Easy Muskmelon Dessert Recipe: तपती गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच शरीर को ठंडक देने के लिए हम अक्सर फलों का सहारा लेते हैं. खरबूजा भी गर्मियों के उन्हीं ठंडक देने वाले एक खास फलों में से एक है, जो पानी से भरपूर होता है. लेकिन कई बार बाजार से लाया गया खरबूजा रखे-रखे जरूरत से ज्यादा पक जाता है. ऐसे खरबूजे को काटकर खाने में वो स्वाद नहीं आता, जो ताजे फल में होता है. अगर आपके घर में भी खरबूजा ज्यादा पक कर बहुत नरम हो गया है, तो ऐसे में उसे फेंकने के बजाय, आप उससे मस्कमेलन कुल्फी या क्रीमी आइसक्रीम बना सकते हैं.

पके हुए खरबूजे में प्राकृतिक मिठास होती है, जिससे आइसक्रीम का स्वाद और भी बढ़ जाता है. यहां हम आपको इसे बनाने के दो बेहतरीन तरीके बताएंगे जो बनाने में बेहद आसान हैं. आइए जानते हैं क्या है वो तरीका.

1. मस्कमेलन क्रीमी आइसक्रीम
यह तरीका उन लोगों के लिए बेस्ट है जिन्हें बिल्कुल सॉफ्ट और मुंह में घुल जाने वाली आइसक्रीम पसंद है.
इसके लिए आपको चाहिए होगी जरूरी सामग्री

  • ज्यादा पका हुआ खरबूजा: 1 मध्यम आकार का
  • ठंडी ताजी मलाई या व्हिप्ड क्रीम: 1 कप
  • कंडेंस्ड मिल्क या पिसी चीनी: स्वादानुसार
  • मिल्क पाउडर: 2 बड़े चम्मच (गाढ़ेपन के लिए)
  • वनीला एसेंस या इलायची पाउडर: एक चुटकी
आइस्क्रीम बनाने की विधि
गृहणी मीनाक्षी जोशी ने रेसिपी साझा करते हुए बताया कि सबसे पहले खरबूजे को छीलकर उसके बीज निकाल दें और गूदे को बिना पानी डाले मिक्सी में पीसकर स्मूद पल्प बना लें. इसे एक छलनी से छान लें ताकि रेशे निकल जाएं.
वहीं, एक दूसरे बर्तन में ठंडी मलाई या क्रीम को तब तक फेंटें जब तक वह हल्की और गाढ़ी न हो जाए.
अब इस क्रीम में खरबूजे का पल्प, कंडेंस्ड मिल्क और मिल्क पाउडर डालकर हल्के हाथ से मिलाएं. इसके बाद इस मिश्रण को एक एयरटाइट कंटेनर में भरें. ऊपर से प्लास्टिक रैप या फॉयल पेपर लगाएं ताकि बर्फ के क्रिस्टल न जम सकें. जिसके बाद इसे 7-8 घंटे के लिए फ्रीजर में सेट होने दें. कुछ घंटों बाद आपकी टेस्टी एकदम बाजार जैसी क्रीमी आइसक्रीम बनकर तैयार हो जाएगी.

2. खरबूजा-नारियल कुल्फी
वहीं, अगर आप बिना क्रीम के कुछ हल्का और नेचुरल ट्राई करना चाहते हैं, तो यह तरीका सबसे बेस्ट है. इसके लिए आपको चाहिए होगी ये जरूरी सामग्री:

  • पका हुआ खरबूजा: 1 कप (कटा हुआ)
  • नारियल का दूध या गाढ़ा दूध: आधा कप
  • शहद या मिश्री पाउडर: 2 चम्मच
  • बारीक कटे काजू, बादाम और पिस्ता

कुल्फी बनाने की विधि
इसे बनाने के लिए सबसे पहले जार में खरबूजे के टुकड़े, नारियल का दूध और शहद डालें. इसे अच्छी तरह ब्लेंड करके एक गाढ़ा शेक जैसा मिश्रण तैयार करें. अब इस मिश्रण में कटे हुए ड्राई फ्रूट्स मिला दें.

जिसके बाद इस मिक्स को कुल्फी के सांचों या छोटे स्टील के गिलासों में भरें. ऊपर से ढक्कन या फॉयल लगाकर बीच में आइसक्रीम स्टिक डाल दें. इसके बाद इसे रात भर जमने दें. सुबह सांचे को थोड़ी देर सादे पानी में रखें और फिर घुमाकर निकालें. आप देखेंगे कि आपकी टेस्टी कुल्फी बनकर तैयार हो जाएगी.

आइस्क्रीम परोसने का तरीका
खरबूजे से बनी इस आइसक्रीम या कुल्फी को सर्व करते समय आप ऊपर से थोड़े से बारीक कटे ताजे खरबूजे के टुकड़े या केसर डाल सकते हैं. यह दिखने में जितना लाजवाब लगता है, खाने में उतना ही ताज़गी भरा होता है.
तो अगली बार जब आपके घर में लाया खरबूजा ज्यादा पक जाए, तो उसे फेंकने के बजाय इन खास तरीकों से आप अपनी गर्मियों को खास बना सकते हैं.



Source link

Write A Comment