Bread Buttermilk Recipe: रोज सुबह या शाम के नाश्ते में एक जैसी चीजें खाकर बोर हो चुके हैं, तो अब कुछ नया ट्राई करने का वक्त आ गया है. अक्सर घर में बची हुई ब्रेड का इस्तेमाल सिर्फ ब्रेड टोस्ट, सैंडविच या ब्रेड पकोड़े बनाने तक ही सीमित रह जाता है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि यही ब्रेड एकदम मुलायम, कम तेल वाला और स्वाद से भरपूर नाश्ता भी बन सकती है? राजस्थान की एक घरेलू रेसिपी इन दिनों लोगों का खूब ध्यान खींच रही है. इसमें ब्रेड को छाछ में भिगोकर ऐसा नाश्ता तैयार किया जाता है जो देखने में आकर्षक, खाने में बेहद सॉफ्ट और बनाने में आसान होता है.
इस डिश की सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें ज्यादा तेल की जरूरत नहीं पड़ती और किचन में मौजूद सामान्य चीजों से यह कुछ ही देर में तैयार हो जाती है, अगर आप बच्चों के टिफिन, शाम की चाय या वीकेंड ब्रेकफास्ट के लिए कोई अलग और हेल्दी विकल्प ढूंढ रहे हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए बढ़िया साबित हो सकती है.
ब्रेड में छाछ मिलाने से क्या होता है?
ब्रेड का सबसे बड़ा गुण यह है कि वह किसी भी लिक्विड को जल्दी सोख लेती है. जब इसे छाछ में भिगोया जाता है, तो ब्रेड पूरी तरह नरम हो जाती है. इससे तैयार होने वाला मिश्रण स्मूद बनता है और नाश्ता भी काफी मुलायम तैयार होता है. छाछ हल्का खट्टापन भी देती है, जिससे स्वाद और भी अच्छा हो जाता है, अगर घर में ताजा दही है, तो आधा कप दही में आधा कप पानी मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें. इससे ताजी छाछ तैयार हो जाएगी. चाहें तो बाजार वाली छाछ का भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
बची हुई ब्रेड का भी कर सकते हैं इस्तेमाल
इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसके लिए बिल्कुल ताजी ब्रेड होना जरूरी नहीं है. एक या दो दिन पुरानी ब्रेड भी आसानी से इस्तेमाल की जा सकती है. ब्रेड को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़कर छाछ में डाल दें और 10 से 15 मिनट के लिए छोड़ दें. इस दौरान ब्रेड पूरी तरह छाछ को सोख लेगी और आगे का मिश्रण तैयार करना आसान हो जाएगा.
साथ में बनाएं स्वाद बढ़ाने वाली चटनी
जब तक ब्रेड भीग रही हो, तब तक एक स्वादिष्ट चटनी तैयार कर लें. मिक्सर जार में भुनी हुई चना दाल, भुनी मूंगफली, हरी मिर्च, अदरक, इमली का गूदा और नमक डालें. थोड़ा पानी मिलाकर पीस लें. इसके बाद राई, कड़ी पत्ता और हरी मिर्च का तड़का लगाकर चटनी में मिला दें. यह चटनी इस नाश्ते का स्वाद कई गुना बढ़ा देती है.
ऐसे तैयार करें सॉफ्ट बैटर
भीगी हुई ब्रेड और छाछ के मिश्रण को मिक्सर में डालें. इसमें एक कप बारीक सूजी और स्वादानुसार नमक डालकर पीस लें. तैयार बैटर को एक बर्तन में निकालें और इसमें बारीक कद्दूकस की हुई गाजर डाल दें. चाहें तो बारीक कटी पालक भी मिला सकते हैं. ध्यान रखें कि ऐसी सब्जियां न डालें जो ज्यादा पानी छोड़ती हों. अब इसमें थोड़ा बेकिंग सोडा मिलाएं और धीरे-धीरे चावल का आटा डालते हुए नरम डो तैयार करें. आखिर में हाथ पर थोड़ा तेल लगाकर मिश्रण को एक बार अच्छी तरह मसल लें.
स्टीम करने से बनेगा कम तेल वाला हेल्दी नाश्ता
इस रेसिपी का सबसे खास हिस्सा इसकी स्टीमिंग है. तैयार डो से छोटी-छोटी लोइयां बनाकर हल्का दबा दें. एक बर्तन में पानी उबालें और उसके ऊपर छलनी रखकर इन बॉल्स को स्टीम करें. इससे ये अंदर तक अच्छी तरह पक जाएंगी और ज्यादा तेल की जरूरत भी नहीं पड़ेगी. इसके बाद एक कड़ाही में थोड़ा सा तेल गर्म करें. इसमें राई, सफेद तिल, कड़ी पत्ता, हरी मिर्च, हींग और थोड़ा सांभर मसाला डालकर हल्का भून लें. अब स्टीम की हुई बॉल्स इसमें डालकर दो से तीन मिनट तक चलाएं. आखिर में हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें.
ऐसे करें सर्व
यह नाश्ता गर्मागर्म परोसने पर सबसे ज्यादा स्वादिष्ट लगता है. मूंगफली और चना दाल की चटनी के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है, अगर चाहें तो ऊपर से थोड़ा नींबू का रस भी डाल सकते हैं. कम तेल में बनने वाली यह डिश बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आ सकती है.