Last Updated:
गोरखपुर: गर्मियों में बाजार में आम, बेल, आंवला, अमरूद और पपीते जैसे कई मौसमी फल मिलते हैं. इन फलों को सीधे खाने या जूस बनाने के अलावा इनसे स्वादिष्ट मुरब्बा भी तैयार किया जा सकता है. गोरखपुर की करीब 70 साल पुरानी दुकान के प्राणनाथ ने घर पर अलग-अलग फलों का मुरब्बा बनाने का आसान तरीका बताया है.
गोरखपुर: गर्मियों का मौसम आते ही बाजार में आम, बेल, आंवला, अमरूद समेत कई मौसमी फल दिखाई देने लगते हैं. लोग इन फलों को सीधे खाने के अलावा इनका जूस भी बनाकर पीते हैं. लेकिन इनसे स्वादिष्ट मुरब्बा और अचार भी तैयार किया जा सकता है. इससे फलों को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के साथ इनके अलग-अलग स्वाद का आनंद भी लिया जा सकता है. गोरखपुर की करीब 70 साल पुरानी दुकान पर गर्मियों में अलग-अलग फलों के मुरब्बे और अचार लोगों को खूब पसंद आते हैं. दुकान पर बैठने वाले प्राणनाथ बताते हैं कि मौसम के हिसाब से घर पर भी कई तरह के मुरब्बे आसानी से तैयार किए जा सकते हैं.
बेल का मुरब्बा: बेल को छीलकर उसका गूदा अलग कर लें. इसे हल्का उबालकर नरम करें. इसके बाद चीनी की चाशनी तैयार करके उसमें बेल के टुकड़े डाल दें. स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए इसमें इलायची या थोड़ा केसर डाला जा सकता है. ठंडा होने के बाद इसे एयरटाइट जार में रखा जा सकता है.
आम का मुरब्बा: कच्चे और सख्त आम को छीलकर टुकड़ों में काट लें. कांटे की मदद से इनमें हल्के छेद करें और फिर चीनी की चाशनी में पकाएं. इसमें सौंफ, इलायची और थोड़ा केसर डाल सकते हैं. ठंडा होने के बाद आम का मुरब्बा तैयार हो जाएगा, जिसे रोटी या पराठे के साथ खाया जा सकता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
आंवले का मुरब्बा: आंवले को अच्छी तरह धोकर हल्का उबाल लें. इसके बाद कांटे से इसमें छेद कर लें. आंवले को चीनी की चाशनी में धीमी आंच पर पकाएं. जब चाशनी गाढ़ी हो जाए तो इसे ठंडा करके कांच के जार में भर दें.
अमरूद-पपीते का मुरब्बा: अमरूद को टुकड़ों में काटकर चीनी की चाशनी में पकाया जा सकता है. वहीं, पपीते के सख्त टुकड़ों को हल्का उबालने के बाद चाशनी में पकाएं. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें इलायची, सौंफ या नींबू की कुछ बूंदें डाली जा सकती हैं.
प्राणनाथ के मुताबिक, गर्मियों में गुलकंद, बेल, आंवला, आम, अमरूद और पपीते जैसे विकल्पों से घर पर अलग-अलग स्वाद के मुरब्बे तैयार किए जा सकते हैं. मुरब्बा बनाते समय साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है. तैयार मुरब्बे को सूखे और साफ एयरटाइट कंटेनर में रखना चाहिए. इस तरह मौसमी फलों को एक अलग स्वाद में लंबे समय तक सुरक्षित रखने का विकल्प मिल सकता है.