इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स से बेहद नाराज और निराश हैं। कार्स पर डर्बी शहर के एक नाइटक्लब के बाहर हुई घटना को लेकर जांच चल रही है। जो रूट ने अभी हाल ही में दोबारा टीम की कप्तानी संभाली है। उन्होंने साफ कहा कि खिलाड़ियों की मैदान से बाहर की जाने वाली ऐसी बेवकूफी भरी हरकतों से वह बहुत तंग आ चुके हैं। नाइट क्लब विवाद के बाद कार्स को 27 अगस्त से पाकिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच की टीम से बाहर कर दिया गया है।
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें ब्रायडन कार्स को हथकड़ी लगी हुई दिख रही थी। इसके बाद इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने मामले को क्रिकेट रेगुलेटर के पास भेजा, जो अब इस पूरी घटना की जांच कर रही है। इस विवाद के चलते कार्स को इंग्लैंड की टीम से बाहर कर दिया गया है और उनकी जगह युवा गेंदबाज सॉनी बेकर को टीम में शामिल किया गया है। कार्स को पहले टेस्ट मैच में खेलने का मौका नहीं मिला था।
जो रूट ने ब्रायडन कार्स वाले विवाद पर क्या कहा?
मंगलवार (25 अगस्त) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जो रूट ने खुलकर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि अगर मैं बिल्कुल साफ-साफ कहूं, तो मैं इस बात से बहुत ज्यादा नाराज और निराश हूं। पिछले हफ्ते टीम के इतने शानदार प्रदर्शन के बाद, अब हम यहां बैठकर किसी ऐसी चीज पर बात कर रहे हैं जिसका क्रिकेट से कोई लेना-देना ही नहीं है।
जो रूट ने आगे कहा कि मेरी ब्रायडन से बात हुई है। जब मुझे इस घटना का पता चला, तो मेरी सबसे बड़ी चिंता खुद उनको लेकर थी। मुझे लगता है कि यह कहना गलत नहीं होगा कि वह इस बात से बहुत दुखी हैं, उन्हें अपने किए पर पछतावा है और वह अपनी गलती अच्छी तरह समझते हैं। जब भी उन्हें मौका मिलेगा, मुझे पूरा यकीन है कि वह खुद सामने आकर यह बात कहेंगे। लेकिन मामला सिर्फ इस एक घटना का नहीं है। असली परेशानी यह है कि हम मैदान से बाहर बार-बार ऐसी बेवकूफी वाली गलतियां दोहरा रहे हैं जिससे मैं तंग आ चुका हूं।
स्टोक्स और एटकिंसन भी फंस चुके हैं नाइटक्लब विवाद में
इंग्लैंड की शराब और देर रात की पार्टियों से जुड़ी बहस का सबसे बड़ा विवाद जून में सामने आया। न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में पहला टेस्ट जीतने के बाद बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन रात में बाहर गए। इसी दौरान इंग्लैंड के सुरक्षा दल के एक सदस्य से जुड़ी कथित मारपीट की घटना सामने आई। स्टोक्स और एटकिंसन को जांच के कारण दूसरे टेस्ट से बाहर रखा गया। बाद की जांच में पाया गया था कि स्टोक्स और एटकिंसन ने किसी नियम का उल्लंघन नहीं किया था।
यह भी पढ़ें
ऋषभ पंत की चोट पर कोच मोर्ने मोर्केल ने दिया बड़ा अपडेट, बताया कब करेंगे मैदान पर वापसी
ईशान किशन का मैच जीतने के बाद बड़ा बयान, कहा- लोग नहीं मानते लेकिन मुझे रेड बॉल क्रिकेट बहुत पसंद है