Last Updated:

Mushroom Achaar: मशरूम का अचार ना केवल आपके रोज के खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा सकता है बल्कि किसानों की भी अच्छी आमदनी करा सकता है. इसे बनाना आसान है और सही रख-रखाव से 6 महीने तक खराब नहीं होता. बाजार में इसकी कीमत 450 रुपये किलो तक जाती है.

ख़बरें फटाफट

देवघर. कई किसान आज भी मशरूम की खेती से केवल कच्चा मशरूम बेचकर ही कमाई करते हैं, जबकि अगर थोड़ी समझदारी और प्रोसेसिंग पर ध्यान दिया जाए तो इससे कई गुना ज्यादा मुनाफा कमाया जा सकता है. मशरूम से बिस्किट, भुजिया, पापड़ जैसे कई वैल्यू एडेड प्रोडक्ट बनाए जाते हैं, लेकिन इनमें सबसे ज्यादा मांग मशरूम के अचार की होती है. भारतीय खाने में अचार का बहुत बड़ा महत्व है, क्योंकि यह साधारण खाने को भी स्वादिष्ट बना देता है. यही वजह है कि हर उम्र के लोग अचार पसंद करते हैं. अगर किसान मशरूम का अचार बनाकर बाजार में बेचते हैं, तो उन्हें बेहतर कीमत मिलती है और उनकी आमदनी बढ़ सकती है.

मशरूम का अचार स्वाद के साथ सेहतमंद भी
मशरूम का अचार स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है. मशरूम में प्रोटीन, विटामिन और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को ताकत देने का काम करते हैं. इसलिए यह अचार सिर्फ स्वाद बढ़ाने वाला नहीं बल्कि पौष्टिक भी होता है. यही कारण है कि आजकल बाजार में इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है. जो किसान इस अवसर को समझते हैं, वे कच्चे मशरूम की तुलना में अचार बनाकर ज्यादा मुनाफा कमा रहे हैं. यह एक ऐसा व्यवसाय बन सकता है, जिसमें कम लागत में अच्छा रिटर्न मिलने की तगड़ी संभावना रहती है.

क्या कहते हैं मशरूम के एक्सपर्ट
देवघर में मशरूम के एक्सपर्ट रंजीत झा ने लोकल 18 के संवाददाता से बातचीत करते हुए कहा कि मशरूम का अचार बनाना बहुत ही आसान प्रक्रिया है. सबसे पहले ताजा मशरूम लेकर उसे अच्छी तरह साफ किया जाता है, ताकि उसमें लगी मिट्टी या पुआल हट जाए. इसके बाद मशरूम को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर उबलते पानी में कुछ समय के लिए डाला जाता है, जिससे वह साफ और नरम हो जाता है.

फिर उसे कपड़े में डालकर पानी अच्छी तरह निचोड़ लिया जाता है और 1 से 2 दिन धूप में सुखाया जाता है, ताकि उसमें नमी बिल्कुल न रहे. इसके बाद मशरूम में नमक, हल्दी, लाल मिर्च, मेथी, सौंफ जैसे अचार के मसाले मिलाए जाते हैं और सरसों का गर्म करके ठंडा किया हुआ तेल उसमें डालकर अच्छे से मिक्स किया जाता है.

बाजारों में 450 रुपए किलो बिक रहा है मशरूम का अचार
अंत में इसमें थोड़ा सा सिरका मिलाकर तैयार अचार को कांच की साफ और सूखी बोतल में भरकर एयरटाइट बंद कर दिया जाता है. ध्यान रखना जरूरी है कि अचार को हमेशा सूखे चम्मच से ही निकाला जाए, वरना यह खराब हो सकता है. सही तरीके से बनाया गया मशरूम का अचार 3 से 6 महीने तक सुरक्षित रहता है.

बाजार में इसकी कीमत करीब 450 रुपये प्रति किलो तक मिल जाती है, जिससे किसान अच्छी कमाई कर सकते हैं. इस तरह मशरूम की खेती के साथ-साथ उसका अचार बनाना किसानों के लिए एक बेहतरीन मुनाफे का जरिया साबित हो सकता है.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Write A Comment