Dal Khichdi Recipe : जब भी हल्की-फुल्की, पेट के लिए फायदेमंद और झटपट बनने वाली डिश की बात आती है, तो सबसे पहला नाम ‘खिचड़ी’ का ही आता है. बीमार हों, पेट खराब हो या फिर कुछ सात्विक और पौष्टिक खाने का मन हो, गरमा-गरम खिचड़ी से बेहतर कुछ नहीं हो सकता. लेकिन क्या आपकी बनाई खिचड़ी कभी-कभी बहुत ज्यादा गाढ़ी, सूखी या फिर पानी-पानी हो जाती है? अगर हाँ, तो इसकी सबसे बड़ी वजह है—दाल और चावल का गलत अनुपात. आज हम आपको बताने जा रहे हैं एक ऐसी परफेक्ट रेसिपी, जिससे आपकी खिचड़ी न सिर्फ स्वादिष्ट बनेगी, बल्कि उसका टेक्सचर भी एकदम लाजवाब होगा. आइए जानते हैं इसके सही माप और बनाने के आसान तरीके के बारे में.

अक्सर लोगों को यह कन्फ्यूजन रहता है कि खिचड़ी में दाल और चावल की मात्रा कितनी होनी चाहिए.

क्‍या हो दाल और चावल का सही माप?
अक्सर लोगों को यह कन्फ्यूजन रहता है कि खिचड़ी में दाल और चावल की मात्रा कितनी होनी चाहिए. अगर आप एक हाई-प्रोटीन और गाढ़ी, रिच खिचड़ी पसंद करते हैं, तो इसका सबसे बेहतरीन रेश्यो है ‘दाल-हैवी’ फॉर्मूला.

मूंग दाल: 500 ग्राम (छिलके वाली या धुली हुई, अपनी पसंद अनुसार)
चावल: 100 ग्राम (बासमती या कोई भी सामान्य खाने वाला चावल)

इस अनुपात में मूंग दाल की मात्रा अधिक और चावल कम होता है. इससे खिचड़ी में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा कम और प्रोटीन की मात्रा बहुत अधिक हो जाती है. यह पेट को ठंडक देती है, आसानी से पच जाती है और वजन घटाने वालों या फिटनेस के शौकीनों के लिए एकदम परफेक्ट है.

बनाने की आसान विधि (Step-by-Step Recipe)-
सबसे पहले 500 ग्राम मूंग दाल और 100 ग्राम चावल को अच्छी तरह से धो लें. अगर आपके पास समय है, तो इन्हें 15-20 मिनट के लिए पानी में भिगोकर रख सकते हैं, इससे यह और जल्दी पकते हैं.

अब दाल और चावल को प्रेशर कुकर या किसी बड़े बर्तन में डालें. इसमें जरूरत के अनुसार पर्याप्त पानी, थोड़ी सी हल्दी और स्वादानुसार नमक मिलाएं. कुकर में मध्यम आंच पर 3 से 4 सीटी आने तक इसे अच्छी तरह पकाएं, ताकि दाल और चावल पूरी तरह गल जाएं.

अगर आप खिचड़ी को और अधिक पौष्टिक बनाना चाहते हैं, तो उबलते समय या तड़का लगाते वक्त बारीक कटे हुए गाजर, मटर, बीन्स या पालक जैसी मनपसंद सब्जियां भी डाल सकती हैं. यह बच्चों और बड़ों दोनों के लिए सेहतमंद हो जाता है.

ऐसे दें स्‍वाद का तड़का:
खिचड़ी की असली जान उसका तड़का होता है. बिना तड़के के खिचड़ी फीकी लग सकती है, लेकिन एक सही तड़का इसे रेस्टोरेंट जैसी स्वादिष्ट खुशबू दे सकता है.

-एक पैन में दो चम्मच घी (या तेल) गर्म करें.
-इसमें थोड़ा सा जीरा, हींग, बारीक कटा हुआ लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डालें.
-अगर आप चाहें तो इसमें साबुत लाल मिर्च और थोड़ा सा बारीक कटा प्याज भी भून सकते हैं.
-अंत में थोड़ी सी कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर इस तड़के को उबली हुई खिचड़ी के ऊपर डालें और तुरंत बर्तन का ढक्कन बंद कर दें, ताकि खुशबू बाहर न निकले.

अब आपकी गरमा-गरम, सुपर-टेस्टी और सेहतमंद दाल खिचड़ी बिल्कुल तैयार है. इसे ऊपर से एक चम्मच शुद्ध घी और हरे धनिए से गार्निश करके आचार, पापड़ या दही के साथ परोसें. इस आसान माप और तड़का विधि से बनाई गई खिचड़ी परिवार के हर सदस्य को जरूर पसंद आएगी!



Source link

Write A Comment