पटना. शादियों का सीजन आते ही खाने के काउंटर पर एक से बढ़कर एक पकवान देखने को मिलते हैं. खासकर मिठाई के काउंटर पर लोगों की खूब भीड़ रहती है. इन्हीं मिठाइयों में एक है शाही टुकड़ा. शादियों और बड़े इवेंट में इसे खूब पसंद किया जाता है. रबड़ी में डूबी और ऊपर से बादाम-पिस्ता से सजी यह मिठाई देखने में जितनी लाजवाब लगती है, खाने में उससे कहीं ज्यादा स्वादिष्ट होती है.

अगर आपको लगता है कि इस शाही टुकड़े को तैयार करने के लिए बहुत ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है. इसकी सबसे खास बात यह है कि इसे घर में आसानी से तैयार किया जा सकता है. घर में पड़ी हुई ब्रेड, चाशनी और रबड़ी से इसे तैयार किया जा सकता है. सारा हिसाब-किताब लगा लिया जाए, तो एक पीस तैयार करने में बहुत कम खर्च बैठता है. इस पर अगर आपके पास जलाव या चाशनी रखी हो तो काम और खर्च दोनों कम हो जाते हैं.

सबसे पहले तैयार करें रबड़ी
इस शाही टुकड़े को बनाने के लिए सबसे पहले ब्रेड की स्लाइस को तिकोने आकार में काट लें. इसे ऐसे काटें कि एक स्लाइस से चार छोटे-छोटे टुकड़े निकल जाएं. इसके बाद रबड़ी बनाने की बारी. सबसे पहले एक कड़ाही में दूध डालकर तेज आंच पर अच्छी तरह उबाल लें. दूध में एक बार उबाल आ जाए, तो गैस की आंच धीमी कर दें और दूध को पकने दें.

थोड़ी देर के बाद दूध में इलायची पाउडर और थोड़ा सा केसर डालें. दूध को धीमी आंच पर लगातार पकाते रहें. बीच-बीच में इसे चलाना जरूरी है, ताकि दूध कड़ाही की तली में न लगे. दूध को तब तक पकाएं, जब तक इसकी मात्रा लगभग आधी न रह जाए.

इस तरह तैयार करें चाशनी
जब तक दूध पक रहा है, तब तक दूसरे पैन में चाशनी तैयार कर लें. इसके लिए पैन में एक कटोरी चीनी और डेढ़ कटोरी पानी डालें. इसे मीडियम आंच पर पकने दें. चीनी पूरी तरह घुलने के बाद चाशनी को उबलने दें. इसे तब तक पकाएं, जब तक चाशनी हल्की गाढ़ी न हो जाए. इस मिठाई के लिए हल्की गाढ़ी चाशनी बेहतर रहेगी.

ब्रेड को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें
अब एक पैन में तेल या घी डालें और कटे हुए ब्रेड के टुकड़ों को इसमें तल लें. ब्रेड को तब तक तलें, जब तक उसका रंग सुनहरा न हो जाए. अच्छी तरह तलने से ब्रेड कुरकुरी रहेगी और मिठाई का स्वाद भी बढ़ जाएगा. ब्रेड कुरकुरी हो जाए, तो इसे एक प्लेट में निकाल लें.

दूध में डालें मिल्क पाउडर
जब दूध आधा रह जाए, तो इसमें दो बड़े चम्मच मिल्क पाउडर डालें. मिल्क पाउडर डालते समय दूध को लगातार चलाते रहें, ताकि इसमें गुठलियां न बनें. इसके बाद रबड़ी को बहुत ज्यादा देर तक पकाने की जरूरत नहीं है. जब यह हल्की दानेदार और गाढ़ी होने लगे, तो गैस बंद कर दें. ध्यान रखें कि रबड़ी बहुत ज्यादा गाढ़ी न हो, क्योंकि ठंडी होने के बाद यह अपने आप थोड़ी और गाढ़ी हो जाएगी.

ऐसे होगा ब्रेड और चाशनी का मिलन
तले हुए कुरकुरे ब्रेड के ऊपर हल्की चाशनी डालें. ध्यान रखें कि ब्रेड को चाशनी में डुबोना नहीं है. केवल इतनी चाशनी डालनी है कि ब्रेड में मिठास आ जाए. ब्रेड में चाशनी डालते समय एक छोटी सी बात का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. ब्रेड या चाशनी में से कोई एक चीज गर्म होनी चाहिए. ऐसा करने से ब्रेड चाशनी को अच्छी तरह सोख लेगी. अगर ब्रेड और चाशनी दोनों ठंडी होंगी, तो मिठास अंदर तक नहीं पहुंचेगी और ब्रेड फीकी लग सकती है.

ऊपर से डालें रबड़ी और मेवे
अब चाशनी लगी ब्रेड के ऊपर तैयार रबड़ी अच्छी मात्रा में डालें. इसके बाद ऊपर से कटे हुए बादाम, पिस्ता और केसर डालकर इसे सजाएं. आप यहां कोई भी ड्राई फ्रूट्स ले सकते हैं. तैयार मिठाई को कम से कम 30 मिनट के लिए ठंडा होने दें.

ठंडी होने के बाद इसे परोसें. साधारण ब्रेड से तैयार यह शाही टुकड़ा स्वाद में किसी शादी की मिठाई से कम नहीं लगेगा. अगली बार घर में कुछ मीठा और शाही खाने का मन हो, तो इस आसान तरीके से इसे जरूर तैयार करें.



Source link

Write A Comment