Last Updated:

Dahi Ka Parantha:मानसून के मौसम में अगर आप नाश्ते में कुछ स्वादिष्ट और हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं, तो दही पराठा एक बेहतरीन विकल्प है. घर के शुद्ध दही, मसालों और देसी अंदाज से तैयार यह नरम और लजीज पराठा स्वाद के साथ सेहत का भी ख्याल रखता है. जानिए इसे बनाने की आसान रेसिपी.

धौलपुर.  अगर आप गर्मी और मानसून के मौसम में नाश्ते के लिए स्वादिष्ट और हेल्दी डिश तलाश रहे हैं, तो दही पराठा बेहतरीन डिश हो सकती है. आलू, गोभी और पनीर के पराठे तो अक्सर घरों में बनते हैं, लेकिन दही का पराठा अपने अलग स्वाद और नरम बनावट के कारण खास पहचान रखता है. यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी होता है और कम समय में आसानी से तैयार किया जा सकता है.  गृहिणी मंजू शर्मा बताती हैं कि दही का पराठा तभी सबसे ज्यादा स्वादिष्ट बनता है, जब घर पर जमे शुद्ध दही का इस्तेमाल किया जाए. दही पराठा बनाने के लिए सबसे पहले करीब तीन कटोरी दही को अच्छी तरह फेंट लें.

इसके बाद इसमें लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छे से मिला लें. अब प्याज और हरी मिर्च को बारीक काट लें, एक कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें और उसमें प्याज व हरी मिर्च डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. फिर इसमें थोड़ा लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी और नमक डालकर अच्छी तरह भून लें. आखिर में हरा धनिया मिलाएं और तैयार मसाले को फेंटे हुए दही में डाल दें. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें थोड़ा सूखा पुदीना और कसूरी मेथी भी मिला दें. अब गेहूं के आटे को गूंथने के लिए पानी की जरूरत नहीं पड़ेगी, तैयार दही के मिश्रण से ही आटा गूंथ लें.

आटा नरम होने के बाद उसे करीब पांच मिनट के लिए ढककर रख दें. इसके बाद छोटी-छोटी लोइयां बनाकर पराठे बेलें और गर्म तवे पर दोनों तरफ से अच्छी तरह सेक लें. कुछ ही मिनटों में गर्मागर्म दही पराठा तैयार हो जाएगा. इसे दही, अचार, हरी चटनी, सब्जी के साथ परोसा जा सकता है. यह पराठा बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को पसंद आता है, बच्चों के लंच बॉक्स के लिए भी यह एक बेहतरीन नाश्ता है. घर के शुद्ध दही से बना यह देसी पराठा स्वाद और सेहत दोनों का शानदार मेल है. अगर आप रोज के नाश्ते में कुछ नया और पौष्टिक बनाना चाहते हैं, तो इस मानसून दही पराठा जरूर ट्राई करें.

About the Author

Monali Paul

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें



Source link

Write A Comment