Rajasthani Gatte Ki Sabji: राजस्थानी गट्टे की सब्जी उन पारंपरिक व्यंजनों में शामिल है जिन्हें लगभग हर घर में पसंद किया जाता है. जब घर में हरी सब्जियां न हों, तब भी यह स्वादिष्ट सब्जी आसानी से बन जाती है. लेकिन कई लोगों की शिकायत रहती है कि उनके गट्टे सख्त बन जाते हैं और खाने में मजा नहीं आता. गट्टे अगर मुलायम हों, तो वे ग्रेवी का स्वाद अच्छी तरह सोख लेते हैं और हर निवाला बेहद स्वादिष्ट लगता है. राजस्थान की मशहूर कुकिंग एक्सपर्ट गीता चौधरी ने इसी समस्या का आसान समाधान बताया है. उनके अनुसार बेसन का आटा तैयार करते समय एक खास चीज मिलाने और कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखने से गट्टे कभी सख्त नहीं बनते. अगर आप भी शादी या ढाबे जैसी मुलायम गट्टे की सब्जी घर पर बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी जरूर आजमाएं.

परफेक्ट गट्टे बनाने का सीक्रेट है दही और तेल
मुलायम गट्टों की शुरुआत सही आटा तैयार करने से होती है. सबसे पहले एक बड़े बर्तन में बेसन लें. इसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर, चुटकीभर हींग, कसूरी मेथी और अजवाइन डालें. अब इसमें तीन से चार चम्मच ताजा दही और तीन से चार चम्मच तेल जरूर मिलाएं. यही इस रेसिपी का सबसे खास हिस्सा है. दही और तेल की वजह से गट्टे अंदर से मुलायम और स्पंजी बनते हैं. सभी चीजों को पहले बिना पानी के अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद जरूरत के हिसाब से थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम और चिकना आटा गूंथ लें.

गट्टों का आकार भी रखता है काफी मायने
आटा तैयार होने के बाद उसकी बराबर आकार की लोइयां बना लें. अब हथेलियों की मदद से लंबी और पतली रोल तैयार करें. कोशिश करें कि रोल बहुत मोटे न हों. पतले गट्टे जल्दी और बराबर पकते हैं, जबकि मोटे गट्टे कई बार अंदर से कच्चे रह जाते हैं और बाद में सख्त महसूस होते हैं.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

उबलते पानी में ही डालें गट्टे
एक चौड़े बर्तन में पानी अच्छी तरह उबाल लें. ध्यान रखें कि गट्टों को हमेशा खौलते हुए पानी में ही डालना चाहिए. अगर उन्हें ठंडे या हल्के गर्म पानी में डालेंगे, तो उनकी बनावट सही नहीं बनेगी. गट्टों को तब तक उबालें जब तक वे ऊपर तैरने न लगें और उनकी सतह पर छोटे-छोटे दाने दिखाई न दें. इसका मतलब है कि वे पूरी तरह पक चुके हैं.

गट्टों का पानी बिल्कुल न फेंकें
गट्टे निकालने के बाद जिस पानी में उन्हें उबाला गया है, उसे संभालकर रखें. यही पानी बाद में ग्रेवी में इस्तेमाल किया जाएगा. इससे ग्रेवी का स्वाद और गहराई दोनों बढ़ जाते हैं. गट्टों को थोड़ा ठंडा होने दें और फिर मनचाहे आकार में काट लें.

ऐसे तैयार करें रिच और स्वादिष्ट ग्रेवी
ग्रेवी बनाने के लिए प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, अदरक, लहसुन और थोड़े से काजू का पेस्ट तैयार कर लें. एक अलग कटोरी में ताजा दही लेकर उसमें हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें. मसालों के साथ दही फेंटने से वह ग्रेवी में डालने पर फटती नहीं है और स्वाद भी बेहतर आता है.

धीमी आंच पर भूनें मसाला
कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें जीरा तथा राई का तड़का लगाएं. अब तैयार प्याज और टमाटर का पेस्ट डालकर तब तक भूनें जब तक तेल अलग न होने लगे. इसके बाद आंच धीमी करें और दही वाला मिश्रण डालते हुए लगातार चलाते रहें. जब इसमें हल्का उबाल आने लगे, तब गट्टे वाला पानी डाल दें. इससे ग्रेवी का स्वाद और भी अच्छा हो जाएगा.

View this post on Instagram





Source link

Write A Comment