Last Updated:
Karela Achar Recipe: गर्मी के मौसम में अगर आप घर पर कुछ अलग और स्वादिष्ट अचार बनाना चाहते हैं, तो करेले का अचार एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. करेले की कड़वाहट को मसालों के खास स्वाद के साथ मिलाकर तैयार किया गया यह अचार खाने में बेहद स्वादिष्ट लगता है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता और घर में मौजूद सामान्य सामग्री से इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है. जानिए 30 मिनट में स्वादिष्ट करेले का अचार बनाने की आसान विधि.
गर्मी के मौसम में अगर आप घर पर करेले का स्वादिष्ट अचार बनाना चाहते हैं, तो आज हम आपको इसकी आसान रेसिपी बताने जा रहे हैं. इस विधि से आप सिर्फ 30 मिनट में करेले का अचार तैयार कर सकते हैं. यह अचार खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है.
करेला खाने वाले लोगों के लिए यह रेसिपी काफी खास है. खासकर जिन लोगों को करेले का स्वाद पसंद है और जो इसे अपनी डाइट में शामिल करते हैं, उनके लिए करेले का अचार एक अच्छा विकल्प हो सकता है. आज हम आपको बताएंगे कि कम समय में स्वादिष्ट करेले का अचार बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत होगी और इसे बनाने का आसान तरीका क्या है.
करेले का अचार बनाने के लिए सबसे पहले 300 ग्राम करेले लें. इन्हें अच्छी तरह धोकर छोटे और पतले टुकड़ों में काट लें. इसके बाद कटे हुए करेले में थोड़ा नमक मिलाकर कुछ देर के लिए ढककर रख दें, ताकि करेले की अतिरिक्त कड़वाहट और पानी बाहर निकल जाए.
Add News18 as
Preferred Source on Google
करीब 15 मिनट बाद करेले से निकले पानी को अलग कर दें और करेले के टुकड़ों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. इसके बाद इन्हें किसी सूखे कपड़े पर फैलाकर करीब एक घंटे तक हवा में सूखने दें. ध्यान रखें कि करेले में बिल्कुल भी नमी नहीं रहनी चाहिए, तभी अचार लंबे समय तक अच्छा रहेगा.
अब अचार के लिए मसाले तैयार करें. इसके लिए एक छोटी कढ़ाई को हल्की आंच पर गर्म करें और उसमें थोड़ी सौंफ, मेथी, एक छोटी चम्मच जीरा और अजवाइन डालकर हल्का भून लें. इससे मसालों की नमी खत्म हो जाएगी और उनका स्वाद भी बढ़ जाएगा. आप चाहें तो इन मसालों को तेज धूप में भी सुखा सकते हैं.
मसाले ठंडे होने के बाद उन्हें मिक्सर जार में डालें और उसमें दो बड़े चम्मच पीली सरसों मिलाकर दरदरा पीस लें. इसके बाद एक कच्चा आम लेकर उसे छीलकर कद्दूकस कर लें. अब सरसों के तेल को गर्म करें और ठंडा होने के बाद उसमें तैयार मसाले डालें. साथ ही हल्दी, हींग, नमक, कश्मीरी लाल मिर्च और काला नमक मिलाएं. इसके बाद इसमें सूखे हुए करेले और कद्दूकस किया हुआ आम डालकर अच्छी तरह मिला दें.
सभी सामग्री को अच्छे से मिलाने के बाद इसे करीब 2 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद अचार को साफ कांच के जार में भरकर रख दें. करीब 24 घंटे में करेले का खट्टा-चटपटा अचार खाने के लिए तैयार हो जाएगा. हालांकि, इसका असली स्वाद 2 से 3 दिन बाद और बेहतर आता है. अचार को अगर एक-दो दिन धूप में रख दिया जाए तो यह ज्यादा अच्छी तरह तैयार हो जाता है और लंबे समय तक खराब नहीं होता.
करेले का अचार उन लोगों को काफी पसंद आता है जिन्हें करेले का स्वाद अच्छा लगता है. कई लोग इसे अपनी डाइट का हिस्सा बनाते हैं. यह अचार खाने में स्वादिष्ट होने के साथ करेले के गुणों से भरपूर होता है. अगर आप इस आसान विधि से अचार तैयार करेंगे तो यह स्वादिष्ट भी बनेगा और लंबे समय तक सुरक्षित भी रह सकता है.