Last Updated:
Kitchen Hacks: कई बार सब्जी बनाते समय तेल जरूरत से ज्यादा हो जाता है, जिससे स्वाद और सेहत दोनों खराब हो सकते हैं. खासकर सूखी सब्जियों में ऊपर तैरता तेल देखने में भी अच्छा नहीं लगता. ऐसे में सोशल मीडिया पर दीपिका का एक आसान कटोरी हैक तेजी से वायरल हो रहा है. इस तरीके में बिना सब्जी छाने और बिना मसाले बदले, सिर्फ एक छोटी स्टील की कटोरी की मदद से अतिरिक्त तेल अलग किया जा सकता है. यह तरीका आसान होने के साथ काफी काम का माना जा रहा है.
सब्जी से तेल निकालने का तरीका
Kitchen Hacks: घर में खाना बनाते समय कई बार ऐसा हो जाता है कि सब्जी में तेल थोड़ा ज्यादा पड़ जाता है. खासकर जब जल्दी में खाना बनाया जाए या मसालों को अच्छे से भूनने के लिए ज्यादा तेल डाल दिया जाए, तब यह परेशानी आम हो जाती है. शुरुआत में लगता है कि तेल ज्यादा होने से स्वाद बढ़ेगा, लेकिन कई बार यही तेल सब्जी को भारी और चिपचिपा बना देता है. ऊपर तैरता तेल देखने में भी अच्छा नहीं लगता और खाने का पूरा मजा खराब कर सकता है. इसके अलावा ज्यादा तेल वाली सब्जी सेहत के लिए भी ठीक नहीं मानी जाती. खासकर गर्मियों में ज्यादा ऑयली खाना पेट भारी कर सकता है.
लोग अक्सर करते हैं ये गलती
जब सब्जी में तेल ज्यादा हो जाता है, तो लोग उसे कम करने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते हैं. कोई टिश्यू पेपर से तेल सोखने की कोशिश करता है तो कोई सब्जी को झुकाकर तेल निकालता है. कई लोग एक्स्ट्रा मसाले या उबले आलू डाल देते हैं ताकि तेल कम दिखे. लेकिन इन तरीकों से कई बार सब्जी का असली स्वाद बदल जाता है. मसाले ज्यादा हो जाते हैं या सब्जी का टेक्सचर खराब हो जाता है. ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा कटोरी वाला तरीका काफी आसान और स्मार्ट माना जा रहा है.
क्या है कटोरी वाला वायरल हैक
सोशल मीडिया पर दीपिका नाम की कंटेंट क्रिएटर ने एक आसान ट्रिक शेयर की, जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं. इस तरीके में सिर्फ एक छोटी स्टील की कटोरी की मदद से सब्जी का एक्स्ट्रा तेल अलग किया जाता है. इसमें न सब्जी को छानना पड़ता है और न ही स्वाद बदलने के लिए कुछ एक्स्ट्रा डालना पड़ता है. यही वजह है कि यह तरीका तेजी से वायरल हो रहा है.
सबसे पहले गैस बंद करें
अगर आपको लग रहा है कि आपकी सब्जी में तेल ज्यादा हो गया है, तो सबसे पहले गैस बंद कर दें. गर्म गैस पर यह ट्रिक सही तरीके से काम नहीं करती. अब एक कड़छी की मदद से सब्जी को धीरे-धीरे किनारों की तरफ कर दें. कोशिश करें कि कड़ाही या पैन के बीच में थोड़ा खाली हिस्सा बन जाए.
छोटी स्टील की कटोरी ऐसे रखें
अब एक छोटी स्टील की कटोरी लें. ध्यान रखें कि कटोरी का नीचे वाला हिस्सा सपाट हो ताकि वह ठीक से टिक सके. इस कटोरी को कड़ाही के बीच वाले खाली हिस्से में रख दें. कटोरी के चारों तरफ सब्जी दीवार की तरह दिखाई देनी चाहिए. यही सेटिंग इस ट्रिक का सबसे जरूरी हिस्सा मानी जाती है.
15 से 20 मिनट का इंतजार करेगा कमाल
कटोरी रखने के बाद सब्जी को ऐसे ही छोड़ दें. इसे तुरंत हटाने की गलती न करें. करीब 15 से 20 मिनट तक इंतजार करें. इस दौरान धीरे-धीरे सब्जी के अंदर फंसा एक्स्ट्रा तेल नीचे की तरफ बहने लगता है. ग्रेविटी की वजह से तेल कटोरी के आसपास जमा होने लगता है. यही वजह है कि बिना सब्जी का स्वाद बदले तेल अलग होने लगता है.
कटोरी के नीचे जमा हो जाएगा एक्स्ट्रा तेल
कुछ देर बाद आप देखेंगे कि कटोरी के आसपास तेल का घेरा बन गया है. सब्जी के बीच छिपा अतिरिक्त तेल धीरे-धीरे बाहर निकल आता है. इस तरीके की सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें सिर्फ तेल अलग होता है, मसाले या सब्जी का स्वाद खराब नहीं होता. यही वजह है कि यह ट्रिक हेल्दी कुकिंग पसंद करने वालों को काफी पसंद आ रही है.
सब्जी निकालते समय रखें ध्यान
अब जल्दबाजी में कटोरी उठाने की गलती न करें. सबसे पहले चम्मच या कड़छी की मदद से सब्जी को धीरे-धीरे किसी दूसरे बर्तन में निकाल लें. ध्यान रखें कि सब्जी दोबारा तेल में न मिले. जब पूरी सब्जी निकल जाए, तब आखिर में कटोरी उठाएं. अब आपको कड़ाही में अलग हुआ तेल साफ दिखाई देगा.
View this post on Instagram