Last Updated:
Garlic Chutney Recipe: साउथ इंडियन रेड गार्लिक चटनी एक आसान और स्वाद से भरपूर रेसिपी है जो आपके खाने को तुरंत खास बना देती है. घर पर कम समय में तैयार होने वाली ये चटनी इडली, डोसा और कई दूसरी चीजों के साथ परफेक्ट लगती है.
लहसुन चटनी रेसिपी
Garlic Chutney Recipe: आप इडली, डोसा या उत्तपम खाने के शौकीन हैं, तो आपने नारियल चटनी तो कई बार खाई होगी, लेकिन असली मजा तब आता है जब प्लेट में साथ में साउथ इंडियन स्टाइल लाल लहसुन की चटनी भी हो. इसका तीखा, हल्का खट्टा और मसालेदार स्वाद ऐसा होता है कि हर बाइट में एक अलग ही मजा देता है. कई लोग बाहर होटल में इस चटनी का स्वाद लेते हैं और सोचते हैं कि इसे घर पर बनाना मुश्किल होगा, लेकिन सच्चाई ये है कि ये चटनी बेहद आसान तरीके से घर में तैयार हो सकती है. इस चटनी की खास बात ये है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली चीजें आम किचन में आसानी से मिल जाती हैं.
साथ ही इसका स्वाद इतना दमदार होता है कि ये साधारण इडली या डोसा को भी खास बना देती है, अगर आप भी अपने खाने में थोड़ा ट्विस्ट लाना चाहते हैं, तो ये रेसिपी आपके लिए एकदम सही है. चलिए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका, ताकि अगली बार जब आप साउथ इंडियन खाना बनाएं, तो ये चटनी आपकी प्लेट की स्टार बन जाए.
चटनी बनाने के लिए जरूरी सामान
इस चटनी को बनाने के लिए आपको ज्यादा झंझट नहीं करना पड़ेगा. बस ये चीजें तैयार रखें:
-1 कप लहसुन की कलियां
-2 बड़े प्याज
-4 सूखी लाल मिर्च
-2 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
-2 इंच इमली
-2 चम्मच राई
-10-12 करी पत्ते
-2 चम्मच उड़द दाल
-1/2 चम्मच हींग
-4 बड़े चम्मच मूंगफली का तेल
-नमक स्वाद के हिसाब से
बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले एक पैन लें और उसमें मूंगफली का तेल गरम करें. जब तेल हल्का गरम हो जाए, तो उसमें लहसुन की कलियां, कटा हुआ प्याज और सूखी लाल मिर्च डाल दें. इन्हें मध्यम आंच पर तब तक भूनें जब तक ये हल्के सुनहरे और खुशबूदार न हो जाएं. अब इस मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद इसे मिक्सर में डालें. साथ में कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर और इमली भी डाल दें. अब इसे अच्छे से पीस लें ताकि एक स्मूद पेस्ट तैयार हो जाए. जरूरत लगे तो थोड़ा पानी डाल सकते हैं. अब इस पेस्ट में नमक मिलाएं और एक बार फिर हल्का सा मिक्स कर लें.
तड़का कैसे लगाएं
अब एक अलग पैन में थोड़ा तेल गरम करें. इसमें हींग, राई, करी पत्ते और उड़द दाल डालें. जैसे ही राई चटकने लगे और दाल हल्की सुनहरी हो जाए, तब इसमें तैयार किया हुआ चटनी का पेस्ट डाल दें. इसे अच्छे से मिलाएं और धीमी आंच पर 3-5 मिनट तक पकाएं. जब आपको दिखे कि तेल किनारों से अलग होने लगा है, तो समझ लें आपकी चटनी तैयार है.
परोसने का सही तरीका
इस चटनी को गरमा-गरम इडली, डोसा या उत्तपम के साथ परोसें. आप चाहें तो इसे पराठा या सैंडविच के साथ भी खा सकते हैं. इसका स्वाद हर चीज के साथ शानदार लगता है.
खास टिप्स
अगर ज्यादा तीखा पसंद है तो लाल मिर्च की मात्रा बढ़ा सकते हैं. हल्का खट्टापन चाहिए तो इमली थोड़ा ज्यादा डालें. तेल थोड़ा ज्यादा रखने से चटनी ज्यादा दिन तक खराब नहीं होती है.
About the Author
मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें