Last Updated:
भारतीय रसोई में प्याज का इस्तेमाल लगभग हर सब्जी में किया जाता है, क्योंकि यह स्वाद और ग्रेवी दोनों को बेहतर बनाता है. लेकिन कई ऐसी सब्जियां भी हैं, जिनमें प्याज का तड़का लगाने की जरूरत ही नहीं पड़ती और फिर भी उनका स्वाद बेहद लाजवाब होता है.
कई लोग व्रत, धार्मिक कारणों, हेल्थ रूटीन या हल्का खाना खाने के लिए बिना प्याज-लहसुन वाली सब्जियां पसंद करते हैं. अच्छी बात यह है कि कुछ सब्जियां अपने प्राकृतिक स्वाद, मसालों और सही तरीके से पकाने पर इतनी टेस्टी बनती हैं कि प्याज की कमी बिल्कुल महसूस नहीं होती.
अगर आप भी बिना प्याज के स्वादिष्ट खाना बनाना चाहते हैं, तो ऐसी सब्जियां आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती हैं. इनमें कम सामग्री लगती है, जल्दी बनती हैं और रोजमर्रा के खाने में आसानी से शामिल की जा सकती हैं. सही मसाले, टमाटर, अदरक, हींग, जीरा और हरी मिर्च जैसे साधारण तड़के इनके स्वाद को कई गुना बढ़ा देते हैं. आइए जानते हैं ऐसी 5 सब्जियों के बारे में, जो बिना प्याज के भी बेहद स्वादिष्ट बनती हैं.
पहली है- आलू टमाटर की सब्जी बिना प्याज के सबसे लोकप्रिय विकल्पों में से एक है. इसमें टमाटर की खटास और मसालों का स्वाद आलू के साथ शानदार लगता है. जीरा, हींग, हल्दी और धनिया पाउडर के साथ बनी यह सब्जी पूरी, पराठे या रोटी के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है. खासतौर पर व्रत या पूजा के दिनों में इसे खूब बनाया जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
भिंडी मसाला- भिंडी ऐसी सब्जी है, जो बिना प्याज के भी शानदार स्वाद देती है. अगर इसे सही तरीके से कम आंच पर मसालों के साथ पकाया जाए, तो इसका स्वाद बहुत बढ़िया आता है. इसमें अमचूर, हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालकर सूखी सब्जी बनाई जा सकती है. इसे दाल-चावल या रोटी के साथ खाया जा सकता है.
लौकी की सब्जी- लौकी को कई लोग फीकी सब्जी मानते हैं, लेकिन सही मसालों के साथ यह बहुत स्वादिष्ट बन सकती है. बिना प्याज के लौकी में टमाटर, अदरक, जीरा और हरी मिर्च डालकर हल्की ग्रेवी वाली सब्जी बनाई जा सकती है. यह हल्की, हेल्दी और पचने में आसान होती है, इसलिए रोजमर्रा के खाने के लिए अच्छा विकल्प है.
कद्दू की सब्जी- कद्दू की मीठी और हल्की सब्जी बिना प्याज के सबसे ज्यादा पसंद की जाती है. इसमें मेथी दाना, जीरा, सौंफ और अमचूर डालकर खट्टा-मीठा स्वाद दिया जाता है. पूरी के साथ इसका कॉम्बिनेशन बेहद शानदार लगता है. त्योहारों और खास मौकों पर यह सब्जी खूब बनाई जाती है.
अरबी की सूखी सब्जी- अरबी की सूखी सब्जी भी बिना प्याज के बहुत टेस्टी बनती है. उबली हुई अरबी को हल्दी, लाल मिर्च, अजवाइन और धनिया पाउडर के साथ हल्का कुरकुरा भूनकर तैयार किया जाता है. इसका स्वाद इतना अच्छा होता है कि बच्चे भी इसे पसंद करते हैं. यह लंच बॉक्स के लिए भी बढ़िया ऑप्शन है.