होमफोटोलाइफ़फूड

बरसात के मौसम में घर पर बनाएं कुरकुरे अरबी के पत्ते के पकोड़े, सिंपल है रेसिपी

Last Updated:

Arbi Patte ke Pakode Ki Recipe: बारिश की बूंदे जैसे ही जमीन को छूती है, हवा में एक मिट्टी-सी सोंधी खुशबू फैल जाती है और ठीक उसी वक्त अगर प्लेट में हों गरमा-गरम अरबी के पत्तों के पकोड़े, तो उस स्वाद का कोई मुकाबला नहीं. बरसात और पकोड़े का रिश्ता तो वैसे ही बड़ा गहरा है, लेकिन अरबी के पत्ते के पकोड़े यानी पतोड़ कुछ खास होते हैं क्योंकि ये केवल स्वाद नहीं, भावनाएं भी परोसते हैं. अरबी के पत्ते के पकोड़े मानसून के मौसम में बेहद पसंद किए जाने वाले पारंपरिक स्नैक हैं.

बरसात के मौसम में गरमागरम चाय के साथ कुछ कुरकुरा खाने का मन कर रहा है? तो इस बार घर पर बनाएं अरबी के पत्ते के स्वादिष्ट पकोड़े. यह लाजवाब स्नैक आपके शाम के नाश्ते को और भी खास बना देगा. इसकी आसान रेसिपी जानने के लिए आगे पढ़ें और इस मानसून में अपने परिवार को एक नया स्वाद दें.

दरअसल, बारिश का मौसम आते ही गरमा-गरम चाय और कुरकुरे पकौड़ों की याद हर किसी को आने लगती है. अगर इस बार आप आलू, प्याज या पालक के पकौड़ों से कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो अरबी के पत्तों के पकोड़े बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं.

कई राज्यों में यह अलग-अलग नामों से जाना जाता है और इनका स्वाद इतना खास होता है कि एक बार खाने के बाद बार-बार बनाने का मन करता है. बाहर से कुरकुरे और अंदर से मसालेदार ये पकोड़े शाम की चाय का मजा कई गुना बढ़ा देते हैं.

Add News18 as
Preferred Source on Google

आइए जानते हैं अरबी के पत्तों के पकोड़े बनाने के लिए जरूरी सामग्री और आसान विधि. सबसे पहले बेसन, चावल का आटा, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, अजवाइन, जीरा, हींग और नमक को एक बर्तन में अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें इमली का गूदा या नींबू का रस डालें और थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए गाढ़ा घोल तैयार करें.

ध्यान रखें कि बैटर ना ज्यादा पतला हो और ना ही बहुत ज्यादा गाढ़ा. अब अरबी के पत्तों को अच्छी तरह धोकर सुखा लें. अगर पत्तों की मोटी डंठल या नसें हों तो उन्हें हल्का-सा चाकू की मदद से समतल कर दें, ताकि पत्ते आसानी से मुड़ सकें.

अब एक पत्ता बिछाकर उस पर तैयार बेसन का मिश्रण अच्छी तरह फैलाएं. इसके ऊपर दूसरा पत्ता रखें और फिर उसी तरह मिश्रण लगाएं. इसी प्रक्रिया को 3 से 4 पत्तों तक दोहराएं. इसके बाद पत्तों को सावधानी से कसकर रोल बना लें.

तैयार रोल को पहले 15 से 20 मिनट तक स्टीम कर लें. ठंडा होने पर इसे आधा-एक इंच मोटे गोल टुकड़ों में काट लें. अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें और इन टुकड़ों को मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. चाहें तो इन्हें हल्के तेल में शैलो फ्राई भी कर सकते हैं.

गरमा-गरम अरबी के पत्तों के पकोड़ों को हरी धनिया की चटनी, इमली की मीठी चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसें. साथ में अदरक वाली गर्म चाय हो तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. बरसात के मौसम में यह पारंपरिक स्नैक परिवार और मेहमानों दोनों को बेहद पसंद आएगा.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment