बिहार के गया जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंधों के चक्कर में एक पत्नी ने ही अपने पति की हत्या की खौफनाक साजिश रच डाली। पुलिस ने मामले का त्वरित खुलासा करते हुए साजिशकर्ता पत्नी समेत कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कहां का मामला
गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र में दिव्यांग राजदेव भारती हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। ग्रामीण एसपी दिव्यांजली ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस हत्याकांड के पीछे प्रेम प्रसंग और अवैध संबंध की कहानी सामने आई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी का राजा आलम के साथ प्रेम संबंध था और इसी संबंध के चलते पति की हत्या की साजिश रची गई।
पत्नी ने रची हत्या की साजिश
मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी राजा आलम को रास्ते से पति को हटाने के लिए उकसाया। इसके बाद आरोपी राजा आलम ने अपने साथियों के साथ मिलकर राजदेव भारती की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद मामले को छिपाने की भी कोशिश की गई, लेकिन वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया है।
ग्रामीणों का मृतक की पत्नी पर गंभीर आरोप
मृतक के शरीर पर चोट के कोई बाहरी निशान न मिलने के कारण मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, जिससे रहस्य गहरा गया है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार मृतक की पत्नी शराब के कारोबार में शामिल थी और उसके कई लोगों से संबंध थे, हालांकि प्रशासन ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी धीरज कुमार, थानाध्यक्ष अमित कुमार, एसआई ममता कुमारी और योगेंद्र पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण नमूने एकत्रित किए हैं।
पुलिस ने 4 लोगों को किया गिरफ्तार
ग्रामीण एसपी दिव्यांजली ने बताया कि इस मामले में अब तक रोहित कुमार, राजा आलम, मोहम्मद मुन्ना तथा मृतक की पत्नी समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिसके आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
(रिपोर्ट – अजित कुमार)