Last Updated:
Aloo Chop Recipe: बारिश के मौसम में अगर चाय के साथ कुछ नया और कुरकुरा खाने का मन है, तो Aloo Chop Recipe जरूर ट्राई करें. मसालेदार आलू की स्टफिंग और क्रिस्पी परत वाला यह स्नैक घर पर आसानी से बनया जा सकता है.
बारिश में पकौड़ों से हटकर बनाएं क्रिस्पी आलू चॉप.
Aloo Chop Recipe: बारिश शुरू होते ही रसोई में कुछ गरमा-गरम और चटपटा बनाने का मन अपने आप होने लगता है. चाय की प्याली सामने हो और साथ में कुरकुरे पकौड़े मिल जाएं, तो मौसम का मजा ही अलग होता है. लेकिन अगर हर बार आलू के पकौड़े खाकर थोड़ा बदलाव चाहते हैं, तो इस बार आलू चॉप बनाकर देखिए. यह साधारण पकौड़ों से थोड़ा अलग है, क्योंकि इसमें मसालेदार आलू की स्टफिंग को बेसन और कॉर्न फ्लोर के घोल में लपेटकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तला जाता है.
बाहर से क्रिस्पी और अंदर से नरम मसालेदार आलू इसका स्वाद खास बना देते हैं. इसे बनाने के लिए किसी खास सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. घर में रखे आलू, बेसन और कुछ मसालों से ही शाम की चाय के लिए बढ़िया स्नैक तैयार हो सकता है.
घर पर ऐसे तैयार करें Crispy Aloo Chop
आलू चॉप की खासियत इसकी स्टफिंग में छिपी है. सबसे पहले दो बड़े आलू उबालकर ठंडे करें और छीलने के बाद उन्हें अच्छी तरह मैश कर लें. कोशिश करें कि आलू में बड़े टुकड़े न रहें, ताकि चॉप की टिक्की आसानी से आकार ले सके.
मसालेदार आलू की स्टफिंग बनाएं
कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और इसमें बारीक कटा प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. अब अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और कुछ सेकंड पकाने के बाद हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला मिलाएं. मसालों को बहुत देर तक तेज आंच पर न भूनें, वरना उनका स्वाद कड़वा हो सकता है. इसके बाद बारीक कटी हरी मिर्च और हरा धनिया डालें. अब मैश किए हुए आलू कड़ाही में डालकर मसाले के साथ अच्छी तरह मिलाएं. मिश्रण को 2-3 मिनट तक भूनने के बाद गैस बंद कर दें. आलू की स्टफिंग को प्लेट में निकालकर थोड़ा ठंडा होने दें.
कुरकुरी परत के लिए तैयार करें घोल
एक अलग बाउल में बेसन, कॉर्न फ्लोर और बेकिंग सोडा लें. इसमें स्वादानुसार नमक डालें और थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए गाढ़ा घोल तैयार करें. घोल बहुत पतला नहीं होना चाहिए. अगर घोल ज्यादा पतला होगा, तो आलू की टिक्की पर इसकी परत ठीक से नहीं चढ़ेगी. अब ठंडी हो चुकी आलू की स्टफिंग से छोटी-छोटी गोल या हल्की चपटी टिक्कियां तैयार करें. हर टिक्की को बेसन के घोल में अच्छी तरह डुबोएं, ताकि चारों तरफ समान परत लग जाए.
मीडियम आंच पर तलना है जरूरी
कड़ाही में पर्याप्त तेल गर्म करें. तेल बहुत तेज गर्म होने पर बाहर की परत जल्दी भूरी हो सकती है, जबकि अंदर का हिस्सा ठीक से गर्म नहीं होगा. इसलिए चॉप को मीडियम आंच पर तलना बेहतर रहता है. आलू की टिक्कियों को सावधानी से गर्म तेल में डालें और दोनों तरफ से सुनहरा व कुरकुरा होने तक तलें. तैयार चॉप को टिश्यू या प्लेट पर निकालें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए.
गरमा-गरम Aloo Chop को हरी चटनी, इमली की चटनी या टोमैटो सॉस के साथ परोसें. शाम की चाय के साथ इसका कुरकुरा स्वाद बारिश के मौसम की छोटी-सी दावत जैसा लगेगा. चाहें तो स्टफिंग में थोड़ा चाट मसाला या बारीक कटा हरा धनिया बढ़ाकर स्वाद को अपने हिसाब से भी बदल सकते हैं.
About the Author
मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…
और पढ़ें