Last Updated:

Famous Potali Samosa Lakhimpur Kheri: समोसे तो आपने बहुत खाए होंगे, लेकिन क्या कभी 200 ग्राम वजनी पोटली समोसा चखा है. उत्तर प्रदेश के गोला नगर में इन दिनों एक खास तरह के समोसे की धूम मची है. पनीर, ड्राई फ्रूट्स और खास मसालों से भरी यह पोटली न केवल दिखने में अलग है, बल्कि इसका स्वाद लेने के लिए दूर-दूर से लोग खिंचे चले आ रहे हैं. महज 20 रुपये में मिलने वाले इस समोसे की कहानी भी बड़ी दिलचस्प है, जो एक इत्तेफाक से शुरू हुई और आज शहर की पहचान बन गई है.

लखीमपुर खीरी: चाहे कड़कड़ाती ठंड हो या रिमझिम बरसात, चाय के साथ अगर गरमा-गरम समोसा मिल जाए तो दिन बन जाता है. लेकिन अगर आप वही साधारण तिकोना समोसा खाकर ऊब चुके हैं, तो आपको गोला नगर के इस खास पोटली समोसे का स्वाद जरूर लेना चाहिए. आजकल शहर के अलीगंज रोड पर इस अनोखे समोसे ने ऐसी धूम मचा रखी है कि इसका जायका लेने के लिए लोगों को अपनी बारी का लंबा इंतजार करना पड़ता है.

एक इत्तेफाक ने बना दिया शहर में फेमस
इस पोटली समोसे की शुरुआत की कहानी भी बड़ी मजेदार है. दुकानदार सैफी नईम खान बताते हैं कि एक बार उनका कारीगर काम पर नहीं आया था और ग्राहकों की भीड़ बढ़ती जा रही थी. तभी उन्होंने अचानक समोसे को पोटली का आकार देकर तैयार कर दिया. बस, उसी दिन से यह प्रयोग लोगों को इतना पसंद आया कि आज इसकी जबरदस्त डिमांड रहती है. रोजाना करीब 200 से 300 समोसे हाथों-हाथ बिक जाते हैं और काफी दूर-दूर से लोग इसका स्वाद लेने यहां पहुंचते हैं.

ड्राई फ्रूट्स और पनीर से भरी है यह पोटली
इस समोसे की सबसे बड़ी खूबी इसकी स्टफिंग और वजन है. एक पोटली समोसे का वजन 200 ग्राम से भी अधिक होता है, जिसे बनाने के लिए उबले आलू और मटर के साथ-साथ पनीर और ढेर सारे ड्राई फ्रूट्स का इस्तेमाल किया जाता है. दुकानदार का दावा है कि वे लोगों की सेहत का ख्याल रखते हुए घर पर तैयार मसालों और बढ़िया रिफाइंड तेल का ही प्रयोग करते हैं. खट्टी-मीठी चटनी के साथ जब यह गरमा-गरम परोसा जाता है, तो इसका स्वाद और भी लाजवाब हो जाता है.

खास तरीके से किया जाता है तैयार
पोटली समोसे को तैयार करने की विधि भी काफी मेहनत भरी है. इसे बनाने के लिए मैदा में अजवाइन, नमक और घी का मोयन देकर कड़ा गूंथा जाता है. फिर इसमें मसालेदार स्टफिंग भरकर इसे बहुत ही सफाई से पोटली का आकार दिया जाता है. इसके बाद इसे धीमी आंच पर तब तक तला जाता है जब तक कि यह पूरी तरह गोल्डन और कुरकुरा न हो जाए. स्वाद और सेहत से भरपूर यह बड़ा समोसा ग्राहकों को मात्र 20 रुपये में मिल जाता है.

कहां मिलेगा स्वाद का यह अनूठा संगम
अगर आप भी इस पोटली समोसे का लुत्फ उठाना चाहते हैं, तो गोला नगर के अलीगंज रोड पर मेला मैदान के गेट नंबर 2 के पास स्थित इस दुकान पर पहुंच सकते हैं. यहां सुबह 9:00 बजे से लेकर रात 11:00 बजे तक लगातार समोसे मिलते रहते हैं. ग्राहकों की भारी भीड़ के कारण कई बार यहां अपनी बारी का इंतजार भी करना पड़ता है, लेकिन समोसे का पहला निवाला मुंह में जाते ही सारी थकान मिट जाती है.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें



Source link

Write A Comment