हैदराबाद. बिरयानी का नाम सुनते ही मुंह में पानी आने लगता है. खासकर हैदराबादी बिरयानी की बात ही कुछ और है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बिरयानी का असली स्वाद मिर्ची के सालन के बिना कुछ अधूरा-सा लगता है? तीखेपन, खट्टेपन और मसालों से भरपूर यह ग्रेवी बिरयानी के हर निवाले का स्वाद बढ़ा देती है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा मेहनत की जरूरत नहीं होती. कुछ खास मसालों और सही तरीके से पकाने पर घर पर भी रेस्टोरेंट जैसा स्वाद पाया जा सकता है. मूंगफली, तिल, सूखा नारियल और इमली इस सालन को खास स्वाद और गाढ़ापन देते हैं.

अगर आप भी घर पर दम बिरयानी, पुलाव या सादे चावल के साथ कुछ स्पेशल बनाना चाहते हैं, तो हैदराबादी मिर्ची का सालन एक बेहतरीन विकल्प है. सबसे पहले 8-10 मोटी हरी मिर्च लें. मिर्च तलने के लिए तेल की जरूरत होगी. ग्रेवी तैयार करने के लिए मूंगफली, 1 चम्मच सफेद तिल, 2 चम्मच सूखा नारियल, 1 चम्मच साबुत धनिया, 1 चम्मच जीरा और कुछ खड़े मसाले लें. इसके अलावा 1 बड़ा कटा हुआ प्याज, 2 हरी मिर्च, 1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, आधा चम्मच हल्दी, नमक और जरूरत के अनुसार पानी रखें.

मिर्च को ऐसे करें तैयार

हरी मिर्च को अच्छी तरह धोकर कपड़े से पोंछ लें. इसके बाद मिर्च के बीच में लंबा चीरा लगाएं, लेकिन इसे पूरी तरह दो हिस्सों में न काटें. कढ़ाई में तेल गर्म करके मिर्चों को हल्का सुनहरा होने तक तल लें. ज्यादा काला या कुरकुरा करने की जरूरत नहीं है. तली हुई मिर्च को एक प्लेट में निकालकर अलग रख दें.

मसाले की ग्रेवी ऐसे होगी तैयार

अब एक पैन में मूंगफली, तिल, सूखा नारियल, साबुत धनिया, जीरा और खड़े मसाले डालकर धीमी आंच पर भूनें. मसालों से खुशबू आने लगे तो इन्हें प्लेट में निकाल लें. इसी पैन में थोड़ा तेल डालकर कटा हुआ प्याज हल्का सुनहरा होने तक भून लें. भुने मसालों और प्याज को मिक्सी में डालें. इसमें हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हल्दी, नमक और थोड़ा पानी डालकर एकदम बारीक पेस्ट तैयार कर लें. सालन का स्वाद अच्छा बनाने के लिए पेस्ट जितना स्मूथ होगा, ग्रेवी उतनी ही बढ़िया बनेगी.

तड़के से आएगा असली स्वाद

अब गहरी कढ़ाई में 3-4 चम्मच तेल गर्म करें. इसमें राई, जीरा, मेथी दाना, कलौंजी और करी पत्ते डालकर तड़का लगाएं. इसके बाद तैयार मसाला पेस्ट डालें और धीमी आंच पर अच्छी तरह भूनें. जब मसाले से तेल अलग होने लगे, तब इसमें 2-3 चम्मच इमली का पल्प और जरूरत के अनुसार पानी डालें. ग्रेवी को कुछ मिनट धीमी आंच पर पकने दें, ताकि मसालों और इमली का स्वाद अच्छी तरह मिल जाए.

आखिर में डालें तली हुई मिर्च

अब तैयार ग्रेवी में तली हुई हरी मिर्च डालकर धीमी आंच पर 5-7 मिनट पकाएं. अंत में आधा चम्मच गरम मसाला और बारीक कटा हरा धनिया डालकर मिला दें. जब ग्रेवी के ऊपर तेल नजर आने लगे, तो गैस बंद कर दें. आपका गरमा-गरम हैदराबादी मिर्ची का सालन तैयार है. इसे दम बिरयानी, हैदराबादी बिरयानी या पुलाव के साथ गरमा-गरम परोसें. तीखी मिर्च, खट्टी इमली और मसालों से बनी यह ग्रेवी बिरयानी के स्वाद को और भी खास बना देगी.



Source link

Write A Comment