Last Updated:

Paneer Tikka Recipe: कई ढाबे अपने पनीर टिक्का के लिए मशहूर होते हैं. लोगों को जब भी पनीर टिक्का खाने का मन करता है, तब वे ढाबा या रेस्टोरेंट में जाना पसंद करते हैं. अगर आप घर पर ढाबा स्टाइल पनीर टिक्का बनाना चाहते हैं, तो इसकी रेसिपी बहुत आसान है. सही मैरिनेशन और हल्की स्मोक ट्रिक से आप पनीर टिक्का का स्वाद बिल्कुल ढाबे जैसा बना सकते हैं.

Zoom

घर पर आसानी से पनीर टिक्का बना सकते हैं.

Dhaba Style Paneer Tikka Recipe: पनीर टिक्का का नाम सुनते ही लोगों के मुंह में पानी आ जाता है. यह डिश अपने देसी अंदाज, तीखे स्वाद और कोयले की हल्की महक के लिए जानी जाती है. आमतौर पर लोग ढाबा या रेस्टोरेंट में जाकर पनीर टिक्का खाना पसंद करते हैं. अच्छी बात यह है कि आप इस लाजवाब रेसिपी को घर पर भी आसानी से बना सकते हैं और ढाबे जैसा ही स्वाद पा सकते हैं. यह एक परफेक्ट स्नैक या स्टार्टर है, जिसका आनंद आप शाम की चाय के साथ ले सकते हैं.

पनीर टिक्का बनाने की रेसिपी | Paneer Tikka Recipe

सबसे पहले ताजा पनीर को बड़े चौकोर टुकड़ों में काट लें. इसके साथ शिमला मिर्च और प्याज को भी मोटे टुकड़ों में काटकर तैयार रखें. अब एक बाउल में गाढ़ा दही लें और उसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाला, चाट मसाला और नमक डालें. इसमें थोड़ा सा सरसों का तेल और बेसन मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें, ताकि एक गाढ़ा और मसालेदार मैरिनेशन तैयार हो जाए.

अब इस मैरिनेशन में पनीर, प्याज और शिमला मिर्च डालकर अच्छे से कोट करें. इसे कम से कम 1 घंटे के लिए ढककर रख दें, ताकि मसाले पनीर के अंदर तक अच्छी तरह समा जाएं. अगर आप और बेहतर स्वाद चाहते हैं, तो इसे 2-3 घंटे तक मैरिनेट होने दें. यही स्टेप पनीर टिक्का को ढाबा स्टाइल स्वाद देता है.

मैरिनेट होने के बाद पनीर और सब्जियों को सींख में लगाएं. अगर आपके पास ओवन है, तो इसे 200 डिग्री पर 15 से 20 मिनट तक ग्रिल करें. बीच-बीच में बटर या तेल लगाते रहें, ताकि पनीर सूखा न लगे और उसमें हल्की कुरकुरी परत आ जाए. इससे टिक्का का रंग और स्वाद दोनों शानदार बनते हैं.

अगर आपके पास ओवन नहीं है, तो चिंता की बात नहीं. आप इसे तवे या ग्रिल पैन पर भी बना सकते हैं. थोड़ा सा तेल या मक्खन गर्म करें और धीमी आंच पर टिक्का को चारों तरफ से सेकें. ढाबा जैसा स्मोकी फ्लेवर लाने के लिए अंत में एक छोटा कोयला जलाकर कटोरी में रखें और उस पर थोड़ा घी डालकर पनीर के बर्तन में ढक दें. इससे पनीर में वही असली ढाबा वाली खुशबू आ जाएगी.

तैयार पनीर टिक्का को प्लेट में निकालें और ऊपर से नींबू का रस और चाट मसाला छिड़कें. इसे हरी चटनी और प्याज के साथ सर्व करें. यह इतना स्वादिष्ट और लाजवाब होता है कि इसे देखते ही मुंह में पानी आ जाता है और खाने वाले बार-बार इसकी फरमाइश करते हैं. घर पर बना यह ढाबा स्टाइल पनीर टिक्का हर मौके को खास बना सकता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

About the Author

अमित उपाध्याय

अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें



Source link

Write A Comment