Last Updated:
Muzaffarpur Famous Gulab Chai: मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर लेकफ्रंट पर खास गुलाब वाली चाय मिलती है. इसके लिए लोग लाइन लगाकर इंतजार करते हैं. यह स्टॉल लगाने वाली काजल का कहना है कि वे कुछ अलग तरह का स्वाद पेश करना चाहती थी इसलिए उन्होंने चाय में गुलाब की पत्तियां डालकर इसे खास फ्लेवर दिया.
मुजफ्फरपुर. चाय की दुनिया में अब सिर्फ चायपत्ती और चीनी का स्वाद ही नहीं, बल्कि नए-नए प्रयोग भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं. इसी क्रम में मुजफ्फरपुर शहर के सिकंदरपुर लेकफ्रंट मरीन ड्राइव पर इन दिनों ‘गुलाब वाली चाय’ का जबरदस्त ट्रेंड देखने को मिल रहा है. महज 15 रुपये प्रति कप मिलने वाली इस खास चाय के लिए लोगों को इंतजार तक करना पड़ रहा है.
दरअसल, यह चाय अपने अनोखे फ्लेवर के कारण चर्चा में है. पारंपरिक तरीके से अलग, इसमें गुलाब के फूल की पंखुड़ियां मिलाई जाती हैं, जिससे चाय में हल्की खुशबू और अलग स्वाद आता है. मरीन ड्राइव घूमने आने वाले लोग अब इस चाय को ट्राई किए बिना लौटना नहीं चाहते. शाम होते ही स्टॉल के सामने लंबी कतार लग जाती है और हर कोई इस नए स्वाद का अनुभव लेना चाहता है.
किया प्रयोग, हुआ हिट
इस अनोखी चाय के पीछे काजल नाम की युवती का आइडिया है, जिन्होंने कुछ अलग करने की सोच के साथ यह प्रयोग शुरू किया. पिछले चार महीनों से वह मरीन ड्राइव पर अपना स्टॉल चला रही हैं. काजल बताती हैं कि उन्होंने कई जगह नौकरी की, लेकिन हमेशा खुद का कुछ नया शुरू करने का सपना था. इसी सोच के साथ उन्होंने चाय में गुलाब की पंखुड़ियों को मिलाकर नया फ्लेवर तैयार किया, जो अब लोगों को खूब पसंद आ रहा है.
शाम से रात तक लें मजा
शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक चलने वाले इस स्टॉल पर युवाओं और परिवारों की सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिलती है. मरीन ड्राइव की आकर्षक लाइटिंग, ठंडी हवा और झील का नजारा इस अनुभव को और खास बना देता है. लोग यहां बैठकर चाय का आनंद लेते हैं और दोस्तों-परिवार के साथ समय बिताते हैं.
और भी कई चीजें मिलती हैं
इस स्टॉल पर सिर्फ गुलाब वाली चाय ही नहीं, बल्कि मटका मसाला चाय, मटका केसर चाय, मस्का बन और कई तरह की मैगी भी उपलब्ध है. कम कीमत और अलग स्वाद के कारण यह स्टॉल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह चाय मुजफ्फरपुर में एक नए ट्रेंड की शुरुआत कर रही है. मरीन ड्राइव, जो पहले से ही शहर का पसंदीदा घूमने का स्थल है, वहीं अब ‘गुलाब वाली चाय’ यहां की नई पहचान बनती जा रही है और लोगों की पसंदीदा भी.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें