे तुरंत इस्तेमाल न करें. उसे ढंककर 10 से 15 मिनट के लिए छोड़ दें. यह स्टेप बहुत जरूरी है क्योंकि इससे आटा पानी को अच्छी तरह सोख लेता है और घोल सेट हो जाता है. जब आप 15 मिनट बाद इसे दोबारा मिलाते हैं, तो यह और ज्यादा स्मूथ और लचीला बन जाता है, जिससे रोटी फटती नहीं और अच्छे से पकती है.
तवे पर फैलाने का सही तरीका
अब एक तवा गैस पर रखें और उसे मीडियम आंच पर गर्म करें. तवा ज्यादा गरम नहीं होना चाहिए, वरना रोटी ऊपर से जल्दी पक जाएगी और अंदर से कच्ची रह सकती है. अब एक कलछी या चम्मच की मदद से थोड़ा सा घोल तवे पर डालें और गोल घुमाते हुए फैला दें. आप अपनी पसंद के अनुसार रोटी को पतली या थोड़ी मोटी बना सकते हैं.
पकाने और पलटने की सही टाइमिंग
जब रोटी ऊपर से सूखी दिखने लगे और किनारे हल्के-हल्के उठने लगें, तब इसे पलट दें. दूसरी तरफ से भी हल्का सुनहरा होने तक पकाएं. पकाते समय आप स्पैचुला या कपड़े से हल्का दबाव डाल सकते हैं. इससे अंदर की भाप रोटी को अच्छे से पका देती है और रोटी नरम बनती है.
गैस पर फुलाने का मजेदार स्टेप
जब रोटी दोनों तरफ से पक जाए, तो उसे सीधे गैस की आंच पर रखें. आप देखेंगे कि रोटी बिल्कुल गुब्बारे की तरह फूल जाएगी. यही वह स्टेप है जो इस रेसिपी को खास बनाता है. इस तरीके से बनी रोटियां लंबे समय तक नरम रहती हैं और खाने में बिल्कुल पारंपरिक रोटी जैसी लगती हैं.
समय बचाने का सबसे आसान तरीका
अगर आप रोज किचन में जल्दी-जल्दी काम निपटाना चाहते हैं, तो यह तरीका आपके लिए एकदम सही है. इससे ना सिर्फ समय बचता है, बल्कि मेहनत भी कम लगती है. खासकर स्टूडेंट्स, बैचलर या कामकाजी लोगों के लिए यह एक लाइफसेवर ट्रिक साबित हो सकती है.