Last Updated:
इडली सांभर दक्षिण भारत का लोकप्रिय और पौष्टिक व्यंजन है. इसे बनाने की तरीका भी बहुत ही आसान होता है. इसे कुछ ही देर में बड़ी आसानी से बनाया जा सकता है. तो जानते हैं इसकी रेसिपी.
घर में बनाइए एकदम मुलायम इडली. Image AI
इडली सांभर दक्षिण भारत का एक अत्यंत लोकप्रिय और पौष्टिक व्यंजन है. यह नाश्ते के साथ-साथ दोपहर या रात के भोजन में भी स्वाद लेकर खाया जाता है. नरम और फूली हुई इडलियों के साथ गरमागर्म सांभर का संयोजन स्वाद और स्वास्थ्य दोनों का बेहतरीन मेल है. आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि.
इडली के लिए सामग्री
2 कप इडली चावल
1 कप उड़द दाल
1 छोटा चम्मच मेथी दाना
नमक स्वादानुसार
तेल (सांचे को चिकना करने के लिए)
इडली बनाने की विधि
सबसे पहले चावल और मेथी दाने को एक बर्तन में तथा उड़द दाल को दूसरे बर्तन में 4 से 6 घंटे के लिए भिगो दें. भीगने के बाद उड़द दाल को बारीक पीस लें और चावल को थोड़ा दरदरा पीसें. दोनों मिश्रणों को एक बड़े बर्तन में मिलाकर अच्छी तरह फेंटें. इसमें स्वादानुसार नमक डालें और ढककर 8 से 10 घंटे के लिए गर्म स्थान पर रख दें ताकि घोल अच्छी तरह खमीरयुक्त हो जाए.
जब घोल फूल जाए, तब इडली के सांचे में हल्का तेल लगाएं. घोल को सांचों में भरें और इडली कुकर या स्टीमर में 10 से 12 मिनट तक भाप में पकाएं. पकने के बाद इडलियों को कुछ मिनट ठंडा होने दें और फिर चम्मच की सहायता से निकाल लें.
सांभर के लिए सामग्री
1 कप अरहर दाल
1 छोटा प्याज (कटा हुआ)
1 टमाटर (कटा हुआ)
1 गाजर (कटी हुई)
5-6 बीन्स (कटी हुई)
1 छोटी कटोरी कद्दू के टुकड़े
2 बड़े चम्मच सांभर मसाला
1/2 छोटा चम्मच हल्दी
इमली का गूदा 2 बड़े चम्मच
नमक स्वादानुसार
तड़के के लिए
1 बड़ा चम्मच तेल
1 छोटा चम्मच राई
8-10 करी पत्ते
2 सूखी लाल मिर्च
एक चुटकी हींग
सांभर बनाने की विधि
अरहर दाल को धोकर हल्दी के साथ कुकर में नरम होने तक पका लें. एक पैन में सब्जियां डालकर थोड़ा पानी मिलाएं और नरम होने तक पकाएं. अब इसमें पकी हुई दाल, सांभर मसाला, नमक और इमली का गूदा मिलाकर 10 मिनट तक उबालें.
दूसरी ओर तड़के के लिए पैन में तेल गर्म करें. राई चटकने पर हींग, करी पत्ता और सूखी लाल मिर्च डालें. तैयार तड़का सांभर में डालकर अच्छी तरह मिला दें.