Last Updated:
Street Like Jhalmuri Recipe: झाड़ग्राम दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रास्ते में काफिला रुकाकर एक छोटी सी दुकान पर झालमुड़ी खाने का वीडियो जब से वायरल हुआ है, ये डिश भी वायरल हो गई है. अगर आपको स्ट्रीट स्टाइल झालमुड़ी घर पर बनानी है तो ये स्टेप्स फॉलो करें.
जमशेदपुर. झारखंड और पश्चिम बंगाल की गलियों में अगर किसी एक नाश्ते की खुशबू सबसे ज्यादा लोगों को अपनी ओर खींचती है, तो वह है झालमुड़ी. हाल ही में जब भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बंगाल के झाड़ग्राम दौरे पर थे, तब उनका एक छोटा सा पल सोशल मीडिया पर छा गया. उन्होंने अचानक अपना काफिला रुकवाया और एक साधारण सी दुकान पर खड़े होकर झालमुड़ी का स्वाद लिया. बस फिर क्या था, यह वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया और झालमुड़ी एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई.
आसानी से होती है तैयार
दरअसल, झालमुड़ी सिर्फ एक नाश्ता नहीं, बल्कि यहां की संस्कृति का हिस्सा है. शाम होते ही घरों में या सड़क किनारे ठेलों पर इसकी खुशबू लोगों को अपनी ओर बुला लेती है. बच्चे हों या बुजुर्ग, हर कोई इसे बड़े चाव से खाता है. सबसे खास बात यह है कि यह जितनी स्वादिष्ट होती है, उतनी ही जल्दी और आसानी से बन भी जाती है.
घर पर मिलेगा सड़क जैसा स्वाद
अगर आप भी घर पर वही सड़क जैसा स्वाद पाना चाहते हैं, तो इसकी रेसिपी बेहद आसान है. सबसे पहले आपको चाहिए ताजी मूढ़ी. एक बड़े बर्तन में मूढ़ी लें और उसमें कुरकुरापन बढ़ाने के लिए थोड़ा मिक्सचर या नमकीन/गठिया डालें. इसके बाद बारी आती है स्वाद बढ़ाने वाली चीजों की – भुने हुए चने, मूंगफली, मटर, बारीक कटे हुए प्याज और टमाटर.
ऐसे आएगा देसी स्वाद
अब इसमें उबले हुए आलू के छोटे-छोटे टुकड़े डालें, साथ ही ताजगी के लिए कटे हुए खीरे मिलाएं. स्वाद को और चटपटा बनाने के लिए थोड़ा चाट मसाला, नमक और एक चुटकी लाल मिर्च डाल सकते हैं. असली ट्विस्ट आता है सरसों के तेल से – बस कुछ बूंदें डालते ही इसकी खुशबू और स्वाद दोनों कई गुना बढ़ जाते हैं. ऊपर से थोड़ा अचार का मसाला डाल दें, जो इसे एक अलग ही देसी फ्लेवर देता है.
पेट पर हल्की, स्वाद में मजेदार
अब इन सभी चीजों को अच्छी तरह से मिलाएं. ध्यान रखें कि इसे तुरंत परोसें, क्योंकि ज्यादा देर रखने से मूढ़ी नरम हो जाती है और उसका कुरकुरापन खत्म हो जाता है. झालमुड़ी की यही खासियत है – कम समय में तैयार, हल्की-फुल्की, लेकिन स्वाद से भरपूर. यह न केवल पेट को हल्का रखती है, बल्कि इसमें इस्तेमाल होने वाली सब्जियां और चने इसे पौष्टिक भी बनाते हैं.
तो अगली बार जब आपको कुछ चटपटा खाने का मन करे, तो बाजार जाने की जरूरत नहीं. घर पर ही झटपट झालमुड़ी बनाइए और परिवार के साथ इसका आनंद उठाइए – क्योंकि कभी-कभी साधारण स्वाद ही सबसे खास होता है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें