Last Updated:

Biryani Masala Recipe: बिरयानी की खुशबू और स्वाद उसमें डालने वाले मसाले से आती है. इसलिए मसालों का सही अनुपात में मिला होना जरूरी है. ऐसे में यदि आप हर बार घर रेस्टॉरेंट जैसा बिरयानी खाना चाहते हैं, तो यहां इसका मसाला बनाने का तरीका जान लीजिए. इससे आपको बिना ज्यादा मेहनत हर बार खुशबूदार और स्वाद से भरपूर बिरयानी खाने के लिए मिलेगा. क्योंकि इसे आप एक बार बनाकर लंबे समय के लिए स्टोर भी कर सकते हैं.

ख़बरें फटाफट

Zoom

Biryani Masala Recipe: बिरयानी का नाम सुनते ही मन में उसकी शानदार खुशबू और लाजवाब स्वाद की तस्वीर उभर आती है. चाहे वेज बिरयानी हो, चिकन बिरयानी या फिर साधारण पुलाव, इन सभी व्यंजनों का असली स्वाद मसालों पर निर्भर करता है. वैसे तो बाजार में कई तरह के रेडीमेड बिरयानी मसाले आसानी से मिल जाते हैं, लेकिन इनमें अक्सर प्रिजर्वेटिव्स और अलग से फ्लेवर मिलाए जाते हैं. ऐसे में अगर आप घर पर ही शुद्ध और ताजा बिरयानी मसाला तैयार करें, तो खाने का स्वाद कई गुना बढ़ सकता है.

घर पर बना मसाला न सिर्फ ज्यादा सुगंधित होता है, बल्कि आप अपनी पसंद के अनुसार इसकी मात्रा और तीखापन भी तय कर सकते हैं. अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी खास सामग्री की जरूरत नहीं होती. आपकी रसोई में मौजूद कुछ साबुत मसालों की मदद से एक बेहतरीन बिरयानी मसाला तैयार किया जा सकता है. सही तरीके से तैयार और स्टोर किया गया मसाला लंबे समय तक अपनी खुशबू बनाए रखता है और हर बार बिरयानी को खास स्वाद देता है.

ऐसे बनाएं बिरयानी मसाला
सामाग्री
​धनिया साबुत – 4 बड़े चम्मच
जीरा – 2 बड़े चम्मच
​सौंफ – 1 बड़ा चम्मच
​काली मिर्च – 1 बड़ा चम्मच
​हरी इलायची – 10 से 12
​बड़ी इलायची – 3 से 4
​दालचीनी – 2-3 इंच के टुकड़े
​लौंग – 15 से 20
​तेज पत्ता – 3 से 4
जावित्री – 2 फूल
चक्र फूल – 2

विधि
सबसे पहले एक मोटे तले की कड़ाही या पैन को धीमी आंच पर गर्म करें. अब सभी साबुत मसालों को इसमें डाल दें और लगातार चलाते हुए 2 से 3 मिनट तक सूखा भूनें. मसालों को तब तक भूनना है जब तक उनमें से हल्की और मनमोहक खुशबू आने न लगे. इसके बाद गैस बंद कर दें और मसालों को एक प्लेट में निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें. जब मसाले ठंडे हो जाएं, तब उन्हें मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें. तैयार पाउडर को छानकर एयरटाइट डिब्बे में भर लें. आपका घर का बना ताजा और खुशबूदार बिरयानी मसाला तैयार है.

स्वाद बढ़ाने के लिए अपनाएं ये टिप्स
मसालों को हमेशा धीमी आंच पर ही भूनें. तेज आंच पर भूनने से मसाले जल सकते हैं और उनका स्वाद कड़वा हो सकता है. पीसने से पहले मसालों का पूरी तरह ठंडा होना भी जरूरी है, क्योंकि गर्म मसाले नमी छोड़ सकते हैं जिससे मसाला जल्दी खराब हो सकता है. मसाले को कांच के एयरटाइट जार में स्टोर करें. इससे उसकी खुशबू और ताजगी लंबे समय तक बनी रहती है. इस होममेड मसाले का उपयोग वेज बिरयानी, चिकन बिरयानी, मटन बिरयानी या पुलाव में किया जा सकता है. एक छोटा चम्मच मसाला भी आपकी डिश को रेस्टोरेंट जैसा स्वाद और शानदार खुशबू दे सकता है.

About the Author

शारदा सिंहSenior Sub Editor

शारदा सिंह एक अनुभवी लाइफस्टाइल पत्रकार हैं, जिनके पास डिजिटल मीडिया और कंटेंट लेखन के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से…

और पढ़ें



Source link

Write A Comment