Last Updated:
Matar Paneer Recipe: मटर पनीर भारत की सबसे लोकप्रिय डिश मानी जाती है. इसका स्वाद लाजवाब होता है और अक्सर लोग रेस्टोरेंट में जाकर इसका स्वाद उठाते हैं. आसान रेसिपी की मदद से आप घर पर ही रेस्टोरेंट जैसा स्वादिष्ट और मलाईदार मटर पनीर बना सकते हैं. आसान कुकिंग टिप्स अपनाकर इसका स्वाद और खुशबू बढ़ा सकते हैं.
घर पर आसानी से मलाईदार मटर पनीर बना सकते हैं.
Matar Paneer Recipe Hindi: पनीर की सबसे फेमस डिश की बात हो और मटर पनीर का जिक्र न हो, ऐसा मुश्किल है. मटर पनीर सबसे लोकप्रिय डिश है, जिसे बच्चे से लेकर बड़े तक सभी पसंद करते हैं. शादी-पार्टी हो या घर का खास डिनर, मटर पनीर अक्सर मेन्यू का हिस्सा होता है. इसकी मलाईदार ग्रेवी, मुलायम पनीर और मसालों की खुशबू खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देती है. अगर आपको लगता है कि रेस्टोरेंट जैसा मटर पनीर घर पर नहीं बन सकता, तो यह सोच बदलने का समय आ गया है. कुछ आसान टिप्स और सही तरीके से आप घर पर ही स्वादिष्ट और रेस्टोरेंट स्टाइल मटर पनीर तैयार कर सकते हैं.
मटर पनीर के लिए जरूरी सामग्री
स्वादिष्ट मटर पनीर बनाने के लिए आपको लगभग 250 ग्राम पनीर, एक कप हरी मटर, 2 बड़े प्याज, 2 टमाटर, 1 हरी मिर्च, एक छोटा टुकड़ा अदरक और कुछ लहसुन की कलियां चाहिए होंगी. मसालों में हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, कसूरी मेथी और नमक का उपयोग किया जाता है. इसके अलावा थोड़ा सा ताजा क्रीम या मलाई और हरा धनिया भी स्वाद और सजावट के लिए रखा जा सकता है.
ऐसे तैयार करें मसालेदार ग्रेवी
रेस्टोरेंट स्टाइल मटर पनीर की जान उसकी ग्रेवी होती है. इसके लिए सबसे पहले प्याज, टमाटर, अदरक, लहसुन और हरी मिर्च को हल्का भून लें. जब यह नरम हो जाएं तो इन्हें ठंडा करके मिक्सर में पीस लें. अब एक कड़ाही में तेल या घी गर्म करें और तैयार पेस्ट को धीमी आंच पर अच्छी तरह भूनें. जब मसाला तेल छोड़ने लगे, तब इसमें हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालें. मसाले को अच्छी तरह पकाने से ग्रेवी का स्वाद और रंग दोनों बेहतर हो जाते हैं.
मटर और पनीर डालने का सही तरीका
जब ग्रेवी अच्छी तरह तैयार हो जाए, तब इसमें उबले हुए मटर डालें और कुछ मिनट तक पकाएं. इसके बाद कटे हुए पनीर के टुकड़े डालें. अगर आप पनीर को और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो उसे हल्का सा घी या तेल में सुनहरा होने तक फ्राई कर सकते हैं. हालांकि ताजा और मुलायम पनीर सीधे डालने पर भी बेहतरीन स्वाद देता है. अब जरूरत के अनुसार पानी मिलाकर सब्जी को 5 से 7 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें.
रेस्टोरेंट जैसा स्वाद ऐसा बनाएं
अगर आप चाहते हैं कि मटर पनीर का स्वाद बिल्कुल होटल जैसा आए, तो आखिर में एक चम्मच कसूरी मेथी को हथेलियों के बीच मसलकर डालें. इसके साथ एक से दो चम्मच ताजा क्रीम या मलाई भी मिला दें. इससे ग्रेवी का स्वाद और टेक्सचर दोनों शानदार हो जाते हैं. ऊपर से थोड़ा गरम मसाला डालने से खुशबू और भी बढ़ जाती है. यही छोटे-छोटे सीक्रेट्स रेस्टोरेंट वाले स्वाद का राज होते हैं. गरमा-गरम मटर पनीर को बटर नान, तंदूरी रोटी, पराठे या जीरा राइस के साथ परोसा जा सकता है. ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया और थोड़ा सा क्रीम डालकर इसे सजाएं.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें