Banana Flower Sabji Recipe: घर में अक्सर आलू, पनीर, भिंडी या कच्चे केले की सब्जी बनती रहती है, लेकिन क्या आपने कभी केले के फूल की मसालेदार सब्जी ट्राई की है? सुनने में ये डिश थोड़ी अलग जरूर लग सकती है, मगर इसका स्वाद इतना शानदार होता है कि लोग उंगलियां चाटते रह जाते हैं. गांवों और कई राज्यों में सालों से केले के फूल की सब्जी बनाई जाती रही है और अब धीरे-धीरे ये रेसिपी शहरों में भी काफी पसंद की जा रही है. खास बात ये है कि केले का फूल सिर्फ स्वाद में ही नहीं बल्कि सेहत के लिए भी काफी अच्छा माना जाता है.
कई लोगों को लगता है कि केले के फूल में कड़वाहट होती है, इसलिए इसकी सब्जी अच्छी नहीं बनेगी, लेकिन सही तरीके से साफ करके और मसालों के साथ पकाया जाए तो इसका स्वाद बेहद लाजवाब हो जाता है, अगर आप रोज एक जैसी सब्जियां खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो केले के फूल की ये रेसिपी आपके लिए एकदम परफेक्ट है. इसे रोटी, पराठा या चावल किसी के साथ भी खाया जा सकता है. आइए जानते हैं केले के फूल की स्वाद से भरपूर मसालेदार सब्जी बनाने का आसान तरीका.
केले के फूल की सब्जी के लिए जरूरी सामग्री
-1 केला फूल (बारीक कटा हुआ)
-2 प्याज (बारीक कटे हुए)
-2 टमाटर (कटे हुए)
-2 हरी मिर्च
-1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
-1/2 छोटा चम्मच हल्दी
-1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
-1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
-1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला
-1/2 छोटा चम्मच जीरा
-स्वादानुसार नमक
-2 बड़े चम्मच तेल
-हरा धनिया गार्निश के लिए
केले के फूल की सफाई कैसे करें?
केले के फूल की सब्जी बनाने से पहले उसकी सही सफाई करना बहुत जरूरी होता है. सबसे पहले केले के फूल की ऊपर वाली गहरे रंग की पत्तियां निकाल दें. इसके अंदर छोटे-छोटे फूल निकलेंगे. हर छोटे फूल में एक सख्त डंडी और पतली पारदर्शी लेयर होती है, उसे हटाना जरूरी है क्योंकि वही कड़वाहट बढ़ाती है. अब इन फूलों को बारीक काट लें और हल्दी व नमक मिले पानी में करीब 15 से 20 मिनट तक भिगोकर रखें. इससे इसकी कड़वाहट काफी कम हो जाती है और सब्जी का स्वाद भी बढ़ जाता है. कई लोग इसमें थोड़ा छाछ या नींबू का रस भी डालते हैं, जिससे फूल काले नहीं पड़ते.
केले के फूल की मसालेदार सब्जी बनाने का तरीका
1. फूलों को हल्का उबाल लें
सबसे पहले कटे हुए केले के फूलों को पानी में हल्का उबाल लें. इससे फूल नरम हो जाते हैं और उनका कच्चापन भी खत्म हो जाता है. उबालने के बाद अतिरिक्त पानी निकाल दें.
2. मसाले तैयार करें
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर उसमें जीरा डालें. जब जीरा चटकने लगे तब बारीक कटा प्याज डालकर हल्का गोल्डन होने तक भूनें.
3. टमाटर और मसाले मिलाएं
प्याज अच्छी तरह भुन जाए तो उसमें अदरक-लहसुन पेस्ट और हरी मिर्च डालें. इसके बाद कटे हुए टमाटर डालकर मसाला पकाएं. जब मसाला तेल छोड़ने लगे तब उसमें हल्दी, धनिया पाउडर और लाल मिर्च डाल दें.
4. केले के फूल डालें
अब उबले हुए केले के फूल मसाले में डाल दें और अच्छे से मिलाएं. स्वादानुसार नमक डालें और धीमी आंच पर 5 से 7 मिनट तक पकने दें ताकि मसाले का स्वाद फूलों में अच्छी तरह उतर जाए.
5. आखिर में लगाएं स्वाद का तड़का
जब सब्जी अच्छी तरह पक जाए तब ऊपर से थोड़ा गरम मसाला और बारीक कटा हरा धनिया डाल दें. आपकी गर्मागर्म केले के फूल की स्वादिष्ट मसालेदार सब्जी तैयार है.
रोटी-चावल दोनों के साथ लगती है शानदार
केले के फूल की ये सब्जी रोटी, पराठा और चावल तीनों के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है. कई जगहों पर लोग इसके पकौड़े, कटलेट और कोफ्ते भी बनाते हैं. इसका मसालेदार स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है, अगर आप अपने खाने में कुछ नया और अलग जोड़ना चाहते हैं, तो ये रेसिपी जरूर ट्राई करें.
सेहत के लिए भी फायदेमंद
केले के फूल में फाइबर, आयरन और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. इसे खाने से पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है. गांवों में लोग इसे पुराने समय से घर की रसोई का हिस्सा बनाते आए हैं. स्वाद और सेहत का ऐसा कॉम्बिनेशन कम ही देखने को मिलता है.