Last Updated:

गर्मी के मौसम में तेज धूप होने की वजह से शरीर में कई तरह की परेशानियां आ जाती हैं. सत्तू का शरबत गर्मी के सीजन में रामबाण इलाज होता है. यह शरीर को ठंडा रखता है और लू से बचाता है. इसमें मौजूद प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट तुरंत ऊर्जा देते हैं, जिससे थकान दूर होती है. गर्मी के मौसम में सुबह सत्तू पीना सबसे ज्यादा फायदेमंद होता है.

गर्मी का मौसम शुरू होते ही लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ने लगती हैं. तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण शरीर में पानी की कमी, कमजोरी, चक्कर आना और पेट से जुड़ी परेशानियां आम हो जाती हैं. ऐसे में अगर आप घर से निकलने से पहले एक खास देसी ड्रिंक पी लें, तो इन सभी दिक्कतों से काफी हद तक बच सकते हैं. गर्मी में सबसे फायदेमंद माना जाता है सत्तू का शरबत, जो शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ भरपूर ऊर्जा भी देता है. यही कारण है कि निमाड़ सहित कई इलाकों में इसे गर्मी का ‘देसी टॉनिक’ कहा जाता है.

Local 18 से बातचीत में डॉक्टर अनिल पटेल बताते हैं कि सत्तू एक ऐसा पारंपरिक पेय है, जो न सिर्फ शरीर को अंदर से ठंडा रखता है, बल्कि लू से बचाव में भी बेहद कारगर साबित होता है. सत्तू भुने हुए चने, जौ या मक्का को पीसकर बनाया जाता है. इसे पानी में घोलकर शरबत के रूप में पिया जाता है, जो गर्मी में शरीर को तुरंत राहत देता है.

सत्तू शरीर में पानी की कमी को करता है पूरा
डॉक्टर अनिल पटेल के अनुसार, सत्तू के सेवन से कई फायदे मिलते हैं. यह शरीर को ठंडा रखता है और लू से बचाता है. इसमें मौजूद प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट तुरंत ऊर्जा देते हैं, जिससे थकान दूर होती है. सत्तू में भरपूर फाइबर होता है, जो पाचन तंत्र को मजबूत करता है. इसके अलावा कब्ज, गैस जैसी समस्याओं से राहत देता है. यह लंबे समय तक पेट भरा रखता है, जिससे वजन नियंत्रित करने में भी मदद मिलती है. सत्तू का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, इसलिए यह डायबिटीज के मरीजों के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. गर्मी में यह शरीर में पानी की कमी को भी पूरा करता है, जिससे डिहाइड्रेशन से बचाव होता है.

सुबह सत्तू पीना होता है फायदेमंद
अगर बात करें इसे पीने के तरीके की, तो सत्तू को नमकीन और मीठे दोनों रूप में लिया जा सकता है. नमकीन शरबत बनाने के लिए सत्तू में ठंडा पानी, काला नमक, भुना जीरा और नींबू मिलाया जाता है. वहीं मीठा सत्तू बनाने के लिए इसमें गुड़ या शहद मिलाकर पिया जाता है. एक्सपर्ट के अनुसार सुबह घर से निकलने से पहले सत्तू पीना सबसे ज्यादा फायदेमंद होता है. इसके अलावा दोपहर में या ज्यादा मेहनत करने के बाद इसे पीने से शरीर को तुरंत राहत और ऊर्जा मिलती है.

गौरतलब है कि सत्तू एक सस्ता, आसान और बेहद असरदार देसी सुपरफूड है, जो गर्मी में शरीर को ठंडा रखने के साथ-साथ कई बीमारियों से बचाने में मदद करता है. अगर आप भी इस गर्मी में खुद को फिट और सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो सत्तू को अपनी दिनचर्या में जरूर शामिल करें.



Source link

Write A Comment