Chaat Masala Recipe: कई बार घर पर बनाई गई चाट में सारी सामग्री सही होने के बावजूद वह बाजार या ठेले जैसी नहीं लगती. वजह अक्सर वही छोटी-सी चीज होती है, जो आखिर में स्वाद बदल देती है-चाट मसाला. दही भल्ले हों, फ्रूट चाट, आलू टिक्की, भेल या फिर साधारण खीरा-टमाटर का सलाद, ऊपर से थोड़ा सा चाट मसाला डालते ही स्वाद में फर्क साफ महसूस होता है. आमतौर पर लोग इसके लिए बाजार में मिलने वाले पैकेट का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इसे घर पर बनाना भी बेहद आसान है. खास बात यह है कि इसके लिए किसी महंगे या अनोखे मसाले की जरूरत नहीं पड़ती.
जीरा, धनिया, अजवाइन, काली मिर्च, अमचूर और काला नमक जैसी चीजें ज्यादातर भारतीय किचन में आसानी से मिल जाती हैं. मसालों को हल्का भूनकर और सही अनुपात में मिलाकर आप ऐसा चाट मसाला तैयार कर सकते हैं, जिसकी खुशबू खोलते ही महसूस होगी और स्वाद भी लंबे समय तक याद रहेगा.
घर पर चाट मसाला बनाने के लिए सामग्री
इस मसाले को तैयार करने के लिए 4 बड़े चम्मच साबुत जीरा, 2 बड़े चम्मच साबुत धनिया, 1 छोटा चम्मच अजवाइन और 1 छोटा चम्मच काली मिर्च लें. इसके अलावा 4 बड़े चम्मच अमचूर पाउडर, 2 बड़े चम्मच काला नमक, 1 बड़ा चम्मच सफेद नमक, आधा छोटा चम्मच हींग और 1 बड़ा चम्मच पुदीना पाउडर चाहिए, अगर आपको चाट मसाले में थोड़ा ज्यादा खट्टापन पसंद है, तो आधा छोटा चम्मच साइट्रिक एसिड यानी नींबू का फूल भी डाल सकते हैं. हालांकि यह पूरी तरह वैकल्पिक है.
ऐसे तैयार करें घर का सीक्रेट चाट मसाला
पहले साबुत मसालों को भूनें
सबसे पहले एक भारी तले वाली कढ़ाई या पैन को धीमी आंच पर गर्म करें. इसमें जीरा, साबुत धनिया, अजवाइन और काली मिर्च डालकर लगातार चलाते हुए करीब 2 से 3 मिनट तक भूनें. यहां जल्दबाजी बिल्कुल न करें. मसालों को तेज आंच पर भूनने से वे जल्दी जल सकते हैं और पूरे मसाले का स्वाद कड़वा हो सकता है. जब हल्की सोंधी खुशबू आने लगे और जीरा थोड़ा रंग बदलने लगे, तो गैस बंद कर दें.
मसालों को अच्छी तरह ठंडा करें
भुने हुए मसालों को तुरंत एक प्लेट में निकाल लें और कुछ देर ठंडा होने दें. गर्म मसालों को सीधे मिक्सी में पीसने से उनका स्वाद और खुशबू प्रभावित हो सकती है. इसलिए यह छोटा-सा स्टेप भी जरूरी है.
अब सभी सामग्री को पीसें
ठंडे मसालों को मिक्सी के सूखे जार में डालें. इसमें अमचूर पाउडर, काला नमक, सफेद नमक, हींग और पुदीना पाउडर डाल दें, अगर आपको हल्का तीखा-खट्टा स्वाद पसंद है, तो इसी समय साइट्रिक एसिड भी मिला सकते हैं. अब मिक्सी को लगातार चलाने के बजाय पल्स मोड में कुछ सेकंड के लिए चलाएं. इससे मसाले बारीक भी होंगे और उनकी खुशबू काफी हद तक बनी रहेगी. जरूरत के अनुसार दो-तीन बार पल्स करें.
एयरटाइट डिब्बे में करें स्टोर
तैयार मसाले को महीन छलनी से छान लें. इससे कोई मोटा टुकड़ा रह गया हो तो वह अलग हो जाएगा. अब इसे पूरी तरह सूखे और साफ कांच के एयरटाइट कंटेनर में भरकर रखें. इस होममेड चाट मसाले का इस्तेमाल आलू टिक्की, पापड़ी चाट, दही भल्ले, भेल, फ्रूट चाट, सैंडविच और सलाद में किया जा सकता है. ध्यान रखें कि मसाला निकालने के लिए हमेशा सूखी चम्मच का इस्तेमाल करें और कंटेनर में नमी न जाने दें. इससे मसाले की खुशबू और गुणवत्ता लंबे समय तक बेहतर बनी रहेगी.
हर डिश में डालने की जरूरत नहीं
घर का बना चाट मसाला स्वाद को तुरंत उभार सकता है, लेकिन इसकी मात्रा भी मायने रखती है. शुरुआत में एक चुटकी या आधा छोटा चम्मच डालकर स्वाद जांचें और जरूरत के हिसाब से बढ़ाएं. खासकर काला नमक और अमचूर पहले से ही तेज स्वाद देते हैं, इसलिए ज्यादा मात्रा पूरी डिश का स्वाद बिगाड़ सकती है.