Last Updated:

Baigan Bhaja Recipe: क्रिस्पी और सॉफ्ट बैंगन भाजा बहुत ही आसानी से बनाया जा सकता है. इस रेसिपी की खासियत यह है कि ये बिना ताम-झाम के तैयार हो जाती है और स्वाद ऐसा आता है कि जो नहीं खाता वो भी बैंगन खाने लगता है. दाल-चावल के साथ यह बहुत टेस्टी लगती है.

ख़बरें फटाफट

जमशेदपुर. बैंगन देखकर अक्सर लोग नाक-मुंह बनाने लगते हैं और इसे खाने का मन नहीं करता. लेकिन अगर बैंगन को सही तरीके से तैयार किया जाए तो इसका स्वाद इतना शानदार हो सकता है कि इसे पसंद नहीं करने वाले लोग भी दोबारा मांग सकते हैं. आज हम आपको घर पर बनने वाले क्रिस्पी और सॉफ्ट बैंगन भाजा की आसान रेसिपी बता रहे हैं. इसे बनाने में ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ती और कुछ ही मिनटों में यह स्वादिष्ट डिश तैयार हो जाती है.

बैंगन को गोल आकार में काट लें
इसके लिए सबसे पहले गोल आकार वाला बैंगन लें, जिसे कई जगह भांटा बैंगन भी कहा जाता है. बैंगन को अच्छी तरह पानी से धोकर साफ कर लें. इसके बाद इसे थोड़े मोटे आकार में गोल-गोल स्लाइस में काटें. बहुत पतला काटने से बैंगन जल्दी टूट सकता है, इसलिए स्लाइस को हल्का मोटा रखना बेहतर रहेगा. कटे हुए बैंगन के टुकड़ों को एक प्लेट या बर्तन में रख लें.

हर स्लाइस पर हो जाए मसाले की कोटिंग
अब बैंगन को स्वाद देने के लिए इसमें नमक, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, थोड़ी सी कश्मीरी लाल मिर्च और गरम मसाला डालें. सभी मसालों को बैंगन के टुकड़ों पर अच्छी तरह लगाएं, ताकि हर स्लाइस पर मसाले की अच्छी कोटिंग हो जाए. इसके बाद इसे करीब 10 से 15 मिनट के लिए मैरिनेट होने के लिए छोड़ दें. इससे मसालों का स्वाद बैंगन के अंदर तक अच्छी तरह पहुंच जाएगा.

दोनों तरफ से क्रिस्पी कर लें
अब कढ़ाई गैस पर रखें और इसमें पर्याप्त मात्रा में सरसों का तेल डालकर अच्छी तरह गर्म करें. तेल गर्म होने के बाद मैरिनेट किए हुए बैंगन के टुकड़ों को कढ़ाई में रखें. बैंगन को धीमी से मध्यम आंच पर पकाएं और बीच-बीच में पलटते रहें, ताकि दोनों तरफ से बराबर पक सके. करीब 10 से 12 मिनट तक इसे पकाने के बाद बैंगन का रंग सुनहरा होने लगेगा और किनारे हल्के क्रिस्पी हो जाएंगे.

आसानी से बनती है टेस्टी डिश
जब बैंगन बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट हो जाए, तो इसे प्लेट में निकाल लें. गरमा-गरम बैंगन भाजा को दाल-चावल, रोटी या पराठे के साथ सर्व कर सकते हैं. ऊपर से थोड़ा हरा धनिया डालने पर इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. इस तरह घर पर बेहद कम सामग्री और आसान तरीके से ऐसा बैंगन भाजा तैयार किया जा सकता है, जिसका स्वाद आपको बाहर की किसी डिश की याद दिला देगा.

About the Author

Raina Shukla

Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…

और पढ़ें



Source link

Write A Comment