Moong Chana Besan Chilla Recipe: सुबह का नाश्ता ऐसा हो जो जल्दी तैयार हो जाए और खाने के बाद लंबे समय तक पेट भरा महसूस हो, तो मूंग-चना बेसन का चीला एक बढ़िया विकल्प है. रोज-रोज पोहा, उपमा या पराठे से अगर मन ऊब गया है, तो यह आसान रेसिपी आपके नाश्ते का स्वाद बदल सकती है. मूंग दाल, चना दाल और बेसन से तैयार होने वाला यह चीला बाहर से हल्का क्रिस्पी और अंदर से नरम रहता है. इसमें प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, लहसुन और हरी मिर्च जैसी चीजें डालने से स्वाद और भी बढ़ जाता है.

खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी खास तैयारी की जरूरत नहीं पड़ती. सुबह की भागदौड़ में भी बैटर तैयार करके कुछ ही मिनटों में गरमा-गरम चीले बनाए जा सकते हैं. इसे दही या हरी चटनी के साथ परोसें तो नाश्ता और भी स्वादिष्ट लगता है.

मूंग-चना बेसन चीला बनाने के लिए सामग्री
इस रेसिपी के लिए आधा कप मूंग दाल, आधा कप चना दाल और आधा कप बेसन लें. इसके अलावा एक मध्यम टमाटर, एक प्याज, आधी शिमला मिर्च और 4-5 लहसुन की कलियां बारीक काट लें. स्वाद के अनुसार 1-2 हरी मिर्च, नमक और थोड़ा हरा धनिया भी रखें. मसालों में ¼ चम्मच हल्दी, ½ चम्मच जीरा पाउडर, ¼ चम्मच लाल मिर्च पाउडर और ½ चम्मच धनिया पाउडर इस्तेमाल कर सकते हैं. चीला सेंकने के लिए जरूरत के अनुसार तेल लें.

कैसे बनाएं मूंग-चना बेसन का चीला?
सबसे पहले तैयार करें बैटर
मूंग और चना दाल को अच्छी तरह धोकर कुछ समय के लिए पानी में भिगो दें. दाल नरम होने पर अतिरिक्त पानी निकालें और दोनों को मिक्सर में डालकर थोड़ा पानी मिलाते हुए बारीक पीस लें. अब इस पेस्ट को एक बड़े बर्तन में निकालें और इसमें बेसन मिलाएं. धीरे-धीरे पानी डालकर ऐसा घोल तैयार करें जो आसानी से तवे पर फैल सके. बैटर बहुत गाढ़ा या पानी जैसा पतला नहीं होना चाहिए.

सब्जियां और मसाले मिलाएं
अब बैटर में बारीक कटा प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च और लहसुन डालें. इसमें हरी मिर्च, हल्दी, जीरा पाउडर, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक मिलाएं. आखिर में हरा धनिया डालकर बैटर को अच्छी तरह मिक्स करें. अगर आपको चीला ज्यादा क्रिस्पी पसंद है, तो बैटर को थोड़ा पतला रखें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

तवे पर ऐसे सेंकें
अब नॉन-स्टिक या लोहे का तवा गर्म करें और उस पर हल्का तेल लगाएं. तवा गर्म होने पर एक कलछी बैटर डालें और चम्मच की मदद से गोल आकार में पतला फैलाएं. चीले को बहुत मोटा रखने से वह अंदर से देर से पक सकता है. किनारे सुनहरे होने लगें तो चारों तरफ थोड़ा तेल डालें और सावधानी से पलट दें. दूसरी तरफ भी अच्छी तरह सेंकें, जब तक दोनों तरफ हल्का सुनहरा रंग और कुरकुरापन न आ जाए.

गरमा-गरम चीले को प्लेट में निकालें और हरी धनिया-पुदीना चटनी, टमाटर की चटनी या दही के साथ परोसें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा हरा धनिया भी डाल सकते हैं. यह चीला सिर्फ नाश्ते तक सीमित नहीं है. शाम की हल्की भूख में या हल्के डिनर के तौर पर भी इसे आसानी से बनाया जा सकता है.



Source link

Write A Comment