Last Updated:
Ukadiche Modak Recipe: घर पर उकडीचे मोदक बनाते समय आटा सख्त या फटने की वजह अक्सर उसे तैयार करने का तरीका होता है. आधा कप पानी और आधा कप दूध में चावल का आटा डालकर पकाएं, अच्छी तरह मसलें और सही समय तक भाप दें. इससे परत बेहतर बनेगी.
मोदक घर पर सॉफ्ट और बिना फटे बनाने का आसान तरीका जानें. (Image-AI generated)
Ukadiche Modak Recipe: घर पर मोदक बनाने का उत्साह तब थोड़ा फीका पड़ जाता है जब पहली ही कोशिश में आटा हाथों से चिपकने लगे, खोलते समय टूट जाए या भाप में पकते-पकते फट जाए. खासकर उकडीचे मोदक में बाहर की परत सही बनाना सबसे बड़ी चुनौती होती है. कई बार सामग्री सही होने के बावजूद टेक्सचर बाजार या हलवाई जैसे नहीं आता. इसकी वजह अक्सर रेसिपी से ज्यादा आटा तैयार करने का तरीका होता है.
चावल के आटे को किस तापमान वाले पानी में डालना है, तरल का अनुपात कितना रखना है और उसे कितनी देर पकाना है, इन छोटी बातों से मोदक का पूरा नतीजा बदल सकता है. अगर आपके मोदक भी बार-बार बिगड़ जाते हैं तो यह तरीका आपके काम आ सकता है.
उकडीचे मोदक का आटा ही है असली खेल
उकडीचे मोदक की बाहरी परत मुलायम, चिकनी और पर्याप्त लचीली होनी चाहिए. आटा बहुत सख्त होगा तो उसे सांचे में फैलाना मुश्किल होगा और मोदक भाप में फट सकता है. वहीं बहुत ढीला आटा होने पर शेप बनाना आसान नहीं रहेगा. इसलिए सबसे पहले तरल का सही मिश्रण तैयार करना जरूरी है. एक गहरे बर्तन में आधा कप पानी और आधा कप दूध लें. इसमें आधा छोटा चम्मच घी, एक चुटकी नमक और एक चुटकी चीनी डालें. मिश्रण को मध्यम आंच पर अच्छी तरह उबलने दें. दूध से परत को मुलायम बनाने में मदद मिलती है जबकि घी आटे को रूखा होने से बचाता है.
चावल का आटा डालने का सही समय
मिश्रण में उबाल आते ही आंच धीमी कर दें और इसमें 1 कप बारीक चावल का आटा डालें. यहां जल्दबाजी बिल्कुल न करें. आटा डालते ही चम्मच या बेलन की मदद से तेजी से मिलाएं ताकि गांठें न बनें. अब बर्तन को ढककर धीमी आंच पर करीब 3 से 4 मिनट पकाएं. गैस बंद करने के बाद भी ढक्कन तुरंत न हटाएं. आटे को लगभग 5 मिनट ढका रहने दें. इससे गर्म भाप के कारण आटा अच्छी तरह सेट हो जाता है और बाद में गूंथते समय उसकी बनावट बेहतर रहती है.
नारियल-गुड़ की स्टफिंग ऐसे तैयार करें
मोदक का स्वाद उसकी स्टफिंग से भी तय होता है. एक कढ़ाई में एक छोटा चम्मच घी गर्म करें. इसमें 1 कप कद्दूकस किया हुआ ताजा नारियल और आधा कप कद्दूकस किया हुआ गुड़ डालें. मिश्रण को धीमी आंच पर चलाते रहें. गुड़ पिघलकर नारियल में अच्छी तरह मिल जाए तो गैस बंद कर दें. इसे बहुत देर तक न पकाएं. ज्यादा पकाने से स्टफिंग सूख सकती है और ठंडी होने पर सख्त हो सकती है. तैयार मिश्रण को अलग निकालकर ठंडा होने दें.
आटे को अच्छी तरह मसलना भी जरूरी
अब हल्के गर्म आटे को चौड़ी प्लेट या परात में निकालें. हाथों पर थोड़ा घी या गुनगुना पानी लगाकर इसे अच्छी तरह मसलें. करीब 3 से 4 मिनट तक आटे को हथेली से दबाकर गूंथने से उसकी सतह चिकनी होने लगेगी. यह कदम छोड़ना ठीक नहीं है. आटा जितना स्मूथ होगा उतनी आसानी से उसकी पतली परत तैयार होगी. मोदक बनाते समय किनारों पर दरारें भी कम होंगी.
सांचे में मोदक भरते समय रखें ध्यान
मोदक के सांचे के अंदर हल्का घी लगाएं. अब आटे की छोटी लोई लेकर सांचे में रखें और उंगलियों से उसे चारों तरफ फैलाएं. ध्यान रखें कि परत बहुत मोटी न हो. बीच में स्टफिंग के लिए पर्याप्त जगह छोड़ें. अब इसमें ठंडी हो चुकी नारियल-गुड़ की स्टफिंग भरें. ऊपर से आटे को हल्के हाथ से दबाकर बंद करें. सांचे को धीरे से खोलें ताकि तैयार मोदक की पंखुड़ियां खराब न हों.
भाप में पकाने का सही तरीका
स्टीमर या बड़े बर्तन में पानी गर्म करें. छलनी पर केले का पत्ता बिछा सकते हैं या हल्का घी लगा सकते हैं. इससे मोदक चिपकेंगे नहीं. तैयार मोदक को थोड़ी दूरी पर रखें ताकि भाप सभी तक आसानी से पहुंच सके. ढक्कन बंद करके मध्यम से तेज आंच पर करीब 7 से 8 मिनट भाप में पकाएं. बहुत ज्यादा देर तक पकाने से बाहरी परत सूख सकती है. पकने के बाद मोदक पर हल्की चमक दिखाई देने लगे तो उन्हें बाहर निकाल लें.
About the Author
कीर्ति राजपूत हिंदी डिजिटल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की एक अनुभवी पत्रकार हैं. उन्हें मीडिया इंडस्ट्री में करीब 13 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह साल 2021 से News18 हिंदी की धर्म टीम के साथ जुड़ी हैं, जहां…
और पढ़ें