Last Updated:
Hyderabadi Yamani Aseed : हैदराबादी यमनी असीद एक पारंपरिक स्वीट डिश है, जिसकी जड़ें यमन से जुड़ी हैं. इसे चौश समुदाय ने हैदराबाद में पहचान दिलाई. यह मैदा, गुड़, घी और मसालों से बनता है, जो ऊर्जा देता है. हैदराबाद के यमनी परिवारों में इसे खास तौर पर ईद-उल-अजहा के अवसर पर नाश्ते या मीठे के रूप में बनाया जाता है.
हैदराबाद. हैदराबादी यमनी असीद एक बेहद पारंपरिक और ऐतिहासिक डिश है, जिसकी जड़ें यमन से जुड़ी हुई हैं. हैदराबाद में इसे पहचान दिलाने का श्रेय यहां के चौश समुदाय को जाता है. यमनी मूल का यह समुदाय सदियों पहले हैदराबाद आकर बसा था, खासकर बरकास और आसपास के इलाकों में. समय के साथ इस व्यंजन में हैदराबादी स्वाद भी जुड़ता गया और आज यह शहर की लोकप्रिय पारंपरिक स्वीट डिश में शामिल हो चुकी है.
किन चीजों से तैयार होता है असीद
हैदराबाद में बनने वाले मीठे असीद में मुख्य रूप से मैदा या गेहूं का आटा, गुड़, शुद्ध घी और कई पारंपरिक मसालों का इस्तेमाल किया जाता है. इसमें सोंठ, सौंफ, इलायची, दालचीनी और कई परिवारों में केसर भी मिलाया जाता है. यही मसाले इसे खास खुशबू और अलग स्वाद देते हैं.
ऐसे तैयार किया जाता है यह पारंपरिक व्यंजन
सबसे पहले पानी में गुड़, सौंफ, सोंठ और अन्य मसाले डालकर एक तरह की चाशनी तैयार की जाती है. इसके बाद धीमी आंच पर उसमें आटा मिलाया जाता है और लकड़ी के भारी चम्मच या बेलन से लगातार चलाया जाता है, ताकि उसमें गांठ न बने. इसे तब तक पकाया और घोटा जाता है, जब तक मिश्रण पूरी तरह चिकना होकर बर्तन का किनारा छोड़ने न लगे. परोसते समय इसे थाली में गोल आकार में रखा जाता है और बीच में जगह बनाकर उसमें गर्म पिघला हुआ घी डाला जाता है. हैदराबाद के यमनी परिवारों में इसे खास तौर पर ईद-उल-अजहा के अवसर पर नाश्ते या मीठे के रूप में बनाया जाता है.
ताकत देने वाला पारंपरिक व्यंजन
गुड़, घी और सोंठ जैसे पोषक तत्वों की वजह से असीद को ऊर्जा देने वाला पारंपरिक भोजन माना जाता है. इसे लंबे सफर के दौरान खाने योग्य फूड भी माना जाता है. सर्दियों और बरसात के मौसम में यह शरीर को अंदर से गर्म रखने में मददगार माना जाता है. हैदराबादी यमनी असीद सिर्फ एक मिठाई नहीं, बल्कि हैदराबाद और अरब देशों के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक रिश्तों की भी एक स्वादिष्ट पहचान है.
About the Author
आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…
और पढ़ें