Dal Pitha Recipe: आज जब लोग हेल्दी खाने की तलाश में महंगे सुपरफूड्स और विदेशी डाइट्स की ओर बढ़ रहे हैं, तब हमारे पारंपरिक भारतीय व्यंजन फिर से चर्चा में आ रहे हैं. बिहार की मशहूर डिश दाल पीठा (Dal Pitha) भी ऐसी ही एक पारंपरिक रेसिपी है, जो स्वाद और पोषण का शानदार मेल मानी जाती है. चावल के आटे की मुलायम परत में मसालेदार चना दाल की स्टफिंग भरकर इसे भाप में पकाया जाता है, जिससे यह कम तेल में बनने वाला पौष्टिक भोजन बन जाता है.
यही वजह है कि पोषण विशेषज्ञ भी इसे नियमित आहार में शामिल करने की सलाह देते हैं. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर उम्र के लोग इसे आसानी से खा सकते हैं और यह बिहार की समृद्ध खानपान परंपरा की भी खूबसूरत पहचान है. आज की ये रेसिपी हमारे साथ शेयर की है न्यूट्रिशनिस्ट अंजलि उपाध्याय ने.
दाल पीठा क्या है और क्यों है इतना खास?
दाल पीठा को अक्सर बिहार का पारंपरिक स्टीम्ड डंपलिंग कहा जाता है. यह बाहर से चावल के आटे की नरम परत और अंदर से मसालेदार चना दाल की भरावन से तैयार किया जाता है. सबसे खास बात यह है कि इसे डीप फ्राई करने की बजाय स्टीम किया जाता है, जिससे इसमें अतिरिक्त तेल की जरूरत नहीं पड़ती. गांवों में आज भी त्योहारों, पारिवारिक आयोजनों और खास मौकों पर दाल पीठा बनाया जाता है. अब शहरों में भी हेल्दी फूड पसंद करने वाले लोग इसे अपनी डाइट का हिस्सा बना रहे हैं.
दाल पीठा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
बाहरी परत के लिए
1. 2 कप चावल का आटा
2. 2½ कप पानी
3. 1 छोटा चम्मच घी
4. ½ छोटा चम्मच नमक
स्टफिंग के लिए
1. 1 कप भीगी हुई चना दाल
2. 1 बड़ा चम्मच सरसों का तेल
3. 1 छोटा चम्मच जीरा
4. 1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
5. 5–6 बारीक कटी लहसुन की कलियां
6. 2 बारीक कटी हरी मिर्च
7. ¼ छोटा चम्मच हल्दी
8. ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर (वैकल्पिक)
9. ½ छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
10. 2 बड़े चम्मच हरा धनिया
11. स्वादानुसार नमक
घर पर ऐसे बनाएं स्वादिष्ट दाल पीठा
सबसे पहले तैयार करें स्टफिंग
भीगी हुई चना दाल को बिना पानी डाले दरदरा पीस लें. एक पैन में सरसों का तेल गर्म करें. जीरा, अदरक, लहसुन और हरी मिर्च डालकर हल्का भूनें. अब इसमें पिसी हुई दाल, हल्दी, नमक और लाल मिर्च डालकर धीमी आंच पर लगभग 8 से 10 मिनट तक चलाते हुए पकाएं. आखिर में भुना जीरा और हरा धनिया मिलाकर मिश्रण को ठंडा होने दें.
अब तैयार करें चावल का आटा
एक बर्तन में पानी, नमक और घी उबालें. धीरे-धीरे चावल का आटा डालते हुए लगातार चलाएं. गैस बंद करके पांच मिनट ढककर रखें. हल्का गर्म रहते हुए इसे मुलायम आटे की तरह गूंथ लें और सूखने से बचाने के लिए गीले कपड़े से ढक दें.
पीठा को दें सही आकार
आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं. हथेली से दबाकर छोटी पूरी जैसा आकार दें. बीच में तैयार दाल की स्टफिंग रखें और किनारों को अच्छी तरह बंद करते हुए आधे चांद या अंडाकार आकार में तैयार करें.
आखिर में करें स्टीम
स्टीमर को हल्का चिकना करें और तैयार पीठा थोड़ी दूरी पर रखें. इन्हें 15 से 20 मिनट तक स्टीम करें. जब चावल की परत चमकदार और सख्त दिखने लगे तो समझिए दाल पीठा तैयार है.
किसके साथ खाएं दाल पीठा?
गरमा-गरम दाल पीठा का स्वाद टमाटर की चटनी, धनिया की चटनी या भुनी हुई लहसुन की चटनी के साथ सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है. कई परिवार इसे हल्की दाल या सब्जी के साथ भी परोसते हैं.
न्यूट्रिशनिस्ट क्यों करती हैं दाल पीठा की सिफारिश?
पोषण विशेषज्ञ अंजलि उपाध्याय के अनुसार दाल पीठा कई कारणों से एक संतुलित भोजन माना जा सकता है.
प्रोटीन का अच्छा स्रोत
चना दाल में भरपूर प्लांट प्रोटीन होता है, जो मांसपेशियों की मरम्मत और लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करता है.
फाइबर से भरपूर
इसमें मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर बनाने, आंतों की सेहत बनाए रखने और कब्ज जैसी समस्याओं को कम करने में सहायक हो सकता है.
कम तेल वाला भोजन
दाल पीठा स्टीम होकर बनता है, इसलिए इसमें अतिरिक्त तेल की मात्रा बेहद कम होती है. यही वजह है कि वजन नियंत्रित रखने वाले लोग भी इसे सीमित मात्रा में खा सकते हैं.
ग्लूटेन-फ्री विकल्प
चावल के आटे से बनने के कारण यह उन लोगों के लिए भी अच्छा विकल्प हो सकता है, जो गेहूं या ग्लूटेन से परहेज करते हैं.
पारंपरिक स्वाद के साथ हेल्दी लाइफस्टाइल
दाल पीठा इस बात का बेहतरीन उदाहरण है कि सेहतमंद भोजन के लिए हमेशा महंगी या विदेशी चीजों की जरूरत नहीं होती. भारत की पारंपरिक रेसिपियां स्थानीय सामग्री, कम तेल और संतुलित पोषण के साथ स्वाद भी देती हैं और संस्कृति से भी जोड़कर रखती हैं. अगर आप अपनी डाइट में कुछ नया, पौष्टिक और पारंपरिक जोड़ना चाहते हैं तो दाल पीठा एक शानदार विकल्प साबित हो सकता है.