How To Make Soy Sauce At Home : नूडल्स, मंचूरियन, फ्राइड राइस या चिली पनीर…अगर आप भी चाइनीज या पैन-एशियन खाने के शौकीन हैं, तो आप जानते ही होंगे कि इन डिशेज की असली जान ‘सोया सॉस’ (Soy Sauce) में होती है. बाजार में मिलने वाली ज्यादातर सोया सॉस में ढेर सारे केमिकल्स, प्रिजर्वेटिव्स और आर्टिफिशियल कलर मिलाए जाते हैं, जो सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस सोया सॉस को आप बाजार से लाते हैं, उसे आप अपने किचन में ही बेहद शुद्ध तरीके से तैयार कर सकते हैं?
भले ही पारंपरिक सोया सॉस को बनने में कुछ महीनों का समय लगता है, लेकिन घर पर बनी इस सॉस की शेल्फ-लाइफ बहुत लंबी होती है.
जी हां, सिर्फ सोयाबीन, गेहूं का आटा, पानी और नमक की मदद से आप घर पर ही एकदम ऑथेंटिक (असली) डार्क सोया सॉस बना सकते हैं. इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि इसके बाद आप बाजार की सॉस खरीदना भूल जाएंगे. आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान और पारंपरिक विधि.
घर पर सोया सॉस बनाने के लिए जरूरी चीजें (Ingredients)
सोयाबीन: 2 कप
गेहूं का आटा: 2 कप
पानी: 5 कप
समुद्री नमक (Sea Salt): 1 कप
बनाने का आसान तरीका: स्टेप-बाय-स्टेप गाइड-
1.सोयाबीन को उबालना और आटा गूंथना
सबसे पहले 2 कप सोयाबीन को अच्छी तरह धोकर पानी में तब तक उबालें या स्टीम करें, जब तक कि वे बिल्कुल सॉफ्ट (नरम) न हो जाएं. जब सोयाबीन ठंडी हो जाए, तो इसे मिक्सी में हल्का दरदरा पीस लें या मैश कर लें. अब इसमें 2 कप गेहूं का आटा मिलाएं और पानी की मदद से एक सख्त आटा (Dough) गूंथ लें.
2: फर्मेंटेशन की शुरुआत (छोटे केक बनाना)
इस तैयार आटे से छोटी-छोटी टिक्कियां या केक (Cakes) बना लें. अब इन टिक्कियों को किसी गरम और नमी वाली जगह पर 2 दिनों के लिए छोड़ दें. इस दौरान इनमें प्राकृतिक रूप से फंगस या खमीर (Fermentation) उठने लगेगा, जो सोया सॉस को उसका असली फ्लेवर देता है.
3: पानी का घोल और पहला हफ्ता
2 दिन बाद, इन टिक्कियों को अच्छी तरह तोड़कर 5 कप पानी में मिला दें, जिससे एक गाढ़ा घोल (Mash) बन जाए. इस घोल को एक हफ्ते के लिए ढककर छोड़ दें ताकि यह पानी के साथ अच्छी तरह फर्मेंट हो सके.
4: नमक का पानी (Brine) और लंबा इंतजार
एक हफ्ते बाद, इस गाढ़े घोल को एक सूती कपड़े (Cheesecloth) या बारीक छलनी से छान लें और सारा लिक्विड (द्रव) एक बर्तन में निकाल लें. अब इस निकले हुए लिक्विड को थोड़ा गर्म करें और उसमें 1 कप समुद्री नमक डालकर अच्छी तरह घोल लें. जब यह नमक वाला पानी पूरी तरह ठंडा हो जाए, तो इसे वापस उसी बचे हुए सोयाबीन के मेश (गूदे) में मिला दें. अब इस मिक्सीचर को किसी कांच के जार में भरकर करीब 6 महीने के लिए पकने (Ageing) के लिए रख दें.
5: आखिरी फिल्टर और बोतल में भरना
6 महीने बाद, इस पूरे मिक्स्चर को एक बार फिर सूती कपड़े से अच्छी तरह दबाकर छान लें, ताकि सारा गाढ़ा और डार्क लिक्विड अलग हो जाए और ठोस हिस्सा बाहर निकल जाए. आपकी शुद्ध, गाढ़ी और खुशबूदार होम-मेड सोया सॉस तैयार है! इसे कांच की बोतलों में भरकर कुछ और हफ्तों के लिए रख दें, जिससे इसका स्वाद और गहरा हो जाएगा.
भले ही पारंपरिक सोया सॉस को बनने में कुछ महीनों का समय लगता है, लेकिन घर पर बनी इस सॉस की शेल्फ-लाइफ बहुत लंबी होती है. इसे आप सालों-साल बिना खराब हुए इस्तेमाल कर सकते हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें कोई केमिकल नहीं है. तो इस मानसून, चाइनीज कुकिंग में थोड़ा सा सब्र का तड़का लगाइए और घर पर ही तैयार कीजिए यह स्वाद और फ्लेवर से भरपूर सॉस!