Shahi Malai Laddoo Recipe : रक्षाबंधन का त्योहार हो और घर पर बनी मिठाई की खुशबू न आए, ऐसा तो हो ही नहीं सकता. अक्सर त्योहारों के सीजन में बाजार की मिठाइयों में मिलावट और अनहेल्दी चीजों की भरमार होती है, जो सेहत को नुकसान पहुंचा सकती हैं. ऐसे में अपने भाई को बाजार की अनहेल्दी और मिलावटी मिठाइयों से बचाने के लिए घर पर अपने हाथ से बनी शुद्ध मिठाई से बेहतर कुछ नहीं हो सकता.
अगर आप इस बार अपने भाई के लिए कुछ खास, सेहतमंद और शाही बनाने की सोच रही हैं, तो यह दानेदार मलाई लड्डू बेहतरीन ऑप्शन है. इसे बनाना बहुत आसान है और इसके लिए आपको बाजार से कोई मावा या खोया लाने की जरूरत नहीं है. बस रसोई में रखे दूध और थोड़े से छेने से यह मुंह में घुल जाने वाली मिठाई मिनटों में बनकर तैयार हो जाती है. आइए जानते हैं इसे बनाने की पूरी रेसिपी.
अगर आप इस बार अपने भाई के लिए कुछ खास, सेहतमंद और शाही बनाने की सोच रही हैं, तो यह दानेदार मलाई लड्डू बेहतरीन ऑप्शन है.
सामग्री (Ingredients)-
दूध: 2.5 लीटर (1.5 लीटर छेना बनाने के लिए + 1 लीटर कढ़ाने के लिए)
सिरका (Vinegar): 2 बड़े चम्मच (छेना फाड़ने के लिए)
दूध की मलाई: 2 बड़े चम्मच
चीनी: 1/2 कप (स्वादानुसार)
केसर: कुछ धागे (सजावट और खुशबू के लिए)
पिस्ता: बारीक कटा हुआ (सजावट के लिए)
बनाने का तरीका (Step-by-Step Recipe)
1. छेना तैयार करें: सबसे पहले 1.5 लीटर दूध को उबाल लें. जब दूध में उबाल आ जाए, तो गैस बंद करें और उसमें 2 चम्मच सिरका (या नीबू का रस) थोड़ा-थोड़ा करके डालें. दूध फटने लगेगा और छेना अलग हो जाएगा. अब इसे एक साफ सूती कपड़े में छान लें और ठंडे पानी से अच्छी तरह धो लें ताकि सिरके का खट्टापन निकल जाए. कपड़े को हल्का दबाकर सारा पानी निकाल दें.
2. दूध को गाढ़ा करें: अब एक कढ़ाई में बचा हुआ 1 लीटर दूध डालकर उबलने के लिए रख दें. इसे मध्यम आंच पर तब तक पकाएं जब तक कि यह गाढ़ा होकर लगभग आधा न रह जाए.
3. छेना और मलाई को फेंटें: जब तक दूध गाढ़ा हो रहा है, तब तक तैयार किए गए छेने में 2 चम्मच दूध की ताजा मलाई मिलाएं. इसे हाथों या हथेली की मदद से अच्छी तरह से फेंट लें ताकि यह एकदम स्मूथ और सॉफ्ट हो जाए.
4. मिक्सचर को पकाएं: गाढ़े हो चुके दूध में अब मलाई मिला हुआ छेना डाल दें. गैस की आंच धीमी रखें और इसे कढ़ाई में लगातार चलाते रहें ताकि यह नीचे से चिपके नहीं. धीरे-धीरे यह गाढ़ा और दानेदार नजर आने लगेगा.
5. चीनी और सेट करने का तरीका: जब यह मिश्रण सूखने लगे, तब इसमें आधा कप चीनी डालें. चीनी डालते ही मिश्रण थोड़ा ढीला होगा, इसलिए इसे तब तक पकाएं जब तक यह कढ़ाई न छोड़ने लगे और बंधने जैसी स्थिति में न आ जाए. अब गैस बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें.
6. लड्डू बनाएं और सजाएं: जब मिश्रण हाथों से छूने लायक ठंडा हो जाए, तो थोड़ा-थोड़ा हिस्सा हाथ में लेकर गोल-गोल लड्डू बना लें. ऊपर से केसर के धागे और कटा हुआ पिस्ता चिपकाकर सजाएं. थोड़ी देर सेट होने के लिए रख दें.
बस, आपके शुद्ध और शाही दानेदार मलाई लड्डू बनकर तैयार हैं! इस रक्षाबंधन भाई को अपने हाथों से बने यह लड्डू खिलाएं और तारीफें पाएं.