Last Updated:
Samastipur Famous Bhelpuri: समस्तीपुर के दलसिंहसराय महावीर चौक पर भेलपुरी की एक दुकान है जो करीब 30 साल पुरानी है. संजीत कुमार कई मसाले, चटनी, वगैरह डालकर इसे तैयार करते हैं और ग्राहकों को कहना है कि इसके स्वाद में आज तक न बदलाव हुआ और न कमी आयी. रोज 200 से 300 प्लेट तक की बिक्री होती है और चटोरों की लाइन लगी रहती है.
समस्तीपुर. सड़क किनारे लगने वाली छोटी-छोटी खाने की दुकानों में अक्सर ऐसा स्वाद छिपा होता है, जो बड़े-बड़े रेस्टोरेंट को भी चुनौती दे देता है. समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय अनुमंडल स्थित महावीर चौक पर सजने वाली भेलपुरी की दुकान इसी क्रम में आती है जो इन दिनों लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. देखने में साधारण लगने वाली यह दुकान वर्षों से लोगों के स्वाद का भरोसा कायम किए हुए है.
शाम ढलते ही यहां भेलपुरी खाने वालों की भीड़ जुटने लगती है. स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोग भी इस खास स्वाद का आनंद लेने पहुंचते हैं. चटपटे स्वाद और खास मसालों के कारण यह भेलपुरी क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुकी है. कई लोग इसे दलसिंहसराय की पहचान तक मानने लगे हैं.
एक दर्जन से अधिक सामग्री से तैयार होता है खास स्वाद
इस भेलपुरी की सबसे बड़ी खासियत इसका अनोखा मिश्रण है. इसमें मुरही, पापड़ी, उबले आलू, प्याज, खट्टा-तीखा मसाला और कई अन्य सामग्री मिलाकर तैयार किया जाता है. अलग-अलग स्वादों का यह संगम इसे सामान्य भेलपुरी से अलग बनाता है. दुकानदार हर प्लेट को ताजा तैयार करते हैं, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
यही वजह है कि यहां पहुंचने वाले ग्राहक एक बार खाने के बाद दोबारा जरूर लौटते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि महावीर चौक की भेलपुरी का स्वाद वर्षों से एक जैसा बना हुआ है और इसी लगातार अच्छे स्वाद ने इसे लोकप्रिय बनाया है. शाम के समय यहां ग्राहकों की इतनी भीड़ होती है कि कई बार लोगों को अपनी बारी का इंतजार भी करना पड़ता है.
30 वर्षों की परंपरा, रोजाना सैकड़ों ग्राहक
दुकानदार संजीत कुमार बताते हैं कि उनकी दुकान का इतिहास तीन दशक से भी अधिक पुराना है. पहले इस दुकान की जिम्मेदारी परिवार के दूसरे सदस्य संभालते थे, लेकिन अब वे खुद इस काम को आगे बढ़ा रहे हैं. उन्होंने बताया कि भेलपुरी में इस्तेमाल होने वाले खट्टे, तीखे और चटपटे मसालों का खास संतुलन ही इसकी लोकप्रियता का मुख्य कारण है.
कीमत भी आम लोगों की पहुंच में है और न्यूनतम 20 रुपये में ग्राहक इसका स्वाद ले सकते हैं. संजीत के अनुसार, प्रतिदिन 200 से 300 लोगों के बीच भेलपुरी की बिक्री होती है. यही कारण है कि महावीर चौक की यह छोटी-सी दुकान आज स्वाद पसंद करने वालों के लिए एक खास ठिकाना बन चुकी है, जहां लोग केवल पेट भरने नहीं, बल्कि जायके का अनोखा अनुभव लेने पहुंचते हैं.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें