Last Updated:
अगर फरे बनाते समय आपका आटा टूट जाता है या फरे सख्त बनते हैं, तो चावल के आटे को उबलते पानी में मिलाने की यह आसान ट्रिक आपके काम आएगी. इस विधि से आटा मुलायम और लचीला बनता है, जिससे फरे आसानी से तैयार होते हैं. जानिए पूर्वी यूपी की इस पारंपरिक, हेल्दी और स्वादिष्ट डिश की आसान स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी.
आप घर पर कुछ अलग, हल्का और टेस्टी बनाने का सोच रहे हैं, तो पूर्वी यूपी की ट्रेडिशनल डिश फरे आपके लिए एकदम परफेक्ट ऑप्शन है. ये डिश खास इसलिए भी है, क्योंकि इसे तलने के बजाय भाप में पकाया जाता है, जिससे ये हेल्दी भी रहती है और पेट पर भारी भी नहीं लगती.
कई लोग फरे बनाते समय एक बड़ी परेशानी का सामना करते हैं. आटा टूट जाता है या फरे सख्त बन जाते हैं. यहीं पर एक छोटा सा किचन सीक्रेट काम आता है. उबलते पानी में चावल का आटा डालना. ये तरीका आटे को इतना मुलायम और लचीला बना देता है कि फरे बनाते वक्त वो फटते नहीं और खाने में एकदम सॉफ्ट लगते हैं.
कंटेंट क्रिएटर गुड़िया कुमारी ने इसी आसान ट्रिक के साथ फरे बनाने की रेसिपी शेयर की है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. इस रेसिपी की खास बात ये है कि इसमें कम तेल लगता है, लेकिन स्वाद में कोई कमी नहीं आती. चलिए जानते हैं स्टेप-बाय-स्टेप कैसे बनते हैं परफेक्ट फरे.
Add News18 as
Preferred Source on Google
जब चावल का आटा सीधे उबलते पानी में डाला जाता है, तो उसमें मौजूद स्टार्च एक्टिव हो जाता है. इससे आटा सॉफ्ट, स्मूद और लचीला बनता है. यही कारण है कि फरे बनाते समय आटा टूटता नहीं और शेप भी आसानी से बन जाता है, अगर आप सामान्य पानी से आटा गूंथते हैं, तो वो थोड़ा कड़क रह सकता है, जिससे फरे बनाते समय दरार आ सकती है. इसलिए ये ट्रिक बेहद काम की है.
सबसे पहले एक गहरे पैन में करीब सवा कप पानी डालें. इसमें थोड़ा सा देसी घी और नमक डालकर अच्छे से उबाल लें. जब पानी पूरी तरह खौलने लगे, तब गैस धीमी करें और एक कप चावल का आटा डाल दें. अब तुरंत इसे किसी कलछी या बेलन की मदद से तेजी से चलाएं, ताकि गुठलियां न बनें.
जैसे ही आटा पानी सोख ले, गैस बंद कर दें और इसे ढककर कुछ देर ठंडा होने दें. जब आटा हल्का गुनगुना रह जाए, तब इसे हाथों से अच्छे से मसलकर चिकना और नरम बना लें. यही परफेक्ट डो तैयार करने का सही तरीका है. फरे का असली स्वाद उसकी स्टफिंग में छुपा होता है. इसके लिए पहले से भीगी हुई चना दाल लें और उसका पानी निकाल दें.
अब मिक्सर में चना दाल, हरी मिर्च, अदरक, लहसुन, जीरा, काली मिर्च, हल्दी और नमक डालकर दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि पेस्ट ज्यादा बारीक न हो. अब इसमें बारीक कटी हरी धनिया डालें. चाहें तो थोड़ा हींग भी डाल सकते हैं, इससे स्वाद और भी बढ़ जाता है.
अब तैयार आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं. एक लोई को हाथ से फैलाकर छोटी पूरी जैसा आकार दें. बीच में एक चम्मच दाल की स्टफिंग रखें और इसे आधा मोड़ दें. इसे पूरी तरह बंद करने की जरूरत नहीं होती. हल्का खुला रहने दें, यही इसका ट्रेडिशनल लुक है.
अब एक स्टीमर में पानी गरम करें और जाली वाली प्लेट पर हल्का तेल लगाकर फरे रखें. इन्हें करीब 15-20 मिनट तक भाप में पकाएं. जब फरे पक जाएं, तो एक कढ़ाही में थोड़ा तेल गरम करें. इसमें राई, सूखी लाल मिर्च और करी पत्ता डालकर तड़का लगाएं.
अब स्टीम किए हुए फरे इसमें डालकर 2 मिनट हल्का सा भून लें. इससे इनका स्वाद और भी शानदार हो जाता है. गरमा-गरम फरे को हरी चटनी या टमाटर की चटनी के साथ सर्व करें. ये नाश्ते या शाम की चाय के साथ खाने के लिए एकदम परफेक्ट हैं.