Last Updated:
Pudina Kanji Vada Recipe: गर्मी में पेट की परेशानी और लू से बचने के लिए पुदीना कांजी वड़ा एक शानदार ऑप्शन है. पुदीना, राई और मूंग दाल से बनी यह रेसिपी स्वाद के साथ ठंडक भी देती है और पाचन को बेहतर रखने में मदद करती है.
पुदीना कांजी वड़ा रेसिपी
Pudina Kanji Vada Recipe: मई-जून की झुलसा देने वाली गर्मी में शरीर का हाल सबसे पहले पेट बिगड़ने से पता चलता है. तेज धूप, गर्म हवाएं और बार-बार पसीना आने की वजह से कई लोगों को भूख कम लगने लगती है. ऊपर से गैस, एसिडिटी और बदहजमी जैसी दिक्कतें पूरे दिन परेशान करती हैं. ऐसे मौसम में अगर नाश्ते में कुछ ऐसा मिल जाए जो स्वाद में भी मजेदार हो और पेट को ठंडक भी दे, तो दिन आसान हो जाता है. इसी वजह से गर्मियों में पुराने समय से घरों में कांजी वड़ा बनाया जाता रहा है. खासकर राजस्थान और उत्तर भारत में इसे बेहद पसंद किया जाता है. अब इस पारंपरिक डिश में पुदीने का तड़का लगाकर इसे और भी ज्यादा हेल्दी और रिफ्रेशिंग बनाया जा सकता है.
पुदीना कांजी वड़ा सिर्फ स्वाद के लिए नहीं बल्कि पेट को आराम देने के लिए भी जाना जाता है. राई वाला हल्का खट्टा पानी, पुदीने की ठंडी तासीर और मुलायम मूंग दाल के वड़े मिलकर ऐसा स्वाद देते हैं जिसे एक बार खाने के बाद बार-बार बनाने का मन करता है, अगर आप भी गर्मी में कुछ अलग और हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं तो यह रेसिपी आपके काम की है.
क्यों खास है पुदीना कांजी वड़ा
पुदीना कांजी वड़ा गर्मियों का ऐसा नाश्ता है जो शरीर को अंदर से ठंडक देने में मदद करता है. पुदीने में मौजूद नैचुरल गुण पेट की जलन को शांत करते हैं और शरीर को हल्का महसूस कराते हैं. वहीं कांजी के पानी में डाली गई राई और हींग पाचन को बेहतर बनाने में मदद करती है. जो लोग गर्मी में बार-बार एसिडिटी, पेट फूलना या खाना ठीक से न पचने जैसी परेशानी महसूस करते हैं, उनके लिए यह डिश काफी फायदेमंद मानी जाती है. इसका हल्का खट्टा स्वाद भूख बढ़ाने में भी मदद करता है. यही वजह है कि पुराने समय में लोग इसे गर्मियों में रोजाना की डाइट में शामिल करते थे.
पुदीना कांजी वड़ा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
-1 कप मूंग दाल
-1 कप ताजा पुदीना पत्ती
-आधा कप हरा धनिया
-2 से 3 हरी मिर्च
-2 बड़े चम्मच पीली या काली राई
-आधा छोटा चम्मच हींग
-1 बड़ा चम्मच काला नमक
-स्वादानुसार सफेद नमक
-1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
-आधा छोटा चम्मच हल्दी
-वड़ा तलने के लिए तेल
ऐसे तैयार करें चटपटा कांजी का पानी
सबसे पहले एक बड़े कांच या मिट्टी के बर्तन में करीब डेढ़ लीटर उबला और ठंडा पानी डालें. अब मिक्सी में पुदीना, हरा धनिया और हरी मिर्च डालकर थोड़ा पानी मिलाएं और बारीक पेस्ट बना लें. इस पेस्ट को पानी में अच्छी तरह मिला दें. अब इसमें पिसी हुई राई, हींग, काला नमक, सफेद नमक, हल्दी और लाल मिर्च डालें. चम्मच की मदद से इसे अच्छी तरह चलाएं ताकि सारे मसाले पानी में घुल जाएं. इसके बाद बर्तन को सूती कपड़े से ढक दें और 1 से 2 दिन तक हल्की धूप या गर्म जगह पर रखें. इससे पानी में हल्का खट्टापन आ जाएगा और स्वाद भी शानदार बनेगा.
मुलायम और स्पंजी वड़े बनाने का आसान तरीका
मूंग दाल को 3 से 4 घंटे पहले भिगो दें. फिर इसका पानी निकालकर मिक्सी में दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि दाल ज्यादा पतली न हो. अब इसमें थोड़ा नमक, चुटकीभर हींग और बारीक कटा पुदीना डालें. इसके बाद मिश्रण को करीब 5 मिनट तक लगातार एक ही दिशा में फेंटें. ऐसा करने से वड़े हल्के और स्पंजी बनते हैं. अब कढ़ाई में तेल गर्म करें. हाथ हल्के गीले करें और छोटे-छोटे वड़े तेल में डालें. इन्हें मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक तलें. तले हुए वड़ों को सीधे गुनगुने पानी में 10 मिनट के लिए डाल दें. इससे उनका एक्स्ट्रा तेल निकल जाएगा और वड़े काफी सॉफ्ट हो जाएंगे. फिर इन्हें हल्के हाथ से दबाकर पानी निकाल लें.
आखिर में ऐसे करें सर्व
अब तैयार वड़ों को पुदीना कांजी के खट्टे पानी में डाल दें. इन्हें कम से कम आधे घंटे तक फ्रिज में रखें ताकि स्वाद अंदर तक समा जाए. ठंडा-ठंडा पुदीना कांजी वड़ा जब ऊपर से थोड़ा भुना जीरा और पुदीना डालकर सर्व किया जाता है तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. गर्मी में यह डिश पेट को राहत देने के साथ शरीर को तरोताजा महसूस कराती है.
About the Author
मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें