Chilli Cheese Garlic Paratha Recipe: सुबह का नाश्ता ऐसा हो जो पेट भी भरे और मन भी खुश कर दे, तो पूरे दिन की शुरुआत ही अलग अंदाज में होती है, लेकिन अक्सर घरों में नाश्ते के लिए आलू, गोभी, प्याज या पनीर के पराठे ही बनते हैं. शुरुआत में ये स्वाद अच्छे लगते हैं, लेकिन रोज-रोज एक जैसा खाना किसी को भी बोर कर सकता है. खासकर बच्चों के मामले में तो यह परेशानी और बढ़ जाती है. कई बार लंच बॉक्स वापस आ जाता है क्योंकि उन्हें वही पुराना स्वाद पसंद नहीं आता. ऐसे में अगर आप बिना ज्यादा मेहनत किए कुछ नया और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो चिली चीज़ गार्लिक पराठा एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है.

इसमें लहसुन की खुशबू, चीज़ की मुलायम परत और चिली फ्लेक्स का हल्का तीखापन मिलकर ऐसा स्वाद तैयार करते हैं, जिसे एक बार खाने के बाद दोबारा बनाने का मन जरूर करेगा. सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें अलग से स्टफिंग तैयार करने की जरूरत नहीं होती. साधारण रोटी के आटे से कुछ आसान स्टेप्स में यह पराठा तैयार हो जाता है और नाश्ते के साथ-साथ बच्चों के टिफिन के लिए भी शानदार विकल्प साबित होता है.

चिली चीज़ गार्लिक पराठा क्यों बन रहा है लोगों की पसंद?
आजकल लोग ऐसी रेसिपी पसंद कर रहे हैं जो कम समय में तैयार हो जाए और स्वाद में भी कुछ नया हो. चिली चीज़ गार्लिक पराठा इसी वजह से तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. इसमें चीज़ की क्रीमीनेस, लहसुन का फ्लेवर और स्प्रिंग ऑनियन की हल्की ताजगी एक साथ मिलती है, जिससे हर निवाला अलग स्वाद देता है, अगर आपके घर में बच्चे सब्जियां खाने से बचते हैं, तो यह रेसिपी उनके लिए भी अच्छी साबित हो सकती है. आप इसमें उनकी पसंद के मुताबिक सामग्री जोड़ या घटा सकते हैं.

(इमेज AI)

चिली चीज़ गार्लिक पराठा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
इस पराठे को बनाने के लिए आपको ज्यादा सामान जुटाने की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद सामान्य चीजों से ही यह तैयार हो जाता है.

सामग्री
1. रोटी का आटा
2. घी
3. स्वादानुसार नमक
4. 1 से 2 चम्मच बारीक कटा लहसुन
5. 2 चम्मच बारीक कटा स्प्रिंग ऑनियन
6. बारीक कटी हरी मिर्च
7. चिली फ्लेक्स
8. मोज़रेला चीज़
9. 1 से 2 चम्मच बारीक कटा हरा धनिया

ऐसे बनाएं स्वाद से भरपूर चिली चीज़ गार्लिक पराठा
सबसे पहले तैयार आटे की एक लोई लेकर उसे पतला बेल लें. अब उसके ऊपर हल्का घी लगाएं और थोड़ा नमक छिड़ककर पूरे हिस्से में फैला दें. इससे पराठे की हर लेयर में स्वाद बना रहेगा. अब बारीक कटा लहसुन, स्प्रिंग ऑनियन, हरी मिर्च, चिली फ्लेक्स, मोज़रेला चीज़ और हरा धनिया पूरे पर समान रूप से फैला दें, अगर बच्चों के लिए बना रहे हैं, तो हरी मिर्च और चिली फ्लेक्स छोड़ सकते हैं ताकि स्वाद हल्का रहे. इसके बाद रोटी को एक तरफ से रोल करते जाएं. रोल बनने के बाद उसमें हल्का कट लगाकर उसे फोल्ड करें और पराठे का आकार दें. फिर इसे धीरे-धीरे दोबारा बेल लें ताकि अंदर की सारी लेयर्स सुरक्षित रहें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

लेयर्ड पराठे का यही है असली स्वाद
इस तरीके से तैयार किया गया पराठा साधारण पराठे से अलग होता है. इसकी कई परतों के बीच चीज़, लहसुन और मसाले अच्छी तरह फैल जाते हैं. जब यह तवे पर सिकता है, तो बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से मुलायम व चीज़ी बन जाता है. यही वजह है कि इसे खाने पर हर बाइट में अलग फ्लेवर महसूस होता है. यदि आप कभी कैफे स्टाइल नाश्ता घर पर बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी जरूर आजमाएं.

(इमेज AI)

तवे पर ऐसे सेंकें ताकि स्वाद दोगुना हो जाए
तवा अच्छी तरह गर्म कर लें. तैयार पराठे को तवे पर रखें और दोनों तरफ थोड़ा-थोड़ा घी लगाते हुए मध्यम आंच पर सेंकें. करीब पांच मिनट में पराठा सुनहरा और हल्का कुरकुरा हो जाएगा. ध्यान रखें कि तेज आंच पर पराठा जल्दी तो सिक जाएगा, लेकिन अंदर का चीज़ पूरी तरह नहीं पिघलेगा. इसलिए मध्यम आंच पर पकाना बेहतर रहेगा.

किन चीजों के साथ करें सर्व?
गरमा-गरम चिली चीज़ गार्लिक पराठा टमाटर की चटनी, हरी चटनी, दही या बूंदी के रायते के साथ बेहद स्वादिष्ट लगता है. चाहें तो इसे सुबह की चाय या कॉफी के साथ भी परोस सकते हैं. अगर ऑफिस या स्कूल के टिफिन के लिए पैक कर रहे हैं, तो साथ में थोड़ा केचप या दही रख दें. इससे खाने का स्वाद और भी बढ़ जाएगा.



Source link

Write A Comment