Ghee Podi Idli Recipe: साउथ इंडियन खाने का नाम आते ही अक्सर इडली, डोसा और सांभर का ख्याल आता है. इडली एक ऐसी डिश है जिसे हर कोई पसंद करता है, और स्टूडेंट्स को तो यह बहुत ही पसंद आती है। अगर आप सादी इडली खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार ‘घी पोडी इडली’ क्यों न ट्राई करें? घी और पोडी का कॉम्बिनेशन इडली के स्वाद को और भी बढ़ा देता है, जिससे यह वाकई बहुत स्वादिष्ट लगती है. इसे घर पर बनाना भी काफी आसान है…
घी पोडी इडली के लिए सामग्री
10-12 मिनी इडली
2-3 बड़े चम्मच घी
3-4 बड़े चम्मच इडली पोडी
1 छोटा चम्मच राई
1-2 सूखी लाल मिर्च
8-10 करी पत्ते
1 चुटकी हींग
थोड़ा सा नमक
घी पोडी इडली कैसे बनाएं
1. घी पोडी इडली बनाने के लिए सबसे पहले इडली तैयार कर लें. इडली के बैटर को सांचों में डालकर स्टीम करें और पकी हुई इडलियों को अलग रख दें. अगर आपके पास पहले से बनी हुई इडली है, तो आप उसका भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इस रेसिपी के लिए मिनी इडली सबसे अच्छी रहती हैं क्योंकि उन पर पोडी और घी की कोटिंग अच्छी तरह हो जाती है.
2. स्टोव पर एक पैन या कड़ाही रखें और उसमें घी डालें. घी गरम होने पर राई (सरसों के दाने) डालें. जब राई चटकने लगे, तो सूखी लाल मिर्च, करी पत्ता और हींग डालें. कुछ सेकंड तक भूनें, ध्यान रखें कि ये जलें नहीं.
3. अब आंच धीमी करें और इडली पोडी डालें. पोडी को घी के साथ अच्छी तरह मिलाएं। फिर, पैन में मिनी इडली डालें और उन्हें धीरे-धीरे टॉस करें ताकि हर इडली पर यह मिश्रण अच्छी तरह लग जाए.
4. इडली को धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक भूनें. इससे पोडी का स्वाद इडली में अच्छी तरह आ जाता है और घी-पोडी की स्वादिष्ट कोटिंग बन जाती है. अगर आपको क्रिस्पी इडली पसंद है, तो आप उन्हें पैन में थोड़ी देर और भून सकते हैं.
कैसे परोसें
तैयार घी पोडी इडली को नारियल की चटनी, मूंगफली की चटनी या सांभर के साथ गरमा-गरम परोसें. परोसने से पहले आप ऊपर से थोड़ा और घी और थोड़ी और पोडी भी डाल सकते हैं. बच्चों के लिए बनाते समय, पोडी और मिर्च की मात्रा उनके स्वाद के अनुसार कम या ज़्यादा कर लें.