Last Updated:
Masala Soya Chaap Recipe: मसाला सोया चाप एक आसान और टेस्टी रेसिपी है जिसे घर पर ढाबा स्टाइल में बनाया जा सकता है. इसकी मसालेदार और क्रीमी ग्रेवी हर किसी को पसंद आती है. सही टिप्स के साथ आप इसे और भी ज्यादा स्वादिष्ट बना सकते हैं.
ढाबा स्टाइल मसाला सोया चाप रेसिपी
Masala Soya Chaap Recipe: आप भी उन लोगों में से हैं जो घर पर कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जिसका स्वाद बाहर ढाबे जैसा लगे, तो ये रेसिपी आपके लिए एकदम परफेक्ट है. मसाला सोया चाप आजकल हर फूड लवर की पसंद बन चुकी है, खासकर उन लोगों के लिए जो वेज खाते हैं, लेकिन नॉनवेज जैसा टेस्ट चाहते हैं. इसकी क्रीमी और मसालेदार ग्रेवी, साथ में हल्की स्मोकी खुशबू, खाने वाले को पहली बाइट में ही इम्प्रेस कर देती है. अच्छी बात ये है कि इसे बनाने के लिए आपको किसी खास कुकिंग स्किल की जरूरत नहीं होती. घर की किचन में मौजूद आम मसालों से ही आप इसे तैयार कर सकते हैं.
इस रेसिपी में हर स्टेप ऐसा है जो स्वाद को धीरे-धीरे बढ़ाता है-चाहे वो चाप को हल्का फ्राई करना हो या मसालों को सही तरीके से भूनना, अगर आप अपने परिवार या मेहमानों को कुछ नया और टेस्टी खिलाना चाहते हैं, तो ये मसाला सोया चाप आपकी पहली पसंद बन सकती है. एक बार बनाकर देखिए, लोग पूछेंगे जरूर-“ये आपने बाहर से मंगाया है क्या?”
सामग्री
-250 ग्राम सोया चाप
-2 बड़े प्याज (बारीक कटे)
-2 टमाटर (प्यूरी)
-1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
-2 हरी मिर्च
-1/2 कप दही
-1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
-1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
-1/2 छोटा चम्मच हल्दी
-1 छोटा चम्मच गरम मसाला
-1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी
-2 बड़े चम्मच तेल या बटर
-नमक स्वाद अनुसार
-हरा धनिया
बनाने की विधि
सबसे पहले सोया चाप को स्टिक से निकालकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. फिर इन्हें हल्के गर्म पानी में 5 मिनट के लिए डालकर छोड़ दें. इससे चाप सॉफ्ट हो जाती है और उसका टेक्सचर बेहतर हो जाता है. अब एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और चाप के टुकड़ों को हल्का सुनहरा होने तक फ्राई कर लें. ये स्टेप बहुत जरूरी है क्योंकि इससे चाप का स्वाद और टेक्सचर दोनों बेहतर हो जाते हैं. अब उसी पैन में थोड़ा और तेल डालें और बारीक कटे प्याज को गोल्डन ब्राउन होने तक भूनें. जब प्याज अच्छे से पक जाए, तब उसमें अदरक-लहसुन पेस्ट और हरी मिर्च डालें और खुशबू आने तक पकाएं.
इसके बाद टमाटर की प्यूरी डालें और साथ में हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डाल दें. मसाले को तब तक पकाएं जब तक तेल ऊपर तैरता हुआ नजर न आए. अब इसमें फेंटा हुआ दही डालें और लगातार चलाते रहें ताकि दही फटे नहीं. जब ग्रेवी स्मूद हो जाए, तब इसमें फ्राई की हुई सोया चाप डाल दें. ऊपर से गरम मसाला और कसूरी मेथी डालें. जरूरत हो तो थोड़ा पानी डालकर 5-7 मिनट धीमी आंच पर पकाएं ताकि सारे फ्लेवर अच्छे से मिक्स हो जाएं. अंत में हरा धनिया डालकर गैस बंद करें. आपकी ढाबा स्टाइल मसाला सोया चाप तैयार है.
स्वाद बढ़ाने के टिप्स
चाप को पहले दही और मसालों में 15 मिनट मेरिनेट करें. आखिर में कोयले का धुआं देकर स्मोकी फ्लेवर ला सकते हैं. बटर डालने से ग्रेवी और ज्यादा रिच लगती है.
सर्व करने का तरीका
इसे गरमा-गरम बटर नान, तंदूरी रोटी या जीरा राइस के साथ सर्व करें. हर बाइट में ढाबे वाला मजा मिलेगा.
About the Author
मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें