बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री अरुणा ईरानी के पति और मशहूर फिल्ममेकर कुकू कोहली का निधन हो गया है। अजय देवगन को उनकी पहली फिल्म ‘फूल और कांटे’ से रातों-रात स्टार बनाने वाले दिग्गज निर्देशक कुकू कोहली के जाने से उनका पूरा परिवार पूरी तरह टूट चुका है। जहां एक तरफ अरुणा ईरानी का रो-रोकर बुरा हाल देखने को मिला, वहीं कुकू कोहली की पहली पत्नी से उनकी बेटी करिश्मा कोहली का दर्द भी कैमरे के सामने छलक पड़ा। पिता को खोने के बाद करिश्मा बेहद हताश और गमगीन नजर आईं। सोशल मीडिया पर सामने आई उनकी एक दिल तोड़ देने वाली झलक के बाद से ही हर कोई करिश्मा कोहली के बारे में जानने के लिए उत्सुक नजर आ रहा है।

अंतिम संस्कार में भावुक पल

कुकू कोहली के अंतिम संस्कार से एक बेहद भावुक कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने हर किसी की आंखों को नम कर दिया। रूढ़िवादी परंपराओं को किनारे रखते हुए बेटी करिश्मा कोहली अपने पिता की अर्थी को कंधा देती नजर आईं। रोते-रोते पिता की अंतिम यात्रा में साथ चलतीं करिश्मा के चेहरे पर अपने पिता को खोने का असहनीय दर्द साफ झलक रहा था। पिता और बेटी के इस अटूट बंधन और करिश्मा के इस मजबूत कदम को देखकर सोशल मीडिया पर लोग काफी भावुक हो रहे हैं।

कटरीना कैफ की बेस्ट फ्रेंड और मशहूर निर्देशक हैं करिश्मा

बहुत कम लोग जानते हैं कि करिश्मा कोहली बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस कटरीना कैफ की बेहद करीबी और बेस्ट फ्रेंड हैं। पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए करिश्मा ने भी फिल्म इंडस्ट्री में ही अपना करियर बनाया, हालांकि उन्होंने कैमरे के पीछे रहकर निर्देशन की कमान संभाली। उन्होंने कबीर खान की ब्लॉकबस्टर फिल्मों ‘एक था टाइगर’ और ‘बजरंगी भाईजान’ में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया है। इसके अलावा उन्होंने बिजॉय नांबियार के साथ मिलकर माधुरी दीक्षित और संजय कपूर स्टारर चर्चित वेब सीरीज ‘द फेम गेम’ का निर्देशन भी किया था। आईएमडीबी के मुताबिक वह ‘द वुमन अंडर द ट्री’ नाम की एक शॉर्ट फिल्म का निर्देशन भी कर चुकी हैं।

विटिलीगो से जंग और अनोखी शादी की कहानी

करिश्मा कोहली अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी काफी चर्चा में रही हैं। वह विटिलीगो से पीड़ित हैं, लेकिन उन्होंने कभी भी इसे अपनी पहचान या आत्मविश्वास पर हावी नहीं होने दिया। जब बात उनकी शादी की आई तो उन्होंने पारंपरिक लाल लहंगे की जगह सफेद गाउन को चुना। वोग को दिए एक इंटरव्यू में करिश्मा ने बताया था, ‘मैं सिख हूं, लेकिन जब से मुझे याद है, मैंने शादी में लाल लहंगे के बजाय खुद को सफेद गाउन में ही देखा था। हालांकि जब मुझे पहली बार विटिलीगो का पैच हुआ, तो मेरी पसंद में थोड़ा बदलाव आया, लेकिन मैंने अपनी इच्छा के अनुसार ही शादी की।’

उन्होंने किसी आडंबर के बिना मुंबई के आईएफबीई में बहुत ही सादगी और आत्मीयता से शादी की। करिश्मा की मुलाकात उनके पति मिखाइल से कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान गोवा में हुई थी, जहां एक कॉफी डेट से शुरू हुई यह मुलाकात प्यार में बदल गई। इसके बाद नवंबर 2024 में बैंकॉक में एक कंसर्ट के दौरान मिखाइल ने करिश्मा को शादी के लिए प्रपोज किया था। आज पिता के अचानक चले जाने से करिश्मा के जीवन में एक गहरा शून्य पैदा हो गया है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।

ये भी पढ़ें: कौन है वो बच्ची, जिसकी एक्टिंग के मुरीद हुए सुपरस्टार धनुष, रवि तेजा की ‘इरुमुडी’ से मचाई धूम

Latest Bollywood News





Source link

Write A Comment