Matthe Ke Aloo Recipe: गर्मी का मौसम आते ही खाने-पीने की आदतें अपने आप बदलने लगती हैं. भारी और मसालेदार खाना खाने का मन कम हो जाता है, और कुछ ऐसा चाहिए होता है जो हल्का हो, जल्दी बन जाए और पेट को आराम भी दे. ऐसे में अगर आपको एक ऐसी रेसिपी मिल जाए जो स्वाद में भी जबरदस्त हो और हेल्थ के लिए भी फायदेमंद, तो बात ही अलग है. यूपी स्टाइल मट्ठा वाले आलू बिल्कुल वैसी ही डिश है, जो कम मेहनत में तैयार हो जाती है और खाने के बाद भारीपन महसूस नहीं होने देती. इस डिश की खास बात ये है कि इसमें मट्ठा यानी छाछ का इस्तेमाल होता है, जो गर्मी में शरीर को ठंडक देता है और पाचन को आसान बनाता है.
कई जगह इसे ‘मठ के आलू’ भी कहा जाता है और ये गांव से लेकर शहर तक लोगों की पसंद बनी हुई है, अगर आप रोज़-रोज़ एक ही तरह की सब्जी खाकर बोर हो चुके हैं, तो ये रेसिपी आपके लंच को एकदम नया ट्विस्ट दे सकती है. चलिए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
मट्ठा वाले आलू क्यों हैं खास?
मट्ठा वाले आलू सिर्फ एक सब्जी नहीं, बल्कि गर्मी के लिए एक परफेक्ट कंफर्ट फूड हैं. इसमें कम मसाले होते हैं, इसलिए ये पेट पर भारी नहीं पड़ते. छाछ का खट्टापन आलू के साथ मिलकर ऐसा स्वाद देता है, जो एक बार खाने के बाद बार-बार बनाने का मन करेगा. इसके अलावा, छाछ में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया पाचन को बेहतर बनाते हैं, अगर आपको गैस, कब्ज या अपच की दिक्कत रहती है, तो ये डिश आपके लिए काफी मददगार साबित हो सकती है.
सामग्री
-उबले आलू – 4-5 (मोटे टुकड़ों में तोड़े हुए)
-मट्ठा (छाछ) – 2-3 कप
-घी या तेल – 1 चम्मच
-जीरा – आधा चम्मच
-हींग – एक चुटकी
-सूखी लाल मिर्च – 2
-हल्दी – आधा चम्मच
-लाल मिर्च पाउडर – आधा चम्मच
-नमक – स्वाद के हिसाब से
-हरा धनिया – गार्निश के लिए
बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले एक कड़ाही में घी या तेल गरम करें. जब तेल गरम हो जाए, तो उसमें जीरा डालें और चटकने दें. अब इसमें हींग और सूखी लाल मिर्च डालें, जिससे तड़के में अच्छी खुशबू आएगी. इसके बाद हल्दी और लाल मिर्च पाउडर डालें और तुरंत उबले हुए आलू डालकर 2 मिनट तक हल्का सा भून लें. इससे आलू में मसालों का स्वाद अच्छे से घुल जाएगा.
अब सबसे जरूरी स्टेप आता है. गैस की आंच को बिल्कुल धीमा कर दें और धीरे-धीरे मट्ठा डालें. ध्यान रखें कि मट्ठा डालते समय लगातार चलाते रहें, नहीं तो वो फट सकता है. जब इसमें हल्का उबाल आने लगे, तब नमक डालें. इसके बाद इसे 5-7 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें, ताकि ग्रेवी थोड़ी गाढ़ी हो जाए और स्वाद और बढ़ जाए. अंत में ऊपर से ताजा कटा हुआ हरा धनिया डालें और गरमा-गरम रोटी, पराठा या चावल के साथ सर्व करें.
परफेक्ट स्वाद के लिए टिप्स
मट्ठा हल्का खट्टा होगा तो स्वाद ज्यादा अच्छा आएगा. आंच हमेशा धीमी रखें, वरना मट्ठा फट सकता है. ज्यादा मसाले न डालें, यही इसकी खासियत है. चाहें तो थोड़ा अदरक भी डाल सकते हैं फ्लेवर बढ़ाने के लिए बेहतर रहता है.
गर्मियों में क्यों है बेस्ट ऑप्शन?
गर्मी में शरीर जल्दी डिहाइड्रेट हो जाता है और पाचन भी धीमा हो जाता है. ऐसे में छाछ से बनी ये सब्जी शरीर को ठंडक देती है और पेट को हल्का रखती है. यही वजह है कि यूपी में इसे खास तौर पर गर्मियों में ज्यादा बनाया जाता है.