टमाटर का इस्तेमाल आमतौर पर सब्जियों, दाल आदि में खट्टा स्वाद लाने के लिए लोग खूब करते हैं. कई बार तो कुछ चीजें बिना टमाटर डाले स्वादिष्ट लगती ही नहीं हैं. आप भी टमाटर का खूब करते हैं इस्तेमाल तो हर दिन सब्जी मार्केट से 1-2 किलो खरीद कर लाते भी होंगे. लेकिन, टमाटर का इस्तेमाल करते समय काफी लोग गलती करते हैं. वे गलती ये है कि आमतौर पर लोग इसे सिर्फ एक बार फटाफट पानी के नीचे धोकर सब्जी, दाल, सलाद, सूप में काटकर डाल देते हैं. क्या आप जानते हैं कि सही तरीके से टमाटर ना साफ करने से आपके शरीर में जहर जा सकता है. जी हां, टमाटर को सही तरीके से पकाने, बढ़ाने और कीड़ों से बचाने के लिए इस पर पेस्टिसाइड्स का छिड़काव किया जाता है. टमाटर को अधिक फ्रेश और चमकीला दिखाने के इस पर सब्जी विक्रेता कलर, वैक्स तक लगा देते हैं. यदि आप कीटनाशकों (पेस्टिसाइड्स) के साइड एफेक्ट्स से बचना चाहते हैं तो टमाटर को यहां बताए पांच तरीकों से जरूर साफ करें, क्योंकि सिर्फ पानी से धोने से धूल-मिट्टी हटती है, पेस्टिसाइड्स नहीं निकलते.

टमाटर साफ करने के सही तरीके

1. नमक के पानी में भिगोएं

टमाटर को सिर्फ सादे पानी से धोने से कीटाणु, बैक्टीरिया और पेस्टिसाइड्स नहीं हटते. इसके लिए एक बड़े बर्तन में पानी लें. उसमें 1 से 2 चम्मच सादा नमक मिलाएं. इन नमक वाले पानी में टमाटर को 20 मिनट के लिए डालकर छोड़ दें. इसके बाद साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. नमक के घोल से सब्जियों, टमाटर की सहत पर मौजूद धूल-गंदगी, बैक्टीरिया, पेस्टिसाइड्स के अवशेषों को हटाने में मदद कर सकता है.

2. बेकिंग सोडा का करें इस्तेमाल

टमाटर को अच्छी तरह से साफ करने के लिए आप बेकिंग सोडा का यूज कर सकते हैं. इसके लिए एक लीटर पानी में 1 चम्मच बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह से मिला दें. अब इस पानी में सभी टमाटर डालकर 20 मिनट के लिए छोड़ दें. फिर साफ पानी से अच्छी तरह से  धो लें.बेकिंग सोडा पेस्टिसाइड्स के अवशेषों को कम करने में प्रभावी होता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

3. सिरके वाले पानी से सफाई

एक भाग सफेद सिरका लें. तीन भाग पानी लें. इन दोंनों को एक बर्तन में डालकर घोल बनाएं. अब इसमें टमाटर डाल दें और 15 मिनट तक रख दें. फिर साफ पानी से धो लें. सिरका किसी भी सब्जी, टमाटर पर मौजूद गंदगी, बैक्टीरिया को हटाने में बेहद कारगर होता है.

4. बहते पानी में रगड़कर धोएं

टमाटरों को केवल डुबोकर न रखें. उन्हें बहते पानी के नीचे हाथों से हल्के-हल्के रगड़कर धोएं. ऐसा करने से टमाटर के ऊपर चिपकी धूल, मिट्टी और अवशेष बेहतर तरीके से निकल सकते हैं.

5. धोने के बाद जरूर सुखाएं

जब आप टमाटर को साफ कर लें तो इसे सुखाकर फ्रिज में रखें. कपड़े या पेपर टॉवल से टमाटर पोंछ लें. इससे नमी और टमाटर पर बचे-कुचे पार्टिकल्स हट जाएंगे.

किन बातों का रखें ध्यान?
टमाटर हो या कोई अन्य दूसरी सब्जी इन्हें आप डिटर्जेंट सर्फ या साबुन से ना धोएं.
टमाटर को पहले अच्छी तरह से साफ करें, उसके बाद ही काटें.
खरीदने के बाद टमाटर जब इस्तेमाल करें तो ऊपर बताए गए टिप्स को साफ करने के लिए अपनाएं.
स्थानीय और विश्वसनीय स्रोत से ही सब्जियों की शॉपिंग करें.



Source link

Write A Comment